
चंडीगढ़ :
पंजाब के पशुपालकों को बड़ी राहत मिलने जा रही है। मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार राज्य के छह जिलों में ‘ब्लू क्रॉस’ वेटरनरी दवा स्टोर शुरू करने जा रही है। इस पहल का उद्देश्य पशु स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुलभ, किफायती और प्रभावी बनाना है, ताकि पशुपालकों को गुणवत्तापूर्ण इलाज के लिए ज्यादा खर्च न करना पड़े।
इस योजना की जानकारी देते हुए पंजाब के पशुपालन, मत्स्य पालन और डेयरी विकास मंत्री गुरमीत सिंह खुडियां ने कहा कि इससे पशुपालकों पर पड़ने वाला आर्थिक बोझ काफी हद तक कम होगा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि सरकार यह सुनिश्चित करना चाहती है कि किसानों और पशुपालकों को समय पर, उचित दरों पर और प्रमाणिक पशु चिकित्सा दवाएं उपलब्ध हों।
योजना के तहत ‘ब्लू क्रॉस’ स्टोर्स पर पशुपालकों को जनरिक वेटरनरी दवाओं पर 30 प्रतिशत और ब्रांडेड दवाओं पर 20 प्रतिशत तक की छूट दी जाएगी। मंत्री ने बताया कि यह व्यवस्था गुणवत्ता से समझौता किए बिना इलाज को सस्ता बनाने के उद्देश्य से तैयार की गई है।
‘ब्लू क्रॉस’ वेटरनरी दवा स्टोर गुरदासपुर, पटियाला, लुधियाना, संगरूर, श्री मुक्तसर साहिब और अमृतसर जिलों में स्थित अत्याधुनिक वेटरनरी पॉलीक्लीनिकों में खोले जाएंगे। इन पॉलीक्लीनिकों में पहले ही उन्नत इंडोर पेशेंट डिपार्टमेंट (IPD) सेवाएं उपलब्ध हैं, जिन्हें पिछले वर्ष शुरू किया गया था। यह कदम राज्य में मजबूत और बहु-विशेषज्ञ पशु स्वास्थ्य ढांचा विकसित करने की दिशा में अहम माना जा रहा है।
गुरमीत सिंह खुडियां ने कहा कि पॉलीक्लीनिकों के भीतर ही दवा स्टोर होने से पशुपालकों को जांच से लेकर इलाज और पूरी तरह स्वस्थ होने तक एक ही छत के नीचे सभी सुविधाएं मिलेंगी। इससे इलाज में समय की बचत होगी, दवाओं की प्रामाणिकता सुनिश्चित होगी और रोकथाम आधारित देखभाल को भी बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने कहा, “हमारे किसान और पशुपालक पंजाब की समृद्धि की रीढ़ हैं। उनके पशुओं का स्वास्थ्य सीधे उनकी आय और जीवन स्तर से जुड़ा है। ‘ब्लू क्रॉस’ स्टोर स्वास्थ्य और समृद्धि की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम हैं।”
पशुपालन विभाग के प्रधान सचिव राहुल भंडारी ने कहा कि राज्य सरकार पशुपालन से जुड़े हर हितधारक को सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि इस तरह की पहल से दुग्ध उत्पादन और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और पशु कल्याण के क्षेत्र में पंजाब की अग्रणी भूमिका और मजबूत होगी।



