देवरिया में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चला जागरूकता अभियान

गौरव कुशवाहा
देवरिया। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित ‘मिशन शक्ति फेज-05’ अभियान के अंतर्गत शनिवार को जनपद देवरिया में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक विक्रान्त वीर के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी दीपेन्द्र नाथ चौधरी के पर्यवेक्षण में जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में ‘एंटी रोमियो’ स्क्वॉड और ‘मिशन शक्ति दीदी’ टीमों ने संयुक्त रूप से अभियान को गति दी।
इस अभियान के तहत थाना रुद्रपुर की ‘मिशन शक्ति दीदी’ महिला आरक्षी सोनम यादव ने अपने क्षेत्र की महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। उन्होंने महिलाओं को विभिन्न सरकारी हेल्पलाइन नंबरों जैसे- डॉयल-112, महिला हेल्पलाइन-181, वुमेन पावर लाइन-1090, चाइल्ड हेल्पलाइन-1098, सीएम हेल्पलाइन-1076, वन स्टॉप सेंटर-181, स्वास्थ्य सेवा हेल्पलाइन-102 और एम्बुलेंस सेवा-108 के उपयोग के बारे में विस्तार से बताया। उपस्थित महिलाओं को टेम्पलेट वितरित कर इन नंबरों को हमेशा याद रखने की सलाह दी गई।
इसी क्रम में थाना रामपुर कारखाना की ‘मिशन शक्ति दीदी’ आरक्षी रश्मि सिंह व करिश्मा सिंह तथा थाना भलुअनी की प्रियंका शुक्ला व अनुपमा तिवारी ने भी अपने-अपने थाना क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चलाया। उन्होंने स्कूल, कॉलेज, बाजार और सार्वजनिक स्थलों पर महिलाओं को आत्मनिर्भर और सुरक्षित रहने के उपाय बताए।
जनपद के सभी थानों की ‘एंटी रोमियो’ टीमें भी सक्रिय रहीं और भीड़भाड़ वाले इलाकों में संदिग्धों पर नजर रखते हुए महिलाओं को सुरक्षा का भरोसा दिलाया। पुलिस द्वारा वितरित किए गए टेम्पलेट में सभी हेल्पलाइन नंबर और सुरक्षा उपाय विस्तार से दिए गए हैं। पुलिस अधीक्षक विक्रान्त वीर ने बताया कि महिलाओं की सुरक्षा और उनके अधिकारों के प्रति जनजागरूकता ही ‘मिशन शक्ति’ का मुख्य उद्देश्य है। भविष्य में भी ऐसे जागरूकता अभियान निरंतर चलते रहेंगे।



