उत्तर प्रदेशबड़ी खबरराज्यलखनऊ

UP Budget Session : यूपी विधानसभा ने अपने दिवंगत सदस्यों को दी श्रद्धांजलि, कार्यवाही पूरे दिन के लिए स्थगित

लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा में मंगलवार को दिवंगत सदस्यों को श्रद्धांजलि देने के बाद सदन की कार्यवाही पूरे दिन के लिए स्थगित कर दी गई। मुख्यमंत्री एवं सदन के नेता योगी आदित्यनाथ द्वारा शोक प्रस्ताव प्रस्तुत किए जाने के बाद सदन ने भाजपा विधायक प्रोफेसर श्याम बिहारी लाल और समाजवादी पार्टी के नेता विजय सिंह गोंड की स्मृति में दो मिनट का मौन रखा।

बरेली जिले की फरीदपुर सीट से दो बार विधायक रहे श्याम बिहारी लाल (60) का दो जनवरी को निधन हो गया था, जबकि सोनभद्र जिले की दुद्धी सीट से आठ बार विधायक रहे विजय सिंह गोंड (71) का आठ जनवरी को निधन हुआ था। शोक प्रस्ताव रखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि श्याम बिहारी लाल एक सरल स्वभाव वाले व जनता से जुड़े नेता थे और गरीबों तथा वंचितों के हित के लिए हमेशा प्रतिबद्ध रहे।

उन्होंने कहा कि श्याम बिहारी लाल पहली बार 2017 में और दूसरी बार 2022 में भाजपा के टिकट पर विधायक चुने गए थे। उनका शिक्षा जगत से भी गहरा जुड़ाव था और वह जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय की कार्यसमिति के सदस्य रहे थे।

विजय सिंह गोंड को श्रद्धांजलि देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वह वरिष्ठ विधायक थे और आदिवासी समाज की मजबूत आवाज थे। वह अपने सरल स्वभाव और संघर्षपूर्ण जीवन के लिए जाने जाते थे। गोंड 1980 से दुद्धी विधानसभा सीट से आठ बार विधायक रहे थे। हाल के वर्षों में उन्होंने समाजवादी पार्टी सहित विभिन्न दलों का प्रतिनिधित्व किया था।

नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय और कांग्रेस, जनसत्ता दल (लोकतांत्रिक) तथा सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (एसबीएसपी) समेत अन्य दलों के नेताओं ने भी दोनों नेताओं के योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी। विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने पूरे सदन की ओर से शोक संवेदना व्यक्त की। इसके बाद सदन की कार्यवाही बुधवार तक के लिए स्थगित कर दी गई और बुधवार को ही वित्त वर्ष 2026-27 के लिए राज्य का बजट पेश किया जाएगा।

Khwaza Express

Khwaza Express Media Group has been known for its unbiased, fearless and responsible Hindi journalism since 2008. The proud journey since 16 years has been full of challenges, success, milestones, and love of readers. Above all, we are honored to be the voice of society from several years. Because of our firm belief in integrity and honesty, along with people oriented journalism, it has been possible to serve news & views almost every day since 2008.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button