विधवा का यौन शोषण कर मंदिर में की शादी, फिर रचाया दूसरा ब्याह, पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर शुरू की जांच

विधवा को शादी का झांसा देकर युवक ने यौन शोषण किया। दबाव बनाने पर आर्य समाज मंदिर में शादी कर ली। जल्द ही ससुराल ले जाने की बात कहकर पीड़िता संग उसके घर पर रहा। करीब पांच माह बाद आरोपी ने पहली शादी की बात छिपाकर दूसरी शादी कर ली। जानकारी पर पीड़िता ने विरोध किया तो आरोपी व उसके घरवालों ने तलाक लेने की धमकी दी। इंकार पर पीटा व धमकाया। पारा पुलिस ने आरोपी समेत पांच के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
मलिहाबाद निवासी 30 वर्षीय महिला के पति का वर्ष 2022 में निधन हो गया था। कुछ समय बाद पारा के मायापुरम निवासी सुदेश से संपर्क हुआ। आरोपी ने प्रेम जाल में फंसाया। उसके बाद शादी का झांसा देकर यौन शोषण करता रहा। पीड़िता ने शादी का दबाव बनाया तो आरोपी सुदेश ने 14 जुलाई को चिनहट स्थित आर्य समाज में शादी कर ली। उसके बाद से आए दिन सुदेश आए दिन पीड़िता के घर आकर पति-पत्नी की तरह रूकता था। पीड़िता ने ससुराल ले जाने की बात कही।।
इसपर आरोपी ने समझाया कि कुछ दिन इंतजार कर लो, तुम्हें पूरे सम्मान के साथ घर ले जाउंगा। इसी दौरान 3 दिसंबर को आरोपी ने खानपुर गांव की रहने वाली युवती से दूसरी शादी कर ली। जानकारी होने पर पीड़िता ने विरोध किया तो आरोपी ने गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता ने आरोपी की बहन व बहनोई को कॉल की तो उन लोगों ने कहा कि तुम्हारी वजह से सुदेश घर छोड़कर चला गया है। अगर खुद को बचाना चाहती हो तो कोर्ट चलकर तलाक के पेपर पर साइन कर दो।
पीड़िता ने मायकेवालों को आपबीती बतायी। 25 दिसंबर को दोनों पक्ष बातचीत के लिए सिटी गार्डेन पहुंचे। वहां पर सुदेश व उसके घरवालों ने घर ले जाने से इंकार कर दिया। रुपये लेकर शांत रहने की धमकी दी। विरोध पर आरोपियों ने पीटा। पीड़िता की तहरीर पर पारा पुलिस ने सुदेश, उसके माता-पिता और बहन-बहनोई के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। इंस्पेक्टर पारा सुरेश सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।



