उत्तर प्रदेशबड़ी खबरवाराणसी

काशी की धरती पर आज उतरेगा देवलोक, दशाश्वमेध घाट की महाआरती में 70 देशों के राजदूत संग शामिल होंगे सीएम योगी

वाराणसी: धरती का जन्नत यानी स्वर्ग कश्मीर को कहा जाता है, लेकिन अगर आज आप को स्वर्ग की अनुभूति करनी है तो धर्म नगरी काशी आना होगा. यहां देव दीपावली के शुभ अवसर पर काशी के अर्धचंद्राकार घाटों पर जब दीपों की माला पहने हुए मां गंगा का श्रृंगार होता है तो अद्भुत छठा होती है. इस अलौकिक दृश्य को देखने बड़ी संख्या में भारतीय और विदेशी मेहमान आते हैं. ये भव्य नजारा आज दिखेगा.

देव दीपावली पर जलेंगे 12 लाख दीये

अयोध्या की दिवाली के बाद आज काशी की देव दीपावली मनाई जाएगी. कहा जाता है की इस दिन खुद भगवान देव दीपावली मनाने स्वर्ग से काशी के घाटों पर आते हैं. योगी सरकार देव दीपावली को भव्य बनाने के लिए 12 लाख दीपों से घाटों को रोशन करेगी. इनमें एक लाख दीप गाय के गोबर के बने हुए हैं.

सीएम योगी आदित्यनाथ भी आएंगे

इस खास पर्व के लिए इंतजाम भी खास किए गए हैं. गंगा घाटों पर साफ-सफाई के साथ ही तिरंगा स्पायरल लाइटिंग से शहर और घाटों को सजाया गया है. आज देव दीपावली पर 8 से 9 लाख पर्यटकों के काशी आने की संभावना है. यहां घाटों के साथ ही शहर की सुरक्षा के लिए कड़े इंतजाम किये गए हैं. इस बार देव दीपावली देखने के लिए 70 देशों के राजदूत, डेलीगेट्स और परिवार के लोग भी शामिल हो रहे हैं. यहां सीएम योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में मेहमान देव दीपावली देखेंगे.

गंगा पार भी दीपक होंगे रोशन

उत्तरवाहिनी गंगा के तट पर 85 घाटों की श्रृंखला पर इस साल योगी सरकार की ओर से 12 लाख और जन सहभागिता से मिलकर कुल लगभग 21 लाख से अधिक दीप काशीवासी घाटों, कुंडों, तालाबों और सरोवरों पर जलाए जाएंगे. गंगा पार रेत पर भी दीपक रोशन किए जाएंगे. काशी के घाटों के इस अद्भुत दृश्य को देखने देश-विदेश से पर्यटक भी आते हैं. काशी विश्वनाथ धाम के लोकार्पण के बाद पर्यटकों की रिकॉर्ड आमद हुई है. देव दीपावली पर होटल, गेस्ट हाउस, नाव, बजड़ा, बोट और क्रूज लगभग पहले से बुक व फुल हो गए हैं.

विश्वनाथ मंदिर को 8 टन फूलों से सजाया गया

सरकार चेत सिंह घाट पर लेजर शो कराएगी. काशी के घाटों के किनारे सदियों से खड़ी ऐतिहासिक इमारतों पर धर्म की कहानी लेजर शो के माध्यम से जीवंत होती दिखेगी. पर्यटक गंगा पार रेत पर शिव के भजनों के साथ क्रैकर शो का भी आनंद ले सकेंगे. श्री काशी विश्वनाथ मंदिर को विशाखापट्टनम के एक भक्त द्वारा 8 टन फूलों से सजाया जा रहा है. गंगा द्वार पर लेजर शो के माध्यम से श्री काशी विश्वनाथ धाम पर आधरित काशी का महत्व और कॉरिडोर के निर्माण संबंधित जानकारी लेजर शो के माध्यम से दिखाई जाएगी.

सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

वाराणसी की देव दीपावली विश्व विख्यात हो चुकी है. इसे देखने विश्व भर के पर्यटक आते हैं. इसलिए काशी के घाटों को रंगोली, फसाड लाइट व झालरों से सजाया गया है. पर्यटकों की सुरक्षा के लिए पुख्ता इंतजाम किया गया है. ड्रोन उड़ान पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है, जिले की सीमा पर भी चौकसी बरती जाएगी. घाटों पर वाच टावर से निगरानी रखी जाएगी. पर्यटकों की भारी संख्या को देखते हुए अस्पतालों में बेड रिजर्व कर चिकित्सकों की टीम को अलर्ट रखा गया है.

