पुलिसकर्मियों को कुचलने के प्रयास का आरोपी दरोगा निलंबित,कई महीने से चल रहा था लाइनहाजिर

- हजरतगंज में 31 दिसंबर की रात हुई थी घटना, पुलिस की रिपोर्ट पर एसपी बाराबंकी ने की कार्रवाई
लखनऊ: हजरतगंज चौराहे पर 31 दिसंबर की रात नए साल के जश्न के दौरान पुलिस कर्मियों को कुचलने का प्रयास करने वाले बाराबंकी के दरोगा सौम्य जायसवाल को शुक्रवार को निलंबित कर दिया गया। तैनाती के दौरान फरियादियों से अभद्रता उसकी पुरानी आदत है। इसी मामले में वह कई माह से निलंबित चल रहा था। हजरतगंज पुलिस की रिपोर्ट पर एसपी बाराबंकी अर्पित विजय वर्गीय ने दरोगा सौम्य जायसवाल को निलंबित कर दिया है।
31 दिसंबर को अवकाश पर सौम्य जायसवाल अपने दोस्तों के साथ यहां आया था। रात करीब एक बजे वह हजरतगंज चौराहे से गुजर रहा था। इस बीच ट्रैफिक संचालन कर रहे दरोगा आशुतोष त्रिपाठी ने उसकी कार को रोकने के लिए इशारा किया। दरोगा सौम्य ने रफ्तार बढ़ा दी और जिकजैक कर कट मारते हुए भागने का प्रयास किया।
इस दौरान उसने दरोगा आशुतोष और कई अन्य पुलिस कर्मियों को कुचलने का प्रयास किया था। इसके बाद उसकी कार बैरीकेडिंग से भिड़कर रुक गई थी। चौराहे पर खड़े पुलिस उपायुक्त अपराध पहुंचे तो दरोगा सौम्य ने उनसे भी अभद्रता की थी। छानबीन के दौरान उसकी कार में कई शराब की बोतलें मिली थी। उसके खिलाफ नशे में गाड़ी चलाने की धारा में कार्रवाई कर चालान किया गया था। प्रकरण की रिपोर्ट हजरतगंज पुलिस ने बाराबंकी पुलिस को भेजी थी। रिपोर्ट के आधार पर एसपी बाराबंकी अर्पित विजय वर्गीय ने शुक्रवार को सौम्य 2015 बैच के दरोगा सौम्य जायसवाल को निलंबित कर दिया।



