उत्तर प्रदेशबड़ी खबरराज्यलखनऊ

भारत-अमेरिका की ट्रेड डील से रफ्तार भरेगा उद्योग-व्यापार, किसान और उत्पादों की बिक्री को मिलेगा अंतराष्ट्रीय मंच, जानें क्या है खास

भारत और अमेरिका के बीच ट्रेड डील को कारोबारी और व्यापारी संगठन इसे देश के लिए अहम और बेहतर मान रहे हैं। इसमें मसाला, दवा, सूखा मेवा, कपड़ा समेत भारतीय उत्पादों की एक लंबी सूची है, जिन पर टैरिफ की दर या तो शून्य कर दी गई है या फिर 18 फीसद हो गई है। व्यापारी वर्ग इसे एक्सपोर्ट के लिए एक बेहतर विकल्प मान रहा है। उनका कहना है कि इस ट्रेड डील से भारतीय उत्पादों को एक बड़ा प्लेटफार्म मिलेगा और एक्सपोर्ट बढ़ेगा।

किसानों और उत्पादकों का मुनाफा बढ़ेगा

किराना कमेटी के सदस्य विनोद अग्रवाल ने कहा कि इस डील से एक्सपोर्ट का दायरा बढ़ेगा। किराना से जुडे़ कई आइटम ट्रेड डील में शून्य टैरिफ पर आ गए हैं। इनमें प्रमुख रूप से मसाला, ड्राईफ्रूट आदि चीजें हैं जिनको अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बड़ा बाजार मिलेगा। किसानों और उत्पादकों का मुनाफा बढ़ेगा। यह बेहतर डील है। अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के राष्ट्रीय अध्यक्ष संदीप बंसल ने कहा कि यह डील भारत के लिए विकासोन्मुखी है। किसान, उत्पादक दोनों को लाभ देने वाली है। एक्सपोर्ट बढ़ना तय है। भारतीय चीजों को बड़ा बाजार मिलेगा। टैरिफ बढ़ने पर आई बाधा को दूर कर लिया गया है। इससे रोजगार और कारोबार दोनों में बढ़ोत्तरी होगी। उप्र. आदर्श व्यापार मंडल के अध्यक्ष संजय गुप्ता ने कहा कि भारत के लिए हर लिहाज से ट्रेड डील भारतीय बाजारों में रौनक लाएगी। उत्पादक और किसान दोनों को इंटरनेशनल फोरम पर अपने उत्पादों की बिक्री का बेहतरीन मंच मिलेगा। जीरो टैरिफ वाले अधिकांश उत्पादों के एक्सपोर्ट से भारतीय अर्थतंत्र को मजबूती मिलेगी।

दवाइयों का एक्सपोर्ट बहुत तेजी से बढ़ेगा

लखनऊ केमिस्ट एसोसिएशन के महामंत्री प्रदीप जैन टोनी ने कहा कि दवाओं पर टैरिफ के शून्य होने का लाभ भारतीय कारोबार को बहुत ज्यादा होगा। भारत से बहुत ज्यादा दवाएं अमेरिका जाती हैं। इसका लाभ उत्पादकों, दवाओं के थोक विक्रेताओं और कंपनियों को खूब होगा। दवाइयों का एक्सपोर्ट बहुत तेजी से बढ़ेगा। इकॉनमी बूस्ट करेगी। प्रदेश में होने वाले दवाओं के उत्पादन को बड़ा मंच मिलेगा।

दवा विक्रेता समिति के महामंत्री सीएम दुबे ने कहा कि दवा उत्पादकों और व्यवसाइयों के लिए भारत और अमेरिका के बीच हुई यह ट्रेड डील उत्साहित करने वाली है। दवाओं का एक्सपोर्ट रफ्तार पकड़ेगा। अमेरिका में काफी दवाएं भारत से जाती हैं। ऐसे में टैरिफ का असर दवा बाजार और बनाने वालों के लिए मुनाफा देने वाली डील है।

उद्योग और व्यापार बढ़ेगा : कंछल

उप्र उद्योग व्यापार मंडल के प्रांतीय अध्यक्ष बनवारी लाल कंछल ने कहा कि व्यापार के दृष्टिकोण से देश का का उद्योग और व्यापार बढ़ेगा। किसानों और उत्पादकों को लाभ होगा। मसाला, लौंग, इलायची जैसी तमाम चीजें इंटरनेशनल मार्केट में धूम मचाएंगी। एक्सपोर्ट तेजी से बढ़ेगा। धैर्य के साथ पीएम और उनकी टीम द्वारा की गई यह डील भारत के लिए हर दृष्टि से लाभ देने वाली होगी।

लखनऊ व्यापार मंडल के चेयरमैन व पांडेयगंज दालमंडी के अध्यक्ष राजेंद्र अग्रवाल ने कहा कि ट्रेड डील व्यापारियों और किसानों को उत्साहित करने वाली है। भारतीय खाद्यान्न की डिमांड विश्व पटल पर मजबूत होगी। अब जीरो टैरिफ किसान और उत्पादकों को बड़ा प्लेटफार्म देने वाली है। अफगानिस्तान का उदाहरण देते हुए बासमती चावल पर एक डील से आई तेजी किसानों और उत्पादकों की जेब मुनाफे से भर रही है।

लखनऊ व्यापार मंडल के अध्यक्ष अमरनाथ मिश्र ने कहा कि कपड़े पर टैरिफ की रियायत से अब अमेरिकी बाजार में कारोबार कंप्टीशन में आ जाएगा। पहले टैरिफ 50 फीसद था जो अब घटकर 18 रह गया है। इससे कीमतें पहले की अपेक्षा कम होंगी। अन्य देशों से आने वाले कपड़े के सामने भारतीय उत्पाद अपनी मजबूत दावेदारी और गुणवत्ता रख सकेंगे। ट्रेड डील बेहतर है।

Khwaza Express

Khwaza Express Media Group has been known for its unbiased, fearless and responsible Hindi journalism since 2008. The proud journey since 16 years has been full of challenges, success, milestones, and love of readers. Above all, we are honored to be the voice of society from several years. Because of our firm belief in integrity and honesty, along with people oriented journalism, it has been possible to serve news & views almost every day since 2008.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button