देश

Macron India Visit: फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों के साथ बैठक के लिए मुंबई पहुंचे PM मोदी, द्विपक्षीय मुद्दों पर करेंगे चर्चा

मुंबई। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मंगलवार को फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ द्विपक्षीय बातचीत के लिए मुंबई पहुंचे। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उप मुख्यमंत्रियों एकनाथ शिंदे और सुनेत्रा पवार ने प्रधानमंत्री का स्वागत किया। मैक्रों के साथ बैठक के लिए प्रधानमंत्री हवाई अड्डे से दक्षिण मुंबई स्थित लोक भवन (पहले राजभवन) पहुंचे। गवर्नर आचार्य देवव्रत ने उनका स्वागत किया।

दोनों नेता भारत-फ्रांस रणनीतिक साझेदारी में हुई प्रगति की समीक्षा करेंगे। उनकी बातचीत रणनीतिक संबंधों को मजबूत करने तथा उन्हें नए और उभरते क्षेत्रों में बढ़ाने पर केंद्रित होगी। मोदी और मैक्रों क्षेत्रीय तथा वैश्विक महत्व के मुद्दों पर भी विचारों का आदान-प्रदान करेंगे। राष्ट्रपति मैक्रों भारत की मेजबानी में आयोजित इम्पैक्ट समिट में भाग लेने के लिए प्रधानमंत्री मोदी के बुलावे पर 17 से 19 फरवरी तक भारत की आधिकारिक यात्रा पर हैं। मुंबई में वह मोदी के साथ द्विपक्षीय शिखरवार्ता में भाग लेंगे।

तीन दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर आये इमैनुएल मैक्रों

फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों भारत की तीन दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर देर रात मुंबई पहुंचे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे और दोनों नेताओं के बीच यह बातचीत रक्षा, कृत्रिम बुद्धिमता (एआई), महत्वपूर्ण खनिजों और उभरती प्रौद्योगिकियों के क्षेत्र में भारत-फ्रांस रणनीतिक साझेदारी को नयी ऊंचाई पर ले जाने का संकेत है।

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया पर व्यक्तिगत रूप से स्वागत करते हुए लिखा, “मेरे प्रिय मित्र इमैनुएल मैक्रों भारत में आपका स्वागत है। भारत हमारे द्विपक्षीय संबंधों को नयी ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए उत्सुक है। आपसे मुंबई और बाद में दिल्ली में मुलाकात होगी।” दोनों नेता आज मुंबई के लोक भवन में व्यापक द्विपक्षीय चर्चा करेंगे। उम्मीद है कि वे भारत-फ्रांस रणनीतिक साझेदारी के तहत हुई प्रगति की समीक्षा करेंगे।

हिंद-प्रशांत सहयोग सहित क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान करेंगे और रक्षा, व्यापार, कौशल विकास, स्वास्थ्य सेवा, आपूर्ति शृंखला तथा महत्वपूर्ण खनिजों से संबंधित लगभग एक दर्जन समझौता पत्रों पर हस्ताक्षर के साक्षी बनेंगे। आज शाम 5:15 बजे प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति मैक्रों गेटवे ऑफ इंडिया पर संयुक्त रूप से ‘भारत-फ्रांस नवाचार वर्ष 2026’ का उद्घाटन करेंगे। वे दोनों देशों के व्यापारिक नेताओं, स्टार्टअप्स, शोधकर्ताओं और नवाचारकों की एक उच्च-स्तरीय सभा को संबोधित करेंगे, जो तकनीकी और उद्यमशीलता संबंधों को बढ़ावा देने के लिए साल भर चलने वाली पहल की औपचारिक शुरुआत होगी।

वर्ष 2017 में कार्यभार संभालने के बाद से राष्ट्रपति मैक्रों की यह चौथी भारत यात्रा है और मुंबई की उनकी पहली यात्रा है। यह यात्रा प्रधानमंत्री मोदी के निमंत्रण पर हो रही है और पिछले साल प्रधानमंत्री की फ्रांस यात्रा के दौरान अपनाये गये ‘होराइजन 2047’ रोडमैप पर आधारित है। मुंबई में आज के कार्यक्रमों के बाद राष्ट्रपति मैक्रों 18-19 फरवरी को ‘इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट’ में भाग लेने के लिए नयी दिल्ली जायेंगे। उनकी यात्रा को लेकर दक्षिण मुंबई के प्रमुख इलाकों में सुरक्षा कड़ी कर दी गयी है तथा लोक भवन और गेटवे ऑफ इंडिया के आसपास यातायात में बदलाव कर दिया गया है।

इस यात्रा को भारत की सबसे महत्वपूर्ण रणनीतिक साझेदारियों में से एक माना जा रहा है। इसका लक्ष्य दोनों पक्षों के लंबे समय से चले आ रहे रक्षा और रणनीतिक सहयोग को अत्याधुनिक तकनीकों और आर्थिक क्षेत्रों में गहरे सहयोग में बदलना है। द्विपक्षीय वार्ता के अन्य परिणामों और हस्ताक्षरित समझौतों की सूची आज बाद में एक संयुक्त प्रेस वक्तव्य में साझा किये जाने की उम्मीद है।