श्रद्धालुओं का निःशुल्क होगा उपचार

गंगा में फ्लोटिंग डिवाइडर बनाए जाएंगे. नाविकों को निर्धारित पर्यटकों को बैठाने व लाइफ जैकेट पहनने की हिदायत दी गई है. एनडीआरएफ की 8 टीमों को विभिन्न घाटों पर बचाव उपकरणों, मेडिकल टीम वाटर एंबुलेंस के साथ विभिन्न घाटों पर श्रद्धालुओं के लिए निःशुल्क उपचार व्यवस्था रहेगी. जल पुलिस के जवान गंगा में तैनात रहेंगे. श्रद्धालुओं और पर्यटकों की भारी भीड़ के अनुमान से ट्रैफिक डायवर्जन व पार्किंग सुनिश्चित कर दिया गया है.

70 देशों के राजदूत देखेंग देव दीपावली

देव दीपावली पर साक्षी बनने के लिए 70 देशों के राजदूत काशी आएंगे. इनके साथ ही 150 विदेशी डेलीगेट्स और परिजन भी देव दीपावली का दिव्य नजारा देखेंगे. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इनका स्वागत करेंगे. मेहमान दोपहर बाद एयरपोर्ट से नमो घाट आएंगे. यहां से क्रूज पर सवार होकर देव दीपावली के भव्य नजारे को कैद करेंगे. भारतीय परंपरानुसार एयरपोर्ट पर मेहमानों का स्वागत होगा. वहीं एयरपोर्ट समेत विभिन्न स्थानों पर लोक कलाकार सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए जाएंगे. स्वागत के लिए रास्तों और चौराहों को सजाया जा रहा है. विदेशी मेहमान लेजर और क्रैकर शो का भी लुफ्त उठाएंगे. क्रूज पर मेहमान बनारसी खानपान और कुल्हड़ वाली चाय की भी चुस्की लेंगे.

महाआरती में दिखेगी राम भक्ति और राष्ट्रवाद की झलक

आध्यात्मिकता के साथ राष्ट्रवाद व सामाजिकता की भी झलक देव दीपावली में दिखेगी. दशाश्वमेध घाट की आरती रामलला को समर्पित होगी. यहां रामलला व राम मंदिर की झलक मिलेगी. दशाश्वमेध घाट पर गंगा सेवा निधि द्वारा अमर जवान ज्योति की अनुकृति को अंतिम रूप दिया जा रहा है. भारत के अमर वीर योद्धाओं को ‘भगीरथ शौर्य सम्मान’ से सम्मानित भी किया जाता है. 21 अर्चक व 51 देव कन्याएं रिद्धि-सिद्धि के रूप में दशाश्वमेध घाट पर महाआरती करेंगी, जो नारी शक्ति का भी संदेश देंगी. घाटों पर छत्रपति शिवजी महाराज के चित्रों के जरिए संदेश देंगी तो वहीं गुरुनानक देव की जयंती प्रकाश उत्सव पर उनसे चित्रों का प्रदर्शन दिखेगा.

देव दीपावली का धार्मिक महत्व

दीपावली के 15 दिन बाद कार्तिक पूर्णिमा पर देवताओं की दीपावली होती है. ऐसी मान्यता है कि इस पर्व को मनाने के लिए देवता स्वर्ग से काशी के पावन गंगा घाटों पर अदृश्य रूप में अवतरित होते हैं और महाआरती में शामिल श्रद्धालुओं के मुक्ति का मार्ग प्रशस्त करते हैं. ये पर्व काशी की प्राचीन संस्कृति का खास अंग है. देव दीपावली का वर्णन शिव पुराण में मिलता है कि जब कार्तिक मास में त्रिपुरासुर नामक राक्षस ने देवताओं पर अत्याचार शुरू किया और उनको मारने लगा तब भगवान शिव ने इस क्रूर राक्षस का वध इसी दिन किया था और देवताओं ने दीपावली मनाई थी.

सभी धाटों पर जगमगाएंगे दीपक

वहीं ऐसी भी मान्यता है कि काशी नरेश ने अपने शहीद सैनिकों के लिए घाटों पर दीप प्रज्ज्वलन की प्रथा शुरू की थी. घाटों पर गंगा की महाआरती में लोग मानों आस्था के समुंद्र में गोते लगाते हैं. पंच गंगा घाट से शुरू हुई देव दीपावली का दीप आज काशी के सभी घाटों पर जगमगाने लगी है. कार्तिक मास के इस दिन दीप दान करने से पूर्वजों को तो मुक्ति मिलती है और साथ में ही दीपदान करने वाले श्रद्धालु को भी मोक्ष का मार्ग मिलता है. कार्तिक मास को भगवान विष्णु की आराधना का माना जाता है, लेकिन भगवान शिव को विष्णु और मां गंगा अति प्रिय हैं. काशी शिव की नगरी कहलाती है, इसलिए इस महाआरती के दिन लाखों श्रद्धालु इस अलौकिक पल का हिस्सा बनना चाहते हैं.

Khwaza Express

Khwaza Express Media Group has been known for its unbiased, fearless and responsible Hindi journalism since 2008. The proud journey since 16 years has been full of challenges, success, milestones, and love of readers. Above all, we are honored to be the voice of society from several years. Because of our firm belief in integrity and honesty, along with people oriented journalism, it has been possible to serve news & views almost every day since 2008.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button