गोंडा : पूर्व सीएम अखिलेश यादव के कार्यक्रम में फटा गुब्बारा, दो युवक झुलसे
गोंडा। पूर्व सीएम अखिलेश यादव के कार्यक्रम में शनिवार को गुब्बारा फटने से दो झुलस गए। दोनों को इलाज के लिए निजी अस्पताल में ले जाया गया है। हालांकि युवक कहां के रहने वाले हैं इसकी जानकारी नहीं मिल सकी है।
दरअसल पूर्व मुख्यमंत्री और सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव शनिवार को पार्टी जिलाध्यक्ष की बेटी की शादी में शामिल होने हेलीकॉप्टर से गोंडा पहुंचे थे। जमुनियाबाग में बने हेलीपैड पर उनका हेलिकॉप्टर उतरना था। हेलिकॉप्टर देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग मैदान में जुटे थे। जैसे ही पूर्व सीएम का हेलीकॉप्टर उतरा वैसे ही मैदान पर लगाया गया एक गुब्बारा तेज आवाज के साथ फट गया।
इस गुब्बारे की चपेट में आकर वहां मौजूद दो युवक बुरी तरह से झुलस गए। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने आनन फानन में दोनों को वहां से हटाया। बताया जा रहा है कि गंभीर रूप से झुलसे दोनों युवकों को इलाज के लिए किसी निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। झुलसने वाले युवक कहां के रहने वाले हैं इसकी जानकारी नहीं हो सकी है।