पंजाबराज्य

विधायक जिंपा ने सड़कों के पैच वर्क और निर्माण कार्यों में तेजी लाने के दिए निर्देश

होशियारपुर, 13 मईः शहर और आसपास के क्षेत्रों में सड़कों की बदहाल स्थिति को गंभीरता से लेते हुए विधायक ब्रम शंकर जिंपा ने बुधवार को डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन की मौजूदगी में जालंधर-होशियारपुर नेशनल हाईवे तथा ऊना रोड नेशनल हाईवे से संबंधित विभिन्न सड़कों की मरम्मत और निर्माण कार्यों की समीक्षा के लिए उच्च स्तरीय बैठक की। बैठक में लोक निर्माण विभाग (नेशनल हाईवे डिवीजन), नेशनल हाईवे अथॉरिटी तथा नगर निगम के अधिकारियों ने भाग लिया।

बैठक के दौरान विधायक ब्रम शंकर जिंपा ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि लोगों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए और सड़क मरम्मत कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम से पहले सभी प्रमुख मार्गों को पूरी तरह मोटरेबल बनाया जाए ताकि आम लोगों, व्यापारियों और यात्रियों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

लोक निर्माण विभाग नेशनल हाईवे डिवीजन के अधिकारियों ने विधायक को जानकारी देते हुए बताया कि बंजरबाग से चौहाल तक पैच वर्क का कार्य पूरा कर लिया गया है, जबकि अंबे वैली रोड पर मरम्मत कार्य तेजी से जारी है। इसके अलावा के.एफ.सी चौक से प्रभात चौक तक सड़क के पैच वर्क का काम वीरवार तक पूरा कर लिया जाएगा। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि तय समय सीमा के भीतर सभी कार्य गुणवत्ता मानकों के अनुसार पूरे किए जाएंगे।

बैठक में ऊना रोड नेशनल हाईवे से संबंधित कार्यों की भी विस्तार से समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि बजवाड़ा भट्ठा चौक से हिमाचल सीमा तक पैच वर्क का कार्य पूरा करवा दिया गया है। इस पर विधायक जिंपा ने निर्देश दिए कि हिमाचल सीमा के समीप सड़क किनारे बरम और डंगों को मजबूत करने का कार्य भी प्राथमिकता के आधार पर किया जाए, ताकि बरसात के दिनों में सड़क को किसी प्रकार का नुकसान न पहुंचे और राहगीरों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

ऊना रