उत्तर प्रदेशलखनऊ

लखनऊ के डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी सिविल अस्पताल की पैथोलॉजी में लगी आग, मरीजों की मची भगदड़

लखनऊ : हजरतगंज स्थित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी सिविल अस्पताल की पैथोलॉजी में मंगलवार को आग लग गई. आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है. करीब 1:30 बजे सिविल अस्पताल की पैथोलॉजी में अचानक से धुआं भरने लगा. धुआं बढ़ता होता देख पैथोलॉजी में मौजूद लोग बाहर की ओर भागने लगे. अस्पताल के सीएमएस डॉ. राजेश कुमार श्रीवास्तव को जब इस बात की सूचना मिली. तो वे भी अस्पताल के कुछ कर्मचारियों के साथ आननफानन पैथोलॉजी की तरफ पहुंचे. जहां पर लगातार धुआं तेजी से बढ़ रहा था. ऐसे में तुरंत सभी ने मिलकर पैथोलॉजी के शीशे तोड़े. साथ ही दमकल टीम को सूचित किया गया. मौके पर पहुंची दमकल की टीम ने आग पर काबू पा लिया है.

आग लगने के समय चल रही थी ओपीडी : निशातगंज के रहने वाले सचिन कुमार ने बताया कि ऑपरेशन थिएटर (ओटी) में उनका मरीज ऑपरेशन के लिए गया हुआ था. इस दौरान अचानक से भगदड़ मची पता चला कि पैथोलॉजी में आग लग गई है. जिस समय आग लगी उसे समय ओपीडी चल रही थी और पैथोलॉजी भी चल रही थी. पैथोलॉजी में बहुत से मरीज जांच करने के लिए खड़े हुए थे.

प्रथम तल पर ही है प्रशासनिक ऑफिस, ओटी और पैथोलॉजी : प्रथम तल पर पैथोलॉजी से सटा हुआ ऑपरेशन थिएटर है. इसके अलावा अस्पताल प्रशासन का ऑफिस भी है. जहां पर सीएमएस, एमएस और डायरेक्टर का केबिन हैं. इनके बगल में वार्ड है. वार्ड में भर्ती मरीजों के तीमारदार बाहर निकलकर टहलने लगे. इस दौरान अचानक से भगदड़ शुरू हो गई. किसी को कुछ खबर नहीं थी कि लोग इधर-उधर क्यों भाग रहे हैं फिर थोड़ी ही देर में जब धुआं पूरे परिसर में फैल गया. तब लोगों को आग लगने की जानकारी हुई. आग लगने की जानकारी होते ही मरीजों में दहशत फैल गई और जल्दी-जल्दी सीढ़ियों से उतरने लगे. अस्पताल प्रशासन ने तुरंत पैथोलॉजी को खाली कराया और प्रथम तल को खाली कर दिया था. थोड़ी ही देर में दमकल की टीम आई और आग बुझाई. कुछ लोगों का कहना है कि दमकल आने से पहले ही अस्पताल प्रशासन ने आग पर काबू पा लिया था.

सिविल अस्पताल के सीएमएस डॉ. राजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि करीब 1:30 बजे सूचना मिली कि पैथोलॉजी में आग लग गई है और धुआं भरना शुरू हो गया है. जैसे ही सूचना प्राप्त हुई तुरंत हजरतगंज दमकल विभाग को सूचित किया गया. इसके बाद कुछ कर्मचारियों के साथ पैथोलॉजी पहुंचे और वहां पर काफी धुआं भरा हुआ था. बिना देरी किए पैथोलॉजी के शीशों को तोड़ दिया गया ताकि धुआं बाहर जा सके. थोड़ी ही देर में दमकल की टीम फायर ब्रिगेड के साथ अस्पताल आ चुकी थी, तुरंत उन्होंने आग पर काबू पाया. किसी भी तरह की कोई जनहानि नहीं हुई है जैसे ही आपकी सूचना प्राप्त हुई थी तुरंत पैथोलॉजी और प्रथम तल को खाली कर दिया गया था. उन्होंने कहा कि आग लगने की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है. कुछ दिनों पहले ही फायर ब्रिगेड की टीम ने सिविल अस्पताल का निरीक्षण किया था. ऐसे में किसी तरह की कोई दिक्कत अस्पताल में नहीं थी. यह एक अनहोनी थी. शॉर्ट सर्किट कहीं भी हो सकता है. हालांकि स्थिति पर तुरंत सूझबूझ के साथ काबू पाया गया.

Khwaza Express

Khwaza Express Media Group has been known for its unbiased, fearless and responsible Hindi journalism since 2008. The proud journey since 16 years has been full of challenges, success, milestones, and love of readers. Above all, we are honored to be the voice of society from several years. Because of our firm belief in integrity and honesty, along with people oriented journalism, it has been possible to serve news & views almost every day since 2008.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button