उत्तर प्रदेशबड़ी खबरलखनऊ

यूपी में लू-गर्मी का कहर; 24 घंटे में 52 मौतें, चुनाव ड्यूटी में तैनात 7 होमगार्ड्स, पोलिंग ऑफिसर-दरोगा, 3 कर्मचारियों ने तोड़ा दम

लखनऊ : यूपी में गर्मी कहर बरपा रही है. बीते 24 घंटे के अंदर 52 लोगों की मौत की सूचना है. कौशाम्बी में 24 घंटे के अंदर दो महिला समेत 9 लोगों की जान चली गई. मेडिकल कॉलेज के सीएमएस के मुताबिक, आशंका है कि इन लोगों की हीट स्ट्रोक से मौत हुई है. बलिया में भी 7 लोगों की गर्मी से मौत हो गई. इसके अलावा गाजीपुर में 6 लोगों की जान चली गई. वहीं सोनभद्र में तीन मतदान कर्मियों की मौत हुई. जबकि 9 मतदान कर्मी बीमार हैं, जिनका इलाज चल रहा है. जबकि बिजनौर में 1 सिपाही की मौत हुई है. इसके अलावा रायबरेली में ईवीएम की सुरक्षा में तैनात दरोगा की मौत हो गई. वहीं चंदौली में 20 चुनाव कर्मियों की हालत गर्मी के कारण बिगड़ गई, उनका इलाज चल रहा है. इसी तरह मिर्जापुर में 6 होमगार्ड ने गर्मी से दम तोड़ा, 20 जवान अस्पताल में भर्ती हैं. वाराणसी में एक पोलिंग ऑफिसर और एक होमगार्ड की मौत हो गई.

एंबुलेंस के चालक ने दी जानकारी (वीडियो क्रेडिट : ETV bharat)

हमीरपुर में लू से 3 महिलाओं समेत 6 लोगों की मौत

हमीरपुर में लू से तीन महिलाओं, एक बच्ची समेत आधा दर्जन से अधिक लोगों की मौत हो गई. भरुआ सुमेरपुर क्षेत्र में शुक्रवार को कैथी गांव निवासी अंशिका (5) पुत्री लक्ष्मी निषाद की लू की चपेट में आने से बुखार के बाद मौत हो गई. इसी तरह कस्बे के इमिलिया थोक में लू से तीन बुजुर्गों की मौत हो गई. इनमें शिवदेवी मिश्रा (70), रामअवतार तिवारी (75) व गायत्री वर्मा (65) शामिल हैं. इस तरह भौरा गांव में हरीशचंद्र निषाद के नवजात पुत्र ने दम तोड़ दिया. वहीं फतेहपुर में ट्रक चालक ने गर्मी से दम तोड़ दिया.

वाराणसी में पोलिंग ऑफिसर की मौत

वाराणसी में कैंट विधानसभा के नुआंव प्राथमिक विद्यालय के बूथ संख्या 345 के पोलिंग ऑफिसर फर्स्ट अब्दुल्लाह अंसारी की मौत हो गई. जगतपुर इंटर कालेज से रवाना की जा रही पोलिंग पार्टी के साथ बजरडीहा के मदरसे में कार्यरत सहायक अध्यापक अब्दुल्लाह अंसारी बस में ही बेहोश हो गए थे. सहकर्मी उन्हें निजी अस्पताल ले गए जहां डॉक्टर्स ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. वहीं लोहता में चुनाव ड्यूटी में आए होमगार्ड वीरपाल सिंह 52 वर्ष की भीषण गर्मी से मौत हो गई.

