
चंडीगढ़ / फिरोजपुरI लगातार हो रही बारिश और बांधों से छोड़े जा रहे पानी के कारण फिरोजपुर में सतलुज नदी के किनारे बसे गांवों में बाढ़ का खतरा लगातार बना हुआ है। कई गांव बाढ़ की चपेट में आ गए हैं। नदी के किनारे बसे इलाकों में हालात बेहद खराब हैं। इन हालातों को देखते हुए संत निरंकारी मिशन शाखा फिरोजपुर ने बस्ती राम लाल में धुस्सी बांध से पल्हा मेघा तक मिट्टी के तटबंध बनाने की सेवा प्रदान की।

संत निरंकारी मिशन के फिरोजपुर जोन के जोनल इंचार्ज एन.एस. गिल एवं इंचार्ज गुरमीत सिंह जी ने प्रेस को बताया कि सद्गुरु माता सुदीक्षा जी महाराज की कृपा एवं आदेशानुसार निरंकारी मिशन द्वारा जहाँ भी आवश्यकता हो, हर प्रकार की सेवा प्रदान की जा रही है। इसी सेवा के अंतर्गत, फिरोजपुर शाखा द्वारा धुस्सी बांध, पल्ला मेघा पर बांध निर्माण हेतु 6 ट्रॉली मिट्टी उपलब्ध कराई गई। सेवादल की बहनों एवं संगत ने फिरोजपुर शहर स्थित सत्संग भवन में मिट्टी के थैले भरने की सेवा प्रदान की।
इसके अलावा, मिशन के सेवाकर्मी स्थानीय लोगों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर निरंतर सेवा प्रदान कर रहे हैं। मिशन के सभी सेवाकर्मियों और संगत का इस सेवा में भरपूर योगदान रहा है। मिशन द्वारा यह सेवा निरंतर जारी है। स्थानीय लोगों ने मिशन के इस सेवा कार्य की सराहना की है और धन्यवाद दिया है।



