राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026: ग्राम पंचायतों में गठित होगी सड़क सुरक्षा समिति
जनपद स्तरीय प्रशिक्षण में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और जनजागरूकता पर जोर

आर के भट्ट
ब्यूरो, कुशीनगर।
राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह जनवरी 2026 के अंतर्गत शासन के निर्देशों के क्रम में ग्राम पंचायत स्तर पर सड़क सुरक्षा समिति के गठन एवं बैठकों को लेकर जनपद के समस्त विकास खंडों के सहायक विकास अधिकारी (पंचायत), ग्राम पंचायत अधिकारी, ग्राम प्रधान, ब्लॉक कोऑर्डिनेटर सहित अन्य संबंधित अधिकारियों को सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी द्वारा सड़क सुरक्षा का प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षण के दौरान ग्राम पंचायत स्तर पर आमजन को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किए जाने पर विशेष बल दिया गया। इसमें कैशलेस उपचार सुविधा, हिट एंड रन सोलैशियम योजना, राहगीर योजना, अनाधिकृत पार्किंग पर नियंत्रण, नो हेलमेट–नो फ्यूल व्यवस्था, वाहन चलाते समय हेलमेट व सीट बेल्ट का अनिवार्य प्रयोग, नशे की अवस्था में वाहन न चलाने, कोहरे की स्थिति में धीमी गति से वाहन चलाने तथा ट्रैक्टर-ट्रॉली व मालवाहक वाहनों पर रिफ्लेक्टर टेप के प्रयोग से संबंधित जानकारी दी गई। साथ ही इन विषयों पर व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए गए।
जिला पंचायत राज अधिकारी द्वारा समस्त सहायक विकास अधिकारियों (पंचायत) को निर्देशित किया गया कि जनपद की प्रत्येक ग्राम पंचायत में ग्राम सड़क सुरक्षा समिति का गठन सुनिश्चित किया जाए तथा ग्राम प्रधान एवं ग्राम पंचायत सदस्यों के साथ समिति की बैठक आयोजित कर सड़क दुर्घटनाओं से बचाव एवं सड़क सुरक्षा से संबंधित प्रशिक्षण ग्राम पंचायत स्तर तक पहुँचाया जाए। साथ ही ग्राम सड़क सुरक्षा समिति के माध्यम से सड़क सुरक्षा अग्रदूत घोषित किए जाने के निर्देश भी दिए गए।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी मो. अजीम, जिला पंचायत राज अधिकारी आलोक कुमार प्रियदर्शी, डीपीएम मोहन सिंह, वैभव कुमार पाण्डेय, नीरज चतुर्वेदी, अनिरुद्ध सिंह, तैमुर अंसारी, उषा कुमारी सहित जनपद के ग्राम पंचायत अधिकारी, ब्लॉक कोऑर्डिनेटर एवं अन्य संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।