इन घटनाक्रमों पर भारत के रक्षा आधुनिकीकरण, एआई पारिस्थितिकी तंत्र और व्यापक वैश्विक तकनीकी नेतृत्व पर उनके प्रभाव के लिए करीब से नजर रखी जायेगी। श्री मैक्रों ने भारत-फ्रांस सहयोग संबंधों को पर कहा, “हमारी रणनीतिक साझेदारी को और भी आगे ले जाने के लिए मुंबई से नयी दिल्ली तक के तीन दिन।” राष्ट्रपति ने ‘एक्स’ पर लिखा, “मेरे साथ व्यापारिक नेता और प्रमुख आर्थिक, औद्योगिक, सांस्कृतिक और डिजिटल हितधारक हैं, जो भारत-फ्रांस के बीच के संबंधों को वास्तविक और ठोस रूप देते हैं।”

मुंबई में उतरने से पहले उन्होंने कहा, “हम भारत और फ्रांस साथ मिलकर अपने सहयोग को और भी आगे ले जायेंगे।” भारत-फ्रांस के बीच लंबे समय से रणनीतिक संबंध हैं। ये पिछले कुछ वर्षों में रक्षा, नागरिक परमाणु ऊर्जा, अंतरिक्ष सहयोग और समुद्री सुरक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों में और अधिक गहरे हुए हैं। दोनों देशों ने जलवायु पहल और हिंद-प्रशांत सहयोग पर भी मिलकर काम किया है। एआई इम्पैक्ट समिट में श्री मैक्रों की भागीदारी और द्विपक्षीय वार्ता भारत-फ्रांस साझेदारी में प्रौद्योगिकी और नवाचार के बढ़ते महत्व पर जोर देती है, क्योंकि दोनों देश अपने रणनीतिक संबंधों को मजबूत करने के साथ-साथ उभरते क्षेत्रों में सहयोग का विस्तार करना चाहते हैं।

इमैनुएल मैक्रों मरीन ड्राइव पर सुबह की सैर करते दिखे

फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने मंगलवार को यहां अपनी व्यस्त दिनचर्या की शुरुआत बेहद मशहूर रास्ते ‘मरीन ड्राइव’ पर सुबह की सैर के साथ की। फ्रांसीसी नेता, 17 से 19 फरवरी तक की तीन दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर यहां आए हुए हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ आज निर्धारित बैठक से पहले अपनी नियमित फिटनेस के लिए समय निकाल ही लिया। इस रास्ते पर सुबह-सुबह टहलने वालों ने पहले तो इस राष्ट्रप्रमुख को नहीं पहचाना। लेकिन जब यह खबर फैली तो कई दर्शक इस क्षण को अपने मोबाइल में कैद करने लगे। श्री मैक्रों का जनता के साथ सामान्य आदमी की तरह बातचीत करने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल गया।

मोदी बोले मैक्रों को पसंद आई मुंबई

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारत यात्रा पर आए फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ द्विपक्षीय वार्ता से पहले हुई मुलाकात को शानदार बताते हुए कहा कि श्री मैक्रों को फिल्म नगरी पसंद आयी है और उन्होंने सुबह-सुबह जाॅगिंग का भी मजा लिया। श्री मोदी ने मंगलवार को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि फ्रांस के राष्ट्रपति और मित्र इमैनुएल मैक्रों से मिलकर काफी खुशी हुई और उन्हें मुंबई वास्तव में ही बेहद पसंद आयी। श्री मोदी ने कहा , ” मेरे मित्र राष्ट्रपति मैक्रों से मुंबई में मिलकर खुशी हुई। उन्होंने मुझे बताया कि उन्हें शहर पसंद आया और उन्होंने सुबह दौड़ का भी मजा लिया। ”

उल्लेखनीय है कि सोमवार देर रात मुंबई पहुंचे श्री मैक्रों ने मंगलवार सुबह यहां अपनी व्यस्त दिनचर्या की शुरुआत मुंबई की बेहद मशहूर ‘मरीन ड्राइव’ पर सुबह की सैर के साथ की। फ्रांसीसी नेता, 17 से 19 फरवरी तक की तीन दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर यहां आए हुए हैं। उन्होंने श्री मोदी के साथ आज निर्धारित बैठक से पहले अपनी नियमित फिटनेस के लिए समय निकाला। मरीन ड्राइव पर सुबह-सुबह टहलने वालों ने पहले तो इस राष्ट्रप्रमुख को नहीं पहचाना। लेकिन जब यह खबर फैली तो कई दर्शक इस क्षण को अपने मोबाइल में कैद करने लगे। श्री मैक्रों का जनता के साथ सामान्य आदमी की तरह बातचीत करने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल गया।

Khwaza Express

Khwaza Express Media Group has been known for its unbiased, fearless and responsible Hindi journalism since 2008. The proud journey since 16 years has been full of challenges, success, milestones, and love of readers. Above all, we are honored to be the voice of society from several years. Because of our firm belief in integrity and honesty, along with people oriented journalism, it has been possible to serve news & views almost every day since 2008.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button