पुलिस का विशेष चेकिंग अभियान के तहत 998 वाहनों की जांच, किया 2.90 लाख रुपये के ई-चालान

गौरव कुशवाहा
देवरिया। जिले में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने और यातायात नियमों के उल्लंघन पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक विक्रान्त वीर के नेतृत्व में जनपदीय पुलिस ने सोमवार को विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इस अभियान में अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी अरविन्द कुमार वर्मा व दक्षिणी सुनील कुमार सिंह के कुशल पर्यवेक्षण में जनपद के सभी सर्किल अधिकारीगण और थानाध्यक्षों ने सहभागिता निभाई।
चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने सघन चेकिंग करते हुए मुख्य रूप से ई-रिक्शा, बिना ड्राइविंग लाइसेंस, फर्जी नंबर प्लेट वाले वाहन, बिना फिटनेस प्रमाण पत्र के चलने वाले वाहन, मोडिफाइड साइलेंसर लगाए दोपहिया वाहन और नाबालिग चालकों पर कार्रवाई की। तीन सवारी बिठाकर वाहन चलाने वालों पर भी विशेष नजर रखी गई।
पुलिस अधीक्षक विक्रान्त वीर ने स्पष्ट निर्देश दिए थे कि सड़क सुरक्षा को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसी निर्देश के अनुपालन में जनपद के समस्त थानों द्वारा अपने थाना क्षेत्रों में अभियान चलाते हुए 61 स्थानों पर चेकिंग प्वाइंट बनाए गए।
चेकिंग अभियान के दौरान कुल 1380 व्यक्तियों और 998 वाहनों की गहन जांच की गई। नियमों का उल्लंघन करने वाले 234 वाहनों से कुल 2,90,000 रुपये के ई-चालान किए गए। कई मामलों में नाबालिगों के वाहन चलाने और बिना वैध कागजात के गाड़ियों के संचालन पर तत्काल कार्रवाई करते हुए वाहन सीज भी किए गए।



