देशबड़ी खबर

तमिलनाडु के ‘थलाइवर’ बने विजय : पीएम मोदी – राहुल गांधी समेत दिग्गजों ने दी नए मुख्यमंत्री को बधाई

चेन्नई। दक्षिण भारतीय सिनेमा के सुपरस्टार से राजनेता बने जोसेफ चंद्रशेखर विजय ने रविवार को तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेकर राज्य की राजनीति में एक नये युग की शुरुआत कर दी है। इस ऐतिहासिक राज्याभिषेक पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने उन्हें विशेष रूप से बधाई देते हुए राज्य के विकास के लिए मिलकर काम करने की इच्छा जतायी है। इनके अलावा कई दिग्गज नेताओं और अभिनेताओं ने उन्हें बधाई दी है।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री नारा चंद्रबाबू नायडू और दिग्गज अभिनेता और नेता कमल हासन ने भी विजय को मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी संभालने पर अपनी शुभकामनाएं प्रेषित की हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने अपने बधाई संदेश में विश्वास जताया है कि विजय के नेतृत्व में तमिलनाडु प्रगति की नयी ऊंचाइयों को छुएगा।

राहुल गांधी ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जनता ने जिस भरोसे के साथ उन्हें सत्ता सौंपी है, वह लोकतंत्र की जीत है। पड़ोसी राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने भी इस अवसर पर गर्मजोशी दिखाई। तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी और आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने श्री विजय को बधाई देते हुए अंतर-राज्यीय संबंधों को और मजबूत करने की उम्मीद जतायी। वहीं अपने ‘छोटे भाई’ को मुख्यमंत्री की कुर्सी पर देखते हुए कमल हासन ने भावुक बधाई दी और इसे तमिल राजनीति के लिए क्रांतिकारी बदलाव बताया।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी विजय को मुख्यमंत्री बनने पर बधाई देते हुए कहा कि एक जनप्रिय अभिनेता का मुख्यमंत्री के रूप में चुना जाना जनता के अटूट प्यार का प्रमाण है। तमिलनाडु के स्थानीय राजनीतिक हलकों में भी उन्हें जबरदस्त समर्थन मिल रहा है।

निवर्तमान सरकार के प्रमुख चेहरों और विपक्षी नेताओं, जिनमें उदयनिधि स्टालिन, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के. अन्नामलाई और ‘नाम तमिलर कड़गम’ के सीमान ने भी विजय को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर बधाई दी है। फिल्मों के ‘इलैया थलपति’ (युवा कमांडर) से अब प्रदेश के असली ‘थलाइवर’ (प्रमुख) बने विजय के कंधों पर अब तमिलनाडु के करोड़ों लोगों की उम्मीदों का भार है।

अभिनेताओं में आर. माधवन ने राज्य के नये मुख्यमंत्री विजय की एक तस्वीर साझा करते हुए उनके प्रति अपना गर्व व्यक्त किया। उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा, “मेरे प्यारे भाई, आपको बहुत-बहुत शुभकामनाएं। मुख्यमंत्री के रूप में आपका कार्यकाल हमारे राज्य के लिए सबसे प्रभावशाली और फलदायी साबित हो। ईश्वर आपको वह शक्ति प्रदान करे, जिससे आप जनता की भलाई के लिए वे सभी कार्य कर सकें जो आप करना चाहते हैं।”

वहीं, दिग्गज अभिनेता सत्यराज ने विजय की जीत ‘ऐतिहासिक’ बताते हुए लंबा नोट लिखा। उन्होंने कहा कि यह जीत उन लोगों के लिए मिसाल है, जो मुश्किल समय में भी अपने सिद्धांतों पर अडिग रहते हैं। उन्होंने इस सफलता को केवल राजनीतिक जीत नहीं, बल्कि तमिलनाडु के लिए एक नये रास्ते और नयी उम्मीद का जनादेश बताया। इनके अलावा अभिनेत्री पूजा हेगड़े ने उन्हें ‘मुख्यमंत्री विजय सर’ कहकर संबोधित करते हुए अपनी शुभकामनाएं दीं है।

जाने-माने अभिनेता प्रकाश राज ने भी ‘एक्स’ पर पोस्ट साझा कर विजय को नयी जिम्मेदारी के लिए बधाई दी और कामना की कि उनके शासन में राज्य और अधिक समृद्ध हो। वहीं आरजे बालाजी ने विजय और उनके मंत्रिमंडल को बधाई देते हुए खुशी जाहिर की। उन्होंने लिखा कि विजय के नेक इरादों को देखते हुए वे एक ऐसी समावेशी और प्रगतिशील सरकार की उम्मीद कर रहे हैं, जो इस गौरवशाली राज्य को अगले स्तर पर ले जायेगी।

Khwaza Express

Khwaza Express Media Group has been known for its unbiased, fearless and responsible Hindi journalism since 2008. The proud journey since 16 years has been full of challenges, success, milestones, and love of readers. Above all, we are honored to be the voice of society from several years. Because of our firm belief in integrity and honesty, along with people oriented journalism, it has been possible to serve news & views almost every day since 2008.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button