डिप्टी सीएम का दौरा: कलेक्ट्रेट में समीक्षा, इन्वर्टिस में नारी वंदन; विपक्ष पर तीखे हमले

संवाददाता ख्वाजा एक्सप्रेस
बरेली। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शुक्रवार को बरेली दौरे के दौरान कलेक्ट्रेट सभागार में प्रशासनिक समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की और बाद में इन्वर्टिस यूनिवर्सिटी में आयोजित नारी वंदन कार्यक्रम में भाग लिया। सर्किट हाउस में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला और महिला सशक्तिकरण को लेकर केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं को निर्णायक बताया।
कलेक्ट्रेट में समीक्षा बैठक, अधिकारियों को सख्त निर्देश
कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में उप मुख्यमंत्री ने जनसमस्याओं के त्वरित एवं संतोषजनक निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि किसी समस्या का समाधान संभव न हो तो संबंधित व्यक्ति को स्पष्ट कारण बताया जाए। आगामी चुनावी परिप्रेक्ष्य को देखते हुए उन्होंने जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया।
गन्ना किसानों के भुगतान की समीक्षा करते हुए बकाया शीघ्र निपटाने के निर्देश दिए गए। गेहूं खरीद में पारदर्शिता बनाए रखने, बिचौलियों पर रोक लगाने और अवैध वसूली करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया। अवैध खनन, अवैध निर्माण पर सख्ती, हाईवे निर्माण से क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत तथा तहसील, थाना व विकास खंड स्तर पर शिकायत निस्तारण प्रणाली को मजबूत करने पर भी जोर दिया गया।
शिक्षा, परिवहन समेत अन्य विभागों में शिकायतों पर कार्रवाई, विद्यालयों में मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता, योजनाओं का भौतिक सत्यापन, विद्युत आपूर्ति सुधार, अवैध कब्जों की समाप्ति और गौशालाओं की निगरानी सुदृढ़ करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में मंत्री अरुण कुमार, सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार, विधायक डॉ. राघवेंद्र शर्मा, संजीव अग्रवाल, क्षेत्रीय अध्यक्ष दुर्विजय सिंह शाक्य सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। साथ ही एडीजी रमित शर्मा, डीआईजी अजय कुमार साहनी, जिलाधिकारी अविनाश, सीडीओ देवयानी, नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य और एसएसपी अनुराग आर्य सहित अधिकारी उपस्थित रहे।
इन्वर्टिस में नारी वंदन, सर्किट हाउस में विपक्ष पर हमला
इसके बाद उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य इन्वर्टिस यूनिवर्सिटी में आयोजित नारी वंदन कार्यक्रम में पहुंचे। सर्किट हाउस में प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने कांग्रेस, सपा और टीएमसी पर निशाना साधते हुए कहा कि देश की महिलाएं अब जागरूक हो चुकी हैं और उनका अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने आरोप लगाया कि महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने के मुद्दे पर विपक्षी दलों ने बाधाएं उत्पन्न कीं। इसे उन्होंने “देश की आधी आबादी के अधिकारों के साथ अन्याय” बताते हुए “काला दिन” कहा। संसद में हुए घटनाक्रम का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण विधेयक के दौरान विपक्ष का व्यवहार महिलाओं के सम्मान के खिलाफ था।
“नारों से नहीं, संसद में होती है असली परीक्षा”
केशव प्रसाद मौर्य ने प्रियंका गांधी के ‘लड़की हूं, लड़ सकती हूं’ नारे पर भी कटाक्ष करते हुए कहा कि असली परीक्षा संसद में होती है, न कि केवल नारों में। उन्होंने नरेंद्र मोदी सरकार की उज्ज्वला योजना, लखपति दीदी, सौभाग्य योजना और आयुष्मान योजना का जिक्र करते हुए कहा कि इन योजनाओं ने महिलाओं के जीवन में व्यापक बदलाव लाया है।
2027 चुनाव पर भी साधा निशाना
आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर उन्होंने सपा और अखिलेश यादव पर हमला बोलते हुए कहा कि 2027 में सपा की स्थिति कमजोर होगी। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा शासन में अराजकता का माहौल था। साथ ही दावा किया कि जब विपक्षी नेता जनता के बीच जाएंगे, तो महिलाएं ही उन्हें जवाब देंगी।
कार्यक्रम के बाद उप मुख्यमंत्री पूर्व सांसद धर्मेंद्र कश्यप के आवास भी पहुंचे और उनसे मुलाकात की। पूरे दौरे के दौरान भाजपा नेताओं की सक्रियता और शक्ति प्रदर्शन भी देखने को मिला।



