देशबड़ी खबर

UP में हर्षोल्लास से मनाई गई ईद : मस्जिदों-ईदगाहों में अमन-चैन की दुआ, ऐशबाग में लगा नेताओं का जमवड़ा, ड्रोन से हुई निगरानी

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ समेत राज्यभर की ईदगाहों और मस्जिदों में ईद-उल-फितर का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया और नमाज अदा की गई। संभल, कौशांबी, देवरिया और अमेठी समेत विभिन्न जिलों से त्योहार उल्लासपूर्वक मनाया गया। लखनऊ के ऐशबाग ईदगाह में मुख्य नमाज हुई, जहां बड़ी संख्या में नमाजी पहुंचे। मौलाना खालिद रशीद फरंगी महली की अगुवाई में नमाज अदा की गई और देश में अमन-चैन, तरक्की और भाईचारे के लिए दुआ की गई।

ऐशबाग ईदगाह में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं पूर्व मंत्री राजेंद्र चौधरी, पूर्व मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दीकी तथा कांग्रेस की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष अजय राय ने पहुंचकर अमन-चैन की दुआ की। भारतीय जनता पार्टी के राज्यसभा सदस्य एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने भी ईदगाह पहुंचकर लोगों को बधाई दी। जानकारों के अनुसार, सुन्नी समुदाय के नमाजियों ने ऐशबाग ईदगाह और टीले वाली मस्जिद (चौक) में नमाज अदा की, जबकि शिया समुदाय के लोगों ने आसिफी मस्जिद (बड़ा इमामबाड़ा) और ठाकुरगंज स्थित जामा मस्जिद में नमाज पढ़ी।

संभल जिले में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच ईद की नमाज शांतिपूर्वक संपन्न हुई। 30 दिन के रोजे के बाद शाही जामा मस्जिद और ईदगाह में भारी संख्या में नमाजियों ने नमाज अदा कर देश की खुशहाली और तरक्की के लिए दुआ मांगी। सपा नेता फिरोज खान ने ईदगाह पहुंचे नमाजियों पर पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया और नवरात्र के दौरान हिंदू श्रद्धालुओं पर भी पुष्पवर्षा कर प्रेम और भाईचारा बढ़ाने की बात कही।

सिरसी कस्बे में कुछ लोगों ने ईरान पर अमेरिका के हमले के विरोध में बाहों पर काली पट्टी बांधकर नमाज अदा की। संभल के पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार बिश्नोई ने बताया कि जिले में 765 मस्जिदों और 117 ईदगाहों में नमाज अदा की गई। समाजवादी पार्टी के सांसद जिया उर रहमान वर्क ने सिरसी में काली पट्टी बांधकर विरोध दर्ज करने के सवाल पर कहा कि शांतिपूर्ण विरोध उनका अधिकार है।

कौशांबी जिले में अकीदत के साथ ईद मनाई गई और ईदगाहों में हजारों हाथ अमन-चैन के लिए दुआ में उठे। मुख्य नमाज मंझनपुर स्थित शाही ईदगाह में अदा की गई। पुलिस सुरक्षा व्यवस्था के लिए मुस्तैद रही। देवरिया जिले में भी ईद-उल-फितर उल्लासपूर्वक मनाया गया। शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन सतर्क रहा।

जिलाधिकारी दिव्या मित्तल और पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन ने कोतवाली क्षेत्र स्थित मालवीय रोड ईदगाह, जामा मस्जिद सहित अन्य प्रमुख स्थलों का निरीक्षण किया। अमेठी जिले में ईद का त्योहार भाईचारे के माहौल में मनाया गया। कड़े सुरक्षा इंतजाम और ड्रोन कैमरों की निगरानी में 117 मस्जिदों और 110 ईदगाहों में नमाज अदा की गई। जिलाधिकारी संजय चौहान और पुलिस अधीक्षक सरवणन टी जायस ईदगाह में मौजूद रहे और सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी के साथ लोगों को ईद की शुभकामनाएं दीं।

Khwaza Express

Khwaza Express Media Group has been known for its unbiased, fearless and responsible Hindi journalism since 2008. The proud journey since 16 years has been full of challenges, success, milestones, and love of readers. Above all, we are honored to be the voice of society from several years. Because of our firm belief in integrity and honesty, along with people oriented journalism, it has been possible to serve news & views almost every day since 2008.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button