उत्तर प्रदेशराज्यलखनऊ

भाजपा की सरकार जाएगी तभी नौकरी आएगी: अखिलेश यादव

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा सरकार में पीडीए समाज के साथ लगातार अन्याय और उत्पीड़न हो रहा है। सरकार भेदभाव कर रही है। बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर द्वारा दिए गये आरक्षण को छीन रही हैं भाजपा सरकार के एजेंडे में नौकरी, रोजगार, आरक्षण नहीं है। 69 हजार शिक्षक भर्ती में पिछड़े, दलित वर्ग के छात्रों का हक छीना गया। पीड़ित अभ्यर्थी अपने हक के लिए भाजपा की डबल इंजन, ढाई इंजन, तीन इंजन, चार इंजन सबके पास गये लेकिन कहीं न्याय नहीं मिला दु:खी होकर एक बहन ने अपने हाथ की चूड़ियां निकाल कर सरकार को भेज दिया। भाजपा की सरकार जाएगी तभी नौकरी आएगी। 69 हजार शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थियों को तभी न्याय मिलेगा, जब पीडीए की सरकार आयेगी। तभी सामाजिक न्याय के राज की स्थापना होगी।

यादव ने कहा कि अच्छे दिन का नारा देकर सत्ता में आयी भाजपा ने पिछडे, दलितों का हक और सम्मान छीना है। आर्थिक भ्रष्टाचार के साथ आरक्षण में भी खिलवाड़ किया है। पूरा पीडीए समाज एकजुट होकर, एक दूसरे का साथ देकर भाजपा का सफाया करेगा। समाजवादी पार्टी प्रदेश मुख्यालय लखनऊ में आयोजित एक प्रेस कांफ्रेंस में उन्होंने कहा कि नौ साल से भाजपा सरकार ने भ्रष्टाचार, लूट, बेईमानी की है। ऐसा भ्रष्टाचार कभी नहीं था। भाजपा सरकार के अन्याय से किसान, नौजवान, महिलाएं सभी दुखी है। किसानों को खाद नहीं मिल रही है। प्रदेश में कई महीनों से खाद का संकट है। डीजल से लेकर कीटनाशक तक खेती के लिए प्रयोग होने वाली चीजें महंगी हो गयी है। इस सरकार ने किसानों को नैनो यूरिया खरीदवा दिया, किसानों को कोई लाभ नहीं हुआ। किसान की आय दोगुनी नहीं हुई। किसानों की जो आय थी उसकी लूट दोगुनी हो गयी। मंडिया बंद की जा रहा है।

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार अब तक की सबसे भ्रष्ट सरकार है। बांदा, हमीरपुर में नदियों को खोद-खोद कर पहाड़ों से ऊंचे बालू के टीले लगाये गये थे। अवैध खनन हुआ, लेकिन भाजपा के मैनेजमेंट से सब कुछ वहीं दब गया। इसी भाजपा ने समाजवादी पार्टी के नेताओं को बदनाम किया। झूठे मुकदमे लगवाए थे। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार स्कूल बंद कर रही है। शराब की दुकानें खोल रही है। अमेरिका के न्यूयॉर्क से ज्यादा शराब की दुकाने उत्तर प्रदेश में है। भाजपा सरकार स्कूलों को बंदकर शिक्षा से वंचित करना चहती है। भाजपा चाहती है कि लोग पढ़े-लिखे नहीं, शराब पीएं। जो स्कूल बंद हुए थे वे नहीं खुलें। सरकार ने विधानसभा में झूठ बोला कि बंद किये स्कूल खोले जा रहे हैं। जो लोग पीडीए पाठशाला चला रहे थे उन पर मुकदमें हो रहे है। ऐसा तो अंग्रेजों ने भी नहीं किया था। अंग्रेजों ने पढ़ाई पर कभी मुकदमें नहीं दर्ज कराये थे। भाजपा सरकार उत्पीड़न कर रही है। भाजपा सरकार में पेपर आउट माफिया, शराब माफिया, नौकरी माफिया, भू-माफिया, हर क्षेत्र में माफिया पैदा हो गये हैं। ये सारे माफिया भाजपा के है। मुख्यमंत्री जी ने अपने सभी मुदकमें वापस ले लिए। सारे माफिया उनकी पार्टी में चले गये हैं।

लोकसभा में लाए गए नए संविधान संशोधन विधेयक को लेकर अखिलेश यादव ने कहा कि दुनिया में जितनी तानाशाही सरकारें रही है वे समय-समय पर इसी तरह के कानून लेकर आती है जिससे वे हमेशा सत्ता में बनी रहें लेकिन कोई सरकार नहीं बची। सारी सरकारें सत्ता से बाहर गयी। इटली, जर्मनी, रशिया, इसके उदाहरण है। याद रहे जो दूसरों के लिए गड्ढ़ा खोदते है, एक दिन में खुद उसी गड्ढे में गिरते हैं। उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री जी जब अपना केस वापस ले रहे थे तब उनकी ईमानदारी कहां थी। अपना केस तो वापस लिया ही। डिप्टी सीएम का केस भी वापस ले लिया।

यादव ने अंतरिक्ष यात्री ग्रुप कैप्टन श्री शुभांशु शुक्ला और उनके परिवार को एक बार फिर बधाई देते हुए कहा कि जब भी मौका मिलेगा हम श्री शुभांशु शुक्ला जी से समय लेकर जरूर मिलेंगे। उनका अनुभव जानेंगे। उन्होंने बहुत बड़ा काम किया है। इसके लिए बहुत मेहनत करनी पड़ी होगी। ट्रेनिंग करनी पड़ी होगी। तब यह कामयाबी मिली है। यह देश के लिए, उनके परिवार के लिए और व्यक्तिगत उनके लिए बहुत बड़ी कामयाबी है। इस यात्रा ने पूरे देश का सम्मान बढ़ाया है। इस अवसर पर श्री अखिलेश यादव ने लोगों से अपील की कि सभी लोग एसपी टीवी को सबस्क्राइब करें।

Khwaza Express

Khwaza Express Media Group has been known for its unbiased, fearless and responsible Hindi journalism since 2008. The proud journey since 16 years has been full of challenges, success, milestones, and love of readers. Above all, we are honored to be the voice of society from several years. Because of our firm belief in integrity and honesty, along with people oriented journalism, it has been possible to serve news & views almost every day since 2008.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button