देश

मन की बात : प्रधानमंत्री मोदी बोले- जनगणना 2027 में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी अत्यंत अहम है

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को कहा कि वर्तमान में जारी जनगणना केवल सरकार का काम नहीं है बल्कि यह सभी नागरिकों की जिम्मेदारी है तथा इसमें सभी की भागीदारी अहम है। मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ में अपने संबोधन में मोदी ने यह भी कहा कि जनगणना के दौरान लोगों द्वारा दी गई सभी जानकारी सुरक्षित और गोपनीय रहेगी। उन्होंने सभी नागरिकों से इस प्रक्रिया में भाग लेने और जनगणना 2027 को सफल बनाने की अपील की।

उन्होंने कहा, ”साथियो, देश की जनगणना सिर्फ सरकारी काम नहीं है। यह हम सब की जिम्मेदारी है। आपकी भागीदारी बहुत जरूरी है। आपकी दी गई जानकारी पूरी तरह सुरक्षित रहती है, यह गोपनीय रखी जाती है, डिजिटल सुरक्षा के साथ इसे सुरक्षित किया जाता है।” प्रधानमंत्री ने कहा कि जनगणना देश में जारी एक अत्यंत अहम अभियान है और प्रत्येक भारतीय को इसके बारे में जागरूक होना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि जनगणना का यह अभियान दुनिया की सबसे बड़ी जनगणना है।

उन्होंने कहा, ”जनगणना 2027 को डिजिटल बनाया गया है। सारी जानकारी सीधे डिजिटल माध्यम में दर्ज हो रही है।” मोदी ने कहा कि घर-घर जाने वाले कर्मचारियों के पास मोबाइल ऐप है और वे हर किसी से बात करके वहीं पर उसी मोबाइल ऐप में जानकारी दर्ज करेंगे। उन्होंने कहा, ”साथियो, इस बार जनगणना में आपकी भागीदारी भी आसान बनाई गई है, आप खुद भी अपनी जानकारी दर्ज कर सकते हैं। कर्मचारी के आने से 15 दिन पहले आपके लिए सुविधा शुरू होगी। आप अपने समय के अनुसार जानकारी भर सकते हैं।”

उन्होंने कहा कि प्रक्रिया पूरी होने पर आपको एक विशेष आईडी मिलती है और ये आईडी आपके मोबाइल या ईमेल पर आती है। उन्होंने कहा, ”बाद में जब कर्मचारी आपके घर आता है, तो आप यही आईडी दिखाकर जानकारी की पुष्टि कर सकते हैं।” मोदी ने कहा कि इससे दोबारा जानकारी देने की जरूरत नहीं पड़ती, समय भी बचता है और प्रक्रिया आसान हो जाती है।

उन्होंने कहा कि जिन राज्यों में स्व-गणना का काम पूरा हो गया है, वहां गणना कर्मचारी द्वारा घरों के सूचीकरण का कार्य भी शुरू कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि अब तक लगभग एक करोड़ 20 लाख परिवारों का मकान सूचीकरण का कार्य पूरा भी हो चुका है। पीएम मोदी ने कहा कि जो पहले से इस तरह की प्रक्रिया से गुजरे हैं, इस बार जनगणना का उनका अनुभव अलग होने वाला है। उन्होंने कहा, ”आइए, हम सब मिलकर इस प्रक्रिया में भाग लें। जनगणना 2027 को सफल बनाएं।”

Khwaza Express

Khwaza Express Media Group has been known for its unbiased, fearless and responsible Hindi journalism since 2008. The proud journey since 16 years has been full of challenges, success, milestones, and love of readers. Above all, we are honored to be the voice of society from several years. Because of our firm belief in integrity and honesty, along with people oriented journalism, it has been possible to serve news & views almost every day since 2008.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button