उत्तर प्रदेशलखनऊ

सीएम योगी ने विकसित भारत ‘मोदी की गारंटी’ अभियान का किया शुभारंभ, कार्यकर्ताओं को दी शाबाशी, बोले-बूथ जीता तो सब जीते

लखनऊ। माहौल हमारे अनुकूल है, मोदी जी के 10 साल के काम, उनका नाम और नेतृत्व के साथ ही इस बार भगवान श्रीराम का भी आशीर्वाद हमारे साथ है। ऐसे में इस बार 80 में से 80 लोकसभा सीटें जीतने के संकल्प के साथ हमें आगे बढ़ना है। साथ ही यह भी ध्यान रखना है कि हम अति आत्मविश्वास में ना रहें। हमें अपनी बूथ संरचना को और सुदृढ़ करते हुए जनता के साथ बेहतर संवाद को और अधिक प्रगाढ़ करना है। याद रहे राजनीतिक दलों के व्यवहार और कार्यपद्धति को जनता हमेशा नोट करती है और वक्त आने पर जवाब भी देती है। पार्टी का प्रत्याशी मतलब कमल का फूल, हमें बस यही मानकर चलना है। ये बातें बुधवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बीजेपी प्रदेश कार्यालय में आयोजित विकसित भारत ‘मोदी की गारंटी’ पेटिका अभियान के शुभारंभ के दौरान कही।

पेटिका लेकर घर घर जाएंगे बीजेपी कार्यकर्ता

बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष चौधरी भूपेन्द्र सिंह और डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य सहित बीजेपी नेताओं की मौजूदगी में सीएम योगी ने इस अभियान को शुरू किया है। इसके अंतर्गत विकसित भारत ‘मोदी की गारंटी’ पेटिका को बीजेपी कार्यकर्ता घर-घर लेकर जाएंगे और आगामी लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा के संकल्प पत्र के लिए सुझाव मांगेंगे। इसके अलावा पार्टी की ओर से मिस्ड कॉल अभियान की भी शुरूआत की गई है। इसमें 9090902024 पर मिस्ड कॉल के जरिए भी पार्टी के संकल्प पत्र के लिए जनता से सुझाव आमंत्रित किये जाएंगे।

बूथ जीते तो सब जीते

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि चुनाव जीतने का एक ही तरीका है, हम अपने बूथ पर ध्यान दें। बूथ जीते तो सब जीते। बूथ पर हम जितना सशक्त और सामर्थ्यवान हैं, परिणाम उतना ही अनुकूल आएगा। हमारे संगठन का दायरा बढ़ा है। ऐसी स्थति में हमें भाजपा के पक्ष में 80 में से 80 सीटें प्राप्त करना है। उन्होंने कहा कि बीजेपी का कार्यकर्ता संकल्पित होकर आगे बढ़ेगा तो इस परिणाम को कोई रोक नहीं सकता।

जनता का शासन जनता के सुझावों से ही प्रारंभ होता है

मुख्यमंत्री ने कहा कि सच्चा लोकतंत्र वही है, जहां जनता का शासन, जनता के द्वारा, जनता के लिए होता है और जनता का शासन जनता के सुझावों से ही प्रारंभ होता है। उन्होंने कहा कि बीजेपी घोषणा पत्र नहीं, बल्कि संकल्प पत्र के साथ जनता के पास जाती है। जनता को जनार्दन के रूप में मान्यता देकर हम उसकी उपासना और सेवा करते हैं। जनता की अपेक्षाओं को अपने जीवन का संकल्प मानकर अगले 5 साल की कार्ययोजना बनाते हैं और उसी पर कार्य करते हैं। जनता से सुझाव प्राप्त करने के इसी अभियान का शुभारंभ आज से हो रहा है।

कार्यकर्ताओं ने आतिथ्य सत्कार का अद्भुद् उदाहरण प्रस्तुत किया

22 जनवरी 2024 के बाद प्रतिदिन देशभर से अयोध्या आ रहे हजारों की संख्या में बीजेपी कार्यकर्ताओं के सेवा-सत्कार के लिए मुख्यमंत्री ने प्रदेश भाजपा कार्यकर्ताओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि यूपी बीजेपी के कार्यकर्ताओं ने आतिथ्य सत्कार का अद्भुद् उदाहरण प्रस्तुत किया है। जब पूरे देश के बीजेपी कार्यकर्ता प्रधानमंत्री मोदी से ऊर्जा प्राप्त कर रहे हैं, ऐसे में यूपी के कार्यकर्ताओं को स्वत:स्फूर्त ऊर्जावान रहना चाहिए।

जनता के सुझाव को हमने सर्वोपरि माना

सीएम योगी ने कहा कि बीजेपी दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है। हमारे पास अपना तंत्र है, अपना स्वयं का संगठन है, विचार परिवार है, मोर्चे और प्रकोष्ठ हैं, शोध और प्रबंधन के प्रकोष्ठ हैं, इन सबके बावजूद जनता के सुझाव को हमने सर्वोपरि माना है। हम गांव-गांव में जाकर उनके महत्वपूर्ण सुझाव लेंगे। उनके महत्वपूर्ण प्रस्तावों को अपने संकल्पपत्र में शामिल करेंगे। ये काम हमें चुनाव की घोषणा से पहले करना है। हमें इसका लाभ जरूर प्राप्त होगा।

इस अवसर पर बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष चौधरी भूपेन्द्र सिंह, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, प्रदेश उपाध्यक्ष मोहित बेनीवाल, डॉ धमेन्द्र सिंह, संतोष सिंह, मीना चौबे, ओम प्रकाश श्रीवास्तव, डॉ पुष्कर मिश्र सहित बड़ी संख्या में भाजपा नेता मौजूद रहे।

अपने हर संकल्प को पूरा करती है भारतीय जनता पार्टी : प्रदेश अध्यक्ष

इस अवसर पर प्रदेश बीजेपी के अध्यक्ष चौधरी भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश को आत्मनिर्भर और विकसित भारत बनाने के लिए हम अपना संकल्प पत्र तैयार कर रहे हैं। इसके लिए हम जनता के बीच जाकर उनके सुझाव लेंगे। बीजेपी हमेशा अपने संकल्पों को पूरा करने के लिए जानी जाती है। हमने जो कहा उसे मोदी-योगी के नेतृत्व में पूरा किया है। हमारा कोई हिडेन एजेंडा नहीं, बल्कि हमारा हरदम ओपेन एजेंडा होता है। धारा 370 हो या श्रीराममंदिर का निर्माण, ये सभी बातें हमारे संकल्प पत्रों का हिस्सा रही हैं। हमारे सभी संकल्पों को मोदी-योगी के नेतृत्व में पूरा किया जा रहा है।

Khwaza Express

Khwaza Express Media Group has been known for its unbiased, fearless and responsible Hindi journalism since 2008. The proud journey since 16 years has been full of challenges, success, milestones, and love of readers. Above all, we are honored to be the voice of society from several years. Because of our firm belief in integrity and honesty, along with people oriented journalism, it has been possible to serve news & views almost every day since 2008.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button