डीएम साहब बेटा नहीं दे रहा खाना, जमीन भी करवा ली अपने नाम…
बहराइच। जिलाधिकारी के जनता दर्शन में जमुना कला गांव निवासी 90 वर्षीय वृद्ध महिला पहुंची। उसने फफकते हुए डीएम को अपनी पीड़ा बताई। महिला ने कहा कि बेटा आर्थिक और मानसिक रूप से पीड़ित कर रहा है खाना भी नहीं दे रहा है। इस पर डीएम ने महिला का स्वास्थ्य परीक्षण करवाते हुए एसडीएम और सीओ को कार्रवाई के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र द्वारा बुधवार को जनता दर्शन लगाया गया। डीएम लोगों की समस्याएं सुन रहे थे। तभी विशेश्वरगंज थाना क्षेत्र के ग्राम जमुनहा कला निवासी वयोवृद्ध निराश्रित महिला शान्ती देवी पत्नी राम छबीले ने अपनी समस्या रखी।
डीएम को बताया कि उसका पुत्र मनीराम उसे अपशब्द कहता है।शारीरिक, मानसिक व आर्थिक रूप से प्रताणित भी करता है। वृद्ध महिला ने डीएम को बताया कि उसके पुत्र ने उसके नाम की ज़मीन भी उसने कूटरचित तरीके से अपने नाम कर ली है। उसका बेटा उसे खाना-पानी भी नहीं देता है। शान्ती देवी द्वारा अपने पुत्र मनीराम के विरूद्ध प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कराकर कार्रवाई की फरियाद की।
जनता दर्शन में पहुॅची वयोवृद्ध निराश्रित महिला की न सिर्फ डीएम ने फरियाद सुनी बल्कि सम्मान के साथ बैठाकर सर्वप्रथम कुशलक्षेम पूछा व जलपान कराया तथा मुख्य चिकित्सा अधिकारी से वार्ता कर महिला के स्वास्थ्य की जांच भी करायी। महिला द्वारा प्रस्तुत किये गये प्रार्थना-पत्र के सम्बन्ध में डीएम ने उप जिलाधिकारी व पुलिस क्षेत्राधिकारी पयागपुर को निर्देश दिया है कि तत्काल मौके की जांच कर पुत्र को डीएम कार्यालय में तलब किया।
जिलाधिकारी ने घर तक जाने का किराया देकर वयोवृद्ध महिला को रूखसत करते हुए आश्वस्त किया कि शीघ्र ही उसके समस्या का निराकरण करा दिया जाएगा। इस अवसर पर एडीएम अनिरूद्व प्रताप सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ एसके सिंह सहित अन्य सम्बन्धित मौजूद रहे।