सोनभद्र में लू लगने से तीन मतदान कर्मियों की मौत

सोनभद्र में तेज तेज गर्मी और हीटवेव पर चलते तीन मतदान कर्मियों की मौत हो गई जबकि 8 मतदान कर्मी गंभीर रूप से बीमार हो गए हैं. 1 जून को रॉबर्ट्सगंज लोकसभा सीट के लिए मतदान होना है. इसको लेकर शनिवार को राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज लोढ़ी से पोलिंग पार्टियों रवाना हो रही थीं. 11 मतदान कर्मी रवाना स्थल पर ही बीमार हो गए, इनमें से दो लोगों की जिला अस्पताल में मौत हो गई, शेष 7 को जिला अस्पताल और दो को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया. बाद में निजी अस्पताल में भर्ती एक अन्य होमगार्ड की भी मौत हो गई. घटना के बाद जिलाधिकारी चंद्रविजय सिंह पहुंचे और उन्होंने घटना पर अफसोस जताते हुए दो मतदान कर्मियों के मौत की पुष्टि की. मतदान कर्मी नित्यानंद पांडे अनपरा क्षेत्र में क्लर्क के पद पर तैनात थे वहीं दूसरे मृतक की पहचान का प्रयास किया जा रहा है.

कौशांबी में 2 महिला समेत 9 की मौत (वीडियो क्रेडिट : ETV bharat)

चंदौली में 20 चुनाव कर्मियों की तबियत बिगड़ी

चंदौली में चुनाव ड्यूटी के लिए मुख्यालय स्थित नवीन मंडी पहुंचे 20 से ज्यादा चुनाव कार्मिकों की तबीयत अचानक बिगड़ गई. वहीं एक होमगार्ड की मौत हो गई. बीमार कार्मिकों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया. इसमे तीन की हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया. चिकित्सकों की मानें तो अत्यधिक गर्मी और धूप की वजह से कार्मिकों की तबीयत बिगड़ी. सूचना मीडिया के जरिये जिला निर्वाचन अधिकारी निखिल टी फुंडे को मिली. इस पर डीएम आननफानन में मौके पर पहुंचे. उन्होंने कार्मिकों को पानी पिलाया और तत्काल एंबुलेंस बुलवाकर जिला अस्पताल भेजा.

मिर्जापुर में चुनाव को संपन्न कराने आए 6 होमगार्ड समेत 12 लोगों की मौत

मिर्जापुर में अंतिम चरण के चुनाव को संपन्न कराने आए 6 होमगार्ड समेत 12 लोगों की गर्मी से मौत हो गई. मिर्जापुर लोकसभा सीट पर एक जून को मतदान होगा जिसको लेकर आज पॉलिटेक्निक ग्राउंड से पोलिंग पार्टी रवाना हो रही थी. इस दौरान भीषण गर्मी के कारण एक-एक करके चुनाव ड्यूटी में लगे होमगार्ड जवान गिरने लगे. आनन फानन में सभी को जिला मंडलीय अस्पताल के ट्रामा सेंटर पहुंचाया गया जहां पर इलाज के दौरान डॉक्टरों ने 6 जवानों को मृत्यु घोषित कर दिया. 3 अन्य कर्मचारियों की भी मौत हो गई. जबकि 20 होमगार्ड जवान अस्पताल में भर्ती हैं. पोलिंग पार्टी रवाना कर रहीं जिला निर्वाचन अधिकारी प्रियंका निरंजन और पुलिस अधीक्षक अभिनंदन ने सभी जवानों को पॉलिटेक्निक ग्राउंड से अस्पताल पहुंचवाया. मृतकों में बच्चा निवासी देहात कोतवाली मिर्जापुर, रामजिवावन यादव निवासी गोंडा, त्रिभुवन सिंह निवासी प्रयागराज, सत्य प्रकाश निवासी बस्ती, राम करन चिल्ह मिर्जापुर , कृष्ण कांत अवस्थी निवासी सड़वा देहात कोतवाली मिर्जापुर, शिव पूजन श्रीवास्तव निवासी गाजीपुर,रवि प्रकाश सफाई कर्मचारी निवासी चुनार,अवनीश पांडेय लखनपुर पांडेय प्रयागराज के रहने वाले थे. मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य आरबी कमल ने बताया कि जिला मंडलीय अस्पताल के ट्रामा सेंटर में इलाज के दौरान 6 होमगार्ड की मौत हो चुकी है. जो भी जवान आए थे उन्हें तेज बुखार था. बीपी और शुगर बढ़ा हुआ था. ब्रेनस्ट्रोक भी मौत के कारण हो सकता है. देर शाम गर्मी से मौत का आंकड़ा बढ़ गया और जिले में मौतों की संख्या 12 पर पहुंच गई.

