देशबड़ी खबर

देवेंद्र फडणवीस ने कांग्रेस पर साधा निशाना, बोले- राहुल की ‘गारंटी’ विफल हुई, महाराष्ट्र में भी नहीं चलेगी

महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव के दिन नजदीक आते जा रहे हैं। उससे पहले सत्ता पक्ष और विपक्ष के नेताओं के बीच वार-पलटवार का दौर जारी है। इस बीच, महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और बीजेपी के वरिष्ठ नेता देवेंद्र फडणवीस ने चुनाव से पहले कांग्रेस की ओर से गारंटी कार्ड लाने की योजना की आलोचना की। फडणवीस ने कहा कि यह प्रयोग राजस्थान और छत्तीसगढ़ में विफल रहा है। प्रदेश कांग्रेस के नेताओं ने कहा है कि लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पार्टी के चुनावी वादों वाला एक गारंटी कार्ड जारी करेंगे।

गारंटी कार्ड पर फडणवीस का हमला

देवेंद्र फडणवीस ने कहा, “राहुल गांधी के गारंटी कार्ड से कांग्रेस को राजस्थान और छत्तीसगढ़ में सत्ता बरकरार रखने में मदद नहीं मिली। उन्हें यह भी बताना चाहिए कि गारंटी कार्ड को तेलंगाना और हिमाचल प्रदेश में क्यों लागू नहीं किया जा रहा है। यह यहां भी विफल हो जाएगा।” आधिकारिक उम्मीदवारों के खिलाफ नामांकन दाखिल करने वाले बागियों से निपटने के लिए सत्तारूढ़ बीजेपी, शिवसेना, एनसीपी ‘महायुति’ गठबंधन की रणनीति पर फडणवीस ने कहा कि एनसीपी प्रमुख अजित पवार सहित गठबंधन के नेताओं ने इस मुद्दे पर मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के आवास पर एक बैठक की थी।

“बागी 4 नवंबर तक नामांकन वापस ले लेंगे”

बीजेपी नेता ने आगे कहा, “हमने सभी मुद्दों को सुलझा लिया है और आप देखेंगे कि कई बागी 4 नवंबर तक अपना नामांकन वापस ले लेंगे।” उन्होंने कहा कि वे बागियों के साथ चर्चा करेंगे और उनकी शिकायतों का निपटारा करेंगे। नाम वापसी की आखिरी तारीख 4 नवंबर है, जबकि वोटिंग 20 नवंबर को होगा। फडणवीस ने कहा, “महायुति उम्मीदवारों द्वारा जमा किए गए नामांकन पत्र स्वीकार किए गए हैं। हम 5 नवंबर से पूरे जोश के साथ अपना अभियान शुरू करेंगे।”

गोपाल शेट्टी को लेकर क्या बोले फडणवीस?

बोरीवली विधानसभा क्षेत्र से निर्दलीय चुनाव लड़ रहे पूर्व सांसद गोपाल शेट्टी के बारे में पूछे जाने पर देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि शेट्टी एक वफादार और ईमानदार पार्टी कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कहा, “हम उन्हें वापस लेने के लिए मनाने की कोशिश कर रहे हैं।” यह पूछे जाने पर कि अगर महायुति की सत्ता बरकरार रखती है, तो क्या वह एनसीपी नेता नवाब मलिक को अगली सरकार में शामिल करने के इच्छुक होंगे, इस पर फडनवीस ने कहा, “हमारी पार्टी मलिक के लिए प्रचार भी नहीं करेगी, इसलिए उन्हें मंत्री के रूप में शामिल करने का कोई सवाल ही नहीं है। हमारी पार्टी मलिक के खिलाफ चुनाव लड़ रहे शिवसेना उम्मीदवार के लिए प्रचार करने जा रही है।” बता दें कि नवाब मलिक मुंबई के मानखुर्द-शिवाजीनगर से अजित पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के आधिकारिक उम्मीदवार हैं। (भाषा)

Khwaza Express

Khwaza Express Media Group has been known for its unbiased, fearless and responsible Hindi journalism since 2008. The proud journey since 16 years has been full of challenges, success, milestones, and love of readers. Above all, we are honored to be the voice of society from several years. Because of our firm belief in integrity and honesty, along with people oriented journalism, it has been possible to serve news & views almost every day since 2008.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button