पंजाब

सुख विलास होटल पंजाब के लोगों के खून पसीने से बना है, इससे पंजाब के खजाने को 108 करोड़ का चूना लगा: आप

आम आदमी पार्टी (आप) ने सुखविलास होटल मामले पर शिरोमणि अकाली दल के प्रधान सुखबीर बादल पर फिर से हमला बोला है। आप पंजाब के मुख्य प्रवक्ता मलविंदर सिंह कंग ने कहा कि बादल परिवार सरकारी सुविधाओं का आदतन लाभार्थी है।

चंडीगढ़ पार्टी मुख्यालय में एक प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित करते हुए मलविंदर कंग ने कहा कि बादलों ने हमेशा सत्ता का उपयोग अपने निजी फायदे के लिए और पारिवारिक व्यवसाय के लिए किया। सुख विलास होटल इसका सिर्फ एक उदाहरण है। ऐसा उन्होंने हर सरकारी विभाग में किया है।

कंग ने इसका उदाहरण भी दिया और कहा कि जब प्रकाश सिंह बादल ने 1977 में एसवाईएल नहर का नोटिफिकेशन जारी किया था तो बदले में उन्हें हरियाणा सरकार से गुड़गांव में फाइव स्टार होटल के लिए जमीन मिली।

1997 में जब उनकी सरकार ने SYL के अपग्रेडेशन कार्य किए, तो फायदे में बालासर के फार्म को ज्यादा से ज्यादा पानी दिया गया, ताकि उनकी खेती में कोई दिक्कत न हो।

इन लोगों ने गुरबाणी को भी नहीं छोड़ा। गुरु साहिब की वाणी के प्रचार प्रसार को भी इन्होंने सीमित कर दिया और इससे फायदा कमाया। इसका एकाधिकार उनके चैनल पीटीसी को दिया गया।

किसी और चैनल को इसके प्रसारण का अधिकार नहीं था। अगर और चैनलों को भी गुरबाणी के प्रसार का अधिकार मिलता था तो एसजीपीसी को करोड़ों रुपए मिलते।

इसी तरह इन्होंने अपना ट्रांसपोर्ट का व्यवसाय खड़ा किया। अपने फायदे के लिए वे एक ट्रांसपोर्ट पॉलिसी लेकर आए जिसमें प्राइवेट बसों पर कम टैक्स और सरकारी बसों पर ज्यादा टैक्स लगाया गया।

उस पॉलिसी में ट्रांसपोर्ट डिपार्टमेंट के तमाम नियमों की धज्जियां उड़ाई गई जिसका सीधा फायदा उनकी ट्रांसपोर्ट कंपनी को मिला। सुखविलास होटल मामले में भी इन्होंने सत्ता को अपने फायदे के लिए इस्तेमाल किया।

फॉरेस्ट कानूनों को ताक पर रखकर फाइव स्टार होटल बनाया और सरकार से टैक्स और बिजली बिल माफ करवा लिया जिससे पंजाब के खजाने को करीब 108 करोड़ का चूना लगाया। उन्होंने कहा कि सुखविलास होटल पंजाब के लोगों के खून पसीने से बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button