देश

Assam Government 2.0 : नितिन नबीन ने सीएम हिमंता को दी बधाई, कहा- असम की ‘डबल इंजन’ सरकार जन कल्याण कार्यक्रमों में लाएगी तेजी

गुवाहाटी। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष नितिन नबीन ने मंगलवार को कहा कि असम की ‘डबल इंजन’ सरकार विकास गतिविधियों, निवेश और जन कल्याण कार्यक्रमों में तेजी लाएगी। नितिन नवीन ने असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा के शपथ ग्रहण समारोह में हिस्सा लिया और दूसरी बार पदभार संभालने पर शर्मा को बधाई दी।

नबीन ने ‘एक्स’ पर पोस्ट में कहा, ”यह अवसर असम के सुशासन, स्थिरता और विकास की दिशा में जारी यात्रा को नयी गति प्रदान करने का प्रतीक है। ‘डबल इंजन’ राजग सरकार के रूप में, केंद्र और राज्य के बीच यह समन्वय मूलभूत अवसंरचना, निवेश, कनेक्टिविटी और जन कल्याण जैसे क्षेत्रों में नई ऊर्जा और गति प्रदान करेगा।”

भाजपा नेता “डबल इंजन” शब्द का प्रयोग पार्टी के केंद्र और राज्य दोनों में सत्ता में होने पर करते हैं। नबीन ने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में सरमा का प्रशासन राज्य को प्रगति और समृद्धि की नयी ऊंचाइयों पर ले जाएगा। भाजपा अध्यक्ष नवीन ने कहा, ”माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के मार्गदर्शन में असम आज पूर्वोत्तर के विकास के इंजन के रूप में उभर रहा है और पूरे क्षेत्र की प्रगति और समृद्धि का नेतृत्व कर रहा है।”

उन्होंने कहा कि कनेक्टिविटी, शांति और सांस्कृतिक पहचान के संरक्षण की दिशा में किए गए अभूतपूर्व प्रयासों ने राज्य को विकास की एक नई पहचान दी है। विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की प्रचंड जीत का उल्लेख करते हुए नवीन ने कहा, ”यह शानदार जनादेश असम की जनता के अटूट विश्वास और विकास की राजनीति के प्रति उनके स्पष्ट समर्थन का प्रमाण है।”

इससे पहले दिन में, असम के राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य ने हिमंत विश्व शर्मा को मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलायी। इसके साथ ही चार विधायकों ने भी मंत्री के रूप में शपथ ली जिनमें भाजपा के रामेश्वर तेली और अजंता नियोग, सहयोगी दल असम गण परिषद (अगप) के अतुल बोरा और बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (बीपीएफ) के चरण बोरो शामिल हैं।

नबीन ने कहा, “असम के नवगठित मंत्रिमंडल में शपथ ग्रहण करने पर रामेश्वर तेली जी, अतुल बोरा जी, चरण बोरा जी और अजंता नियोग जी को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं।” सोशल मीडिया पर पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए सरमा ने अपने शुभचिंतकों को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा, “आपके मार्गदर्शन में, भाजपा असम अपने जन कल्याणकारी प्रयासों को और तेज करेगी और आदरणीय नरेन्द्र मोदी जी के विकसित असम के संकल्प को साकार करने की दिशा में दृढ़ता से आगे बढ़ती रहेगी।”

Khwaza Express

Khwaza Express Media Group has been known for its unbiased, fearless and responsible Hindi journalism since 2008. The proud journey since 16 years has been full of challenges, success, milestones, and love of readers. Above all, we are honored to be the voice of society from several years. Because of our firm belief in integrity and honesty, along with people oriented journalism, it has been possible to serve news & views almost every day since 2008.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button