देवरिया में गोवंश तस्कर गिरफ्तार, छह पशु बरामद

गौरव कुशवाहा
देवरिया। जनपद में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक विक्रान्त वीर के निर्देशन में गुरुवार को थाना बरहज पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी। पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान गोवंश तस्करी में लिप्त एक तस्कर को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से छह गोवंशीय पशु और एक पिकअप वाहन बरामद किया गया है।
थाना बरहज पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक पिकअप वाहन में अवैध रूप से गोवंशीय पशुओं की तस्करी की जा रही है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने रगड़गंज पैना मार्ग स्थित भड़सरा मोड़ के पास घेराबंदी की और संदिग्ध वाहन को रोक लिया। तलाशी के दौरान पुलिस ने वाहन संख्या UP 50 DT 6318 में छह गोवंशीय पशु बरामद किए। आरोपी पशुओं को अत्यंत अमानवीय स्थिति में बिहार ले जा रहा था, जिससे उनके जीवन पर गंभीर संकट उत्पन्न हो गया था।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान विश्वजीत चौहान पुत्र मुन्ना लाल चौहान निवासी सुरही बुजुर्ग थाना सरायमीर जनपद आजमगढ़ के रूप में हुई। पूछताछ में आरोपी ने गोवंश तस्करी में संलिप्त होने की बात स्वीकार की। इसके साथ ही पुलिस ने यह भी जानकारी दी कि आरोपी विश्वजीत चौहान का आपराधिक इतिहास पहले से ही दागदार रहा है। उसके खिलाफ सरायमीर थाना में पूर्व में पाक्सो एक्ट के तहत गंभीर आरोपों में मुकदमे दर्ज हैं। वर्ष 2024 में उस पर मु0अ0सं0 211/2024 के अंतर्गत धारा 354/506 भादवि व 7/8 पाक्सो एक्ट और मु0अ0सं0 335/2024 के अंतर्गत धारा 323/34/354(क) भादवि के तहत अभियोग पंजीकृत हैं। अब गोवध निवारण अधिनियम और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत भी उसे गिरफ्तार किया गया है।
बरहज पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना स्थानीय में मु0अ0सं0 069/2025 धारा 3/5A/8 गोवध निवारण अधिनियम व 11 पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। बरामद छह गोवंशीय पशुओं को सुरक्षित स्थान पर भेजकर उनके उचित देखभाल की व्यवस्था कराई गई है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उप निरीक्षक अंकित यादव, कांस्टेबल सियाराम यादव, राहुल यादव, दीपक यादव और विश्वजीत यादव शामिल रहे।