उत्तर प्रदेशबड़ी खबरलखनऊ

सीएम योगी ने ”गैस चैंबर” से की दिल्ली की वायु गुणवत्ता की तुलना, कहा- विकास के बाद भी UP में घुटन भरा माहौल नहीं

गोरखपुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) की तुलना ”गैस चैंबर” से करते हुए शनिवार को कहा कि उप्र में तेजी से विकास हो रहा है, इसके बावजूद ”घुटन भरा माहौल” नहीं है। गोरखपुर में एक कार्यक्रम में आदित्यनाथ ने कहा कि आज दुनिया के सामने सबसे बड़ी चुनौती पर्यावरण नुकसान की है।

उन्होंने कहा, ”आप देखिए यहां का पर्यावरण कितना अच्छा है, कोई प्रदूषण नहीं है। अगर प्रदूषण नहीं है, तो कोई बीमारी भी नहीं है। जब भी प्रदूषण होगा, तो यह फेफड़ों को भी नुकसान पहुंचाएगा। अगर ऑक्सीजन आपूर्ति करने वाली मशीन खराब हो जाती है, तो पूरा शरीर खराब हो जाएगा।”

मुख्यमंत्री ने गोरखपुर के विकास खंड जंगल कौड़िया में पुन:निर्मित विकास अधिकारी कार्यालय के उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए दिल्ली में वायु गुणवत्ता मानक पर ध्यान दिलाया। उन्होंने कहा, ”आप दिल्ली जाइए। क्या हालत है? ऐसा लगता है कि वहां गैस चैंबर है। हालत खराब है। आप हवा में सांस नहीं ले पाएंगे और आंखों में जलन होगी। वहां के डॉक्टर का कहना है कि जिन्हें अस्थमा और दूसरी बीमारियां हैं, बुजुर्ग और बच्चे, उन्हें घर से बाहर नहीं निकलना चाहिए। क्या यही जिंदगी है?”

आदित्यनाथ ने कहा कि जब भी पर्यावरण के साथ कोई छेड़छाड़ होगी, ऐसी ही स्थिति पैदा होगी। उन्होंने कहा, ”हम खुशकिस्मत हैं कि यहां विकास तो है, लेकिन दम घुटने वाला माहौल नहीं है।” केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के अनुसार, शनिवार सुबह नौ बजे राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली का एक्यूआई 214 दर्ज किया गया जो ”खराब” श्रेणी में आता है।

नौकरी की गारंटी होगी प्रदेश के वानिकी विश्वविद्यालय की डिग्री

गोरखपुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि गोरखपुर के कैम्पियरगंज में बनने जा रहे प्रदेश के पहले वानिकी एवं उद्यान विज्ञान विश्वविद्यालय, फॉरेस्ट्री एंड हॉर्टिकल्चर यूनिवर्सिटी. की डिग्री नौजवानों के लिए नौकरी की गारंटी होगी। सीएम योगी ने शनिवार को गोरखपुर के जंगल कौड़िया ब्लॉक में पुनर्निर्मित बीडीओ कार्यालय का उद्घाटन करने के बाद उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि इस विश्वविद्यालय से डिग्री और डिप्लोमा लेकर निकलने वाले युवाओं के लिए देश और दुनिया में रोजगार के व्यापक अवसर होंगे और साथ ही यह विश्वविद्यालय अन्नदाता किसानों की आमदनी बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

मुख्यमंत्री ने कैम्पियरगंज में बने गिद्धराज जटायु संरक्षण केंद्र का उल्लेख करते हुए कहा कि कृतज्ञता ज्ञापित करना हमारी भारतीय संस्कृति का अभिन्न अंग है। हमारे लिए किसी ने कुछ किया तो उसके प्रति कृतज्ञ होना हमारी जीवनशैली का हिस्सा है। गिद्धराज जटायु की मानव जाति पर बड़ी कृपा रही। माता सीता का हरण कर ले जा रहे रावण का पहला प्रतिकार गिद्धराज जटायु ने किया था। वह सृष्टि के पालनकर्ता भगवान विष्णु की सवारी भी हैं। उन्होंने कहा कि आज केमिकल और पेस्टिसाइड्स के इस्तेमाल के चलते गिद्धराज की संख्या कम होती जा रही और वे मर रहे हैं। ऐसे में गिद्धराज के प्रति कृतज्ञता जताने और उनको संरक्षण देने के लिए कैम्पियरगंज में संरक्षण केंद्र बनाया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अब कैम्पियरगंज में प्रदेश का पहला वानिकी एवं उद्यान विज्ञान विश्वविद्यालय बनाया जाएगा। यहां युवाओं को जो डिप्लोमा व डिग्री मिलेगी, वह देश.दुनिया में नौकरी की गारंटी वाली होगी। योगी ने कहा कि आज दुनिया के सामने सबसे बड़ी चुनौती पर्यावरण प्रदूषण की है। वायु प्रदूषण से फेफड़े खराब होंगे और धीरे.धीरे पूरा शरीर खराब हो जाएगा। जब प्रदूषण नहीं होगा तो बीमारी भी नहीं होगी।

उन्होंने वायु प्रदूषण को लेकर दिल्ली की चर्चा करते हुए कहा कि वहां डॉक्टर दमा रोगियों, बुजुर्गों और बच्चों को घर से बाहर न निकलने की सलाह देते हैं। यह स्थिति पर्यावरण के साथ खिलवाड़ से बनती है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में विकास भी है और दमघोंटू वातावरण से मुक्ति भी। इसी क्रम में कैम्पियरगंज में बनने जा रहा वानिकी विश्वविद्यालय पर्यावरण की चुनौतियों से निपटने में और कारगर सिद्ध होगा। यह वनाच्छादन बढ़ाने और किसानों की आमदनी में वृद्धि का भी नया प्रयास होगा।

मुख्यमंत्री ने वर्ष 2017 के बाद प्रदेश और गोरखपुर के विकास की चर्चा करते हुए कहा कि जब नीयत साफ हो तो परिणाम अपने आप आ जाते हैं। अच्छी दिशा में किए गए प्रयास से आज गोरखपुर में खाद कारखाना चालू हो चुका है।गोरखपुर में एम्स सेवाएं दे रहा है बीआरडी मेडिकल कॉलेज चिकित्सा का उत्कृष्ट केंद्र बन चुका है। पिपराइच में चीनी मिल दोबारा चालू हो गई है। धुरियापार में कम्प्रेस्ड बायो गैस का प्लांट लग चुका है। गीडा में उद्योग ही उद्योग नजर आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि गोरखपुर और प्रदेश में विकास के बहुत बड़े.बड़े कार्य हो रहे हैं। विकास की सोच ही वर्तमान और भावी पीढ़ी के भविष्य को उज्ज्वल बनाने में सहायक होगी।

Khwaza Express

Khwaza Express Media Group has been known for its unbiased, fearless and responsible Hindi journalism since 2008. The proud journey since 16 years has been full of challenges, success, milestones, and love of readers. Above all, we are honored to be the voice of society from several years. Because of our firm belief in integrity and honesty, along with people oriented journalism, it has been possible to serve news & views almost every day since 2008.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button