रायबरेली में दरोगा की मौत

रायबरेली में गर्मी की वजह से शुक्रवार को एक दरोगा की मौत हो गई. दरोगा हृदय रोग से पीड़ित थे. मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही चल सकेगा. भदोही के मूल निवासी 58 वर्षीय दरोगा हरिशंकर की यहां के मिल एरिया थाने में तैनाती थी. मतदान के बाद यहां गोरा बाजार स्थित आईटीआई परिसर में ईवीएम के लिए स्ट्रॉन्ग रूम बनाया गया है. इसी स्ट्रॉन्ग रूम पर दरोगा हरिशंकर की तैनाती थी. तेज धूप और गर्मी के चलते रायबरेली का पारा चढ़ा तो दरोगा ने साथियों से उलझन की शिकायत की. साथी कुछ उपाय करते उससे पहले ही उनकी तबियत और ज्यादा बिगड़ गई, जिला अस्पताल में उनकी मौत हो गई.

कौशाम्बी में 9 की मौत

कौशाम्बी के संदीपन घाट थाना क्षेत्र के लालापुर निवासी राममिलन (35) पुत्र शीतल की लू लगने के कारण तबीयत बिगड़ गई. परिजन गंभीर हालत में उन्हें लेकर मंझनपुर स्थित मेडिकल कॉलेज पहुंचे. परिजनों के मुताबिक, इलाज शुरू होने के 15 मिनट बाद राममिलन ने दम तोड़ दिया. इसी तरह कड़ा धाम थाना क्षेत्र के निजाम का पुरा की रहने वाली सारिका बनो (70) पत्नी इच्छन हैदर भी नौतपा का शिकार हो गईं. मेडिकल कॉलेज में इलाज के लिए भर्ती कराया गया, जहां आधे घंटे बाद उनकी मौत हो गई. परिजनों के मुताबिक, करारी थाना क्षेत्र के अशोक नगर निवासी हीरालाल (70), कोखराज थाना क्षेत्र के रसूलपुर काजी गांव के रहने वाले जैनुद्दीन (60), पश्चिम शरीरा थाना क्षेत्र के बरुआ निवासी राकेश कुमार (50), सैनी थाना क्षेत्र के गनपा की रहने वाली कौशल्या देवी (32), सरायअकिल थाना क्षेत्र के चन्द्र प्रकाश मोदनवाल (60), महेवा घाट थाना क्षेत्र के शाहपुर निवासी जय बंधन (65) पुत्र झुरई को मेडिकल कॉलेज लाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. वहीं, राजस्थान के अलवर के रहने वाले अब्दुल गनी डीसीएम चालक थे, उनका शव मूरतगंज एक पेट्रोल पंप पर डीसीएम के अंदर पाया गया. डॉक्टर ने लू से मौत की आशंका जताई है.

सीएमएस डॉ. एसके शुक्ला ने बताया कि दो मरीज को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज लाया गया था. इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. उन्हें लू लगने की आशंका जताई जा रही है. इसके अलावा जो भी लोग अस्पताल ले गए, वह मृत अवस्था में थे. उनकी मौत की वजह स्पष्ट नहीं है. पीएम कार्रवाई के लिए संबंधित थाना पुलिस को सूचित किया गया है.

