जिलाधिकारी ने विभिन्न विकास कार्यों का किया निरीक्षण
कुशीनगर। जिलाधिकारी रमेश रंजन व मुख्य विकास अधिकारी गुंजन द्विवेदी द्वारा आज कसया, हाटा एवं सुकरौली में विभिन्न विकास कार्यो का स्थलीय निरीक्षण किया गया। इस क्रम ने सर्वप्रथम जिलाधिकारी महोदय ने कौशल विकास मिशन अंतर्गत जी0 आई0 टी0 एम0 कसया में प्रशिक्षण सत्र का निरीक्षण किया। विभिन्न पाठ्यक्रमों के प्रशिक्षणार्थियों से वे मिले, विभिन्न पाठ्यक्रमों की जानकारी, समय सारणी, उपस्थिति पंजिका की जानकारी ली गई तथा प्रशिक्षणोपरांत रोजगार की संभावनाएं व विभिन्न कंपनियों या संस्थानों में प्लेसमेंट की स्थिति भी जानी गयी। परियोजना अधिकारी डूडा वेद प्रकाश यादव द्वारा बताया गया कि कौशल विकास मिशन के अंतर्गत प्रशिक्षणार्थियो को विभिन्न रोजगारपरक कोर्स में प्रशिक्षण दिया जाता है, तथा प्रशिक्षणोपरांत प्लेसमेंट भी कराया जाता है। इस दौरान जिलाधिकारी ने प्रशिक्षक से बातचीत, विगत वर्ष प्लेसमेंट की स्थिति आदि की भी जानकारी ली तथा प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य रोजगार तथा आय सृजन को बताया।
तत्पश्चात जिलाधिकारी तहसील हाटा के डुमरी सवागीपट्टी में आर0 आर0 सी0 सेंटर पर निर्मित सोकपिट, नाली, वर्मी कम्पोस्ट का निरीक्षण करने पहुंचे। वहां कूड़ा एकत्रीकरण, ई रिक्शा, सफाईकर्मी, आदि की जानकारी ली गयी। निरीक्षण के क्रम में आर आर सी पर गोबर की जगह पहले से तैयार खाद को रखने के कारण ग्राम सचिव के निलंबन के निर्देश दिए। फिर जिलाधिकारी ने लक्ष्मीपुर (हाटा) में मत्स्य तालाब का निरीक्षण किया और पट्टाधारक से मछली के बीज, प्रजाति, आय सृजन आदि की जानकारी ली।
तत्पश्चात जिलाधिकारी महोदय एन0 एच0 28 घोरटप होते हुए बलेश्वर चौराहा मार्ग का निरीक्षण करने पहुंचे। लोक निर्माण विभाग द्वारा निर्मित सड़क का स्थलीय निरीक्षण किया गया। फिर जिलाधिकारी व मुख्य विकास अधिकारी ढाढा में वन विभाग की नर्सरी का निरीक्षण करने पहुंचे। उपस्थित प्रभागीय वन अधिकारी अनिल कुमार श्रीवास्तव ने वैन विभाग द्वारा विभिन्न किस्म के पौधे की जानकारी दी गयी। नर्सरी में विकसित पौधों के वितरण, मियावकी वन हेतु पौधरोपण आदि स्थितियों की जानकारी ली गयी।
फिर जिलाधिकारी द्वारा मंझरिया माता मंदिर, रामपुर सोहरौना, सुकरौली का निरीक्षण किया गया ऐतिहासिक व पर्यावरण की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थल को इको टूरिज़्म के तहत विकसित करने के निर्देश दिए गए। पास स्थित मंझरिया ताल के सौंदर्यीकरण, नौकायन हेतु बोट, लाइफ जैकेट आदि की व्यवस्था हेतु उपजिलाधिकारी हाटा वरुण पांडेय को निर्देशित किया गया, तथा आस पास के स्थलों के भी विकास के निर्देश खण्ड विकास अधिकारी सुकरौली को दिए गए। इस क्रम में विद्युत व्यवस्था हेतु अधिशासी अभियंता विद्युत हाटा को निर्देशित किया गया।
तत्पश्चात विकास खण्ड सुकरौली सभागार में विद्युत सखी, स्वयं सहायता समूह की महिलाओं, पंचायत सहायक, स्वस्थ्यकर्मीयो के साथ समीक्षा बैठक की गई। बैठक में आयुष्मान कार्ड व ग्रामीण इलाकों में विद्युत कनेक्शन हेतु दिए आवश्यक निर्देश दिए गए। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग के कार्यो की भी हुई समीक्षा हुई, जिसमे गर्भवती माताओं हेतु जांच, प्रधानमंत्री मातृत्व योजना आदि के संदर्भ में प्रगति जानी गयी। बैठक में ए एन एम व महिला स्वास्थ्यकर्मियों से गर्भवती महिलाओं के नियमित जांच, विभिन्न प्रकार के जांच यथा हीमोग्लोबिन, यूरिन, आदि की जांच, वी एच एस एन डी सत्र की स्थिति आदि के संदर्भ में जानकारी ली गयी व उन्हें प्रदर्शन में सुधार हेतु तथा नियमित तौर पर गर्भवती महिलाओं की जांच हेतु निर्देशित किया गया। पंचायत सहायकों से आयुष्मान कार्ड बनाये जाने की प्रगति में तीव्रता लाने का निर्देश दिया गया, लापरवाही पर कार्यवाही किये जाने का भी निर्देश दिया गया। बैठक में जिलाधिकारी व मुख्य विकास अधिकारी ने ग्रामीण क्षेत्रो में शत प्रतिशत विद्युत कनेक्शन हेतु निर्देश दिए।