विद्युत हड़ताल से पहले प्रशासन अलर्ट, जिलाधिकारी ने भटवलिया उपकेंद्र का किया औचक निरीक्षण
बिजली आपूर्ति रहेगी निर्बाध, 110 अभियंताओं व ITI छात्रों को मैदान में उतारने की तैयारी

गौरव कुशवाहा
देवरिया। प्रदेशभर में 29 मई को प्रस्तावित विद्युतकर्मियों की संभावित हड़ताल को देखते हुए देवरिया जिला प्रशासन हरकत में आ गया है। जिलाधिकारी दिव्या मित्तल ने मंगलवार को भटवलिया स्थित विद्युत उपकेंद्र, स्टोर और वर्कशॉप का औचक निरीक्षण कर तैयारियों की सघन समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि जनपद में विद्युत आपूर्ति किसी भी स्थिति में बाधित नहीं होनी चाहिए और आमजन को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।
जिलाधिकारी ने बताया कि संभावित हड़ताल के दौरान जिले के 43 विद्युत उपकेंद्र (33/11 केवी) और 4 उच्च क्षमता वाले उपकेंद्र (132/33 केवी) पर शिफ्टवार ड्यूटी निर्धारित कर दी गई है। विभागीय अभियंताओं की अनुपलब्धता की भरपाई के लिए लोक निर्माण विभाग, आरईएस, बाढ़ खंड, नलकूप, जल निगम और सिंचाई विभाग के कुल 110 अभियंताओं को वैकल्पिक रूप से तैनात किया गया है।
पूर्व सैनिक और आईटीआई छात्र भी मैदान में उतारने की तैयारी
प्रशासन ने विद्युत कार्यों के लिए दक्ष 33 पूर्व सैनिकों और 350 आईटीआई छात्रों को चिन्हित कर आवश्यक प्रशिक्षण देना शुरू कर दिया है। ये सभी प्रशिक्षित कर्मी हड़ताल के दौरान शिफ्टों में विद्युत आपूर्ति बनाए रखने के कार्य में सहयोग करेंगे।
जनोपयोगी सेवाओं पर विशेष नजर
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि मेडिकल कॉलेज, जिला अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, जलापूर्ति केंद्र और अन्य लोक महत्त्व के संस्थानों में निर्बाध बिजली आपूर्ति को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। सभी विद्युत उपकेंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जा रही है, ताकि कोई अवांछनीय गतिविधि न हो सके।
24 घंटे सक्रिय रहेगा तकनीकी नियंत्रण कक्ष
संभावित संकट की निगरानी और त्वरित समाधान के लिए कलेक्ट्रेट परिसर में एक तकनीकी नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है, जो तीन पालियों में चौबीसों घंटे संचालित रहेगा। इसके लिए नोडल अधिकारी के रूप में अपर उप जिलाधिकारी (सदर) अवधेश कुमार निगम को नामित किया गया है। नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नंबर 05568-222261, 225351, 223331 और मोबाइल/व्हाट्सएप नंबर 9838238006 हैं।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बिजली आपूर्ति से संबंधित सभी व्यवस्थाओं को परखा और निर्देश दिया कि कोई भी कर्मचारी बिना प्रतिस्थानी के ड्यूटी नहीं छोड़ेगा। रजिस्टर में प्रत्येक सूचना व उपस्थिति का संधारण अनिवार्य होगा। नाजिर सदर को निर्देशित किया गया है कि नियंत्रण कक्ष में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित हो।
जिलाधिकारी दिव्या मित्तल ने कहा कि हड़ताल की स्थिति में भी बिजली आपूर्ति सामान्य बनी रहेगी। किसी भी तकनीकी या प्रशासनिक समस्या की सूचना तुरंत नियंत्रण कक्ष को दी जाए, ताकि उसका त्वरित समाधान किया जा सके।