बलिया में 7 लोगों की मौत

बलिया में लगातार हो रही भीषण गर्मी से लोगों का जीना बेहाल हो गया है. प्रदेश के कई जिलों में हीटवेव से लोगों की जान भी जा चुकी है. वहीं, गुरुवार को जिले में भीषण गर्मी से 7 लोगों की मौत का मामला सामने आया है. एंबुलेंस शव वाहन के ड्राइवर रावत ने बताया कि गुरुवार को लगभग 6 डेड बॉडी लेकर जा चुके हैं. यह सातवीं डेड बॉडी लेकर जाने वाले हैं. सभी की मौत भीषण गर्मी की वजह से हुई है. सभी डेड बॉडी जिला चिकित्सालय के इमरजेंसी वार्ड से ले जा रहे हैं.

मामले की जानकारी होते ही मुख्य चिकित्सा अधिकारी वेद प्रकाश द्विवेदी ने आनन-फानन में जिला चिकित्सालय के इमरजेंसी वार्ड में पहुंचकर स्थिति की जानकारी ली. मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि जनपद बलिया के जिला चिकित्सालय में देर रात 10 बजे पहुंचने के बाद भर्ती मरीजों को देखा गया है. एक मरीज की स्थिति गम्भीर थी. वहां डॉक्टरों की टीम मौजूद है. इलाज चल रहा है. मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि कोई भी केस हीटवेव का नहीं है. चिकित्सालय में सभी भर्ती मरीजों का इलाज जारी है. कम से कम मरीजों को रेफर करने की सलाह दी गई है. जिला चिकित्सालय में सभी स्वास्थ्य व्यवस्थाएं मौजूद हैं. मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने जनपदवासियों से अपील करते हुए बताया कि बेहद धूप और उमस होने के कारण अनावश्यक घरों से न निकलें.

गाजीपुर में छह लोगों की मौत : आज गाजीपुर का अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया. मेडिकल कालेज के प्रिंसिपल आंनद मिश्रा के अनुसार बुखार, खासी,जुकाम, पेट दर्द के मरीज अस्पताल में आ रहे हैं. अब तक करीब 6 मरीजों की मौत हो चुकी है. गाजीपुर में पिछले करीब एक सप्ताह से हीटवेब का कहर है. किराएदार के रूप में रह रहे वृद्ध दंपत्ति को लेकर अस्पताल पहुची प्रियंका ने बताया कि वो हीटवेव से उनकी तबीयत बिगड़ गई. अपने नाना को अस्पताल लेकर पहुचे विशाल कुमार गुप्ता ने बताया कि यहां हर घंटे एक बुजुर्ग की मौत हो रही है.

बिजनौर में अत्यधिक गर्मी से सिपाही की ब्रेन स्ट्रोक से मौत

तेज गर्मी के चलते बिजनौर के रेहड़ थाने में बतौर चालक तैनात सिपाही की ब्रेन स्ट्रोक के चलते इलाज के दौरान मौत हो गई . सिपाही राकेश शर्मा की गुरुवार दोपहर गर्मी के चलते तबियत बिगड़ गई. पुलिस स्टाफ ने अफजलगढ़ पीएचसी में भर्ती कराया. जहां डॉक्टरों ने उन्हें ब्रेन स्ट्रोक बताते हुए मुरादाबाद हायर सेंटर रेफर कर दिया. परिजन राकेश को लेकर मुरादाबाद के विवेकानंद हॉस्पिटल पहुंचे, जहां आज सुबह राकेश शर्मा की इलाज के दौरान मौत हो गई.

Khwaza Express

Khwaza Express Media Group has been known for its unbiased, fearless and responsible Hindi journalism since 2008. The proud journey since 16 years has been full of challenges, success, milestones, and love of readers. Above all, we are honored to be the voice of society from several years. Because of our firm belief in integrity and honesty, along with people oriented journalism, it has been possible to serve news & views almost every day since 2008.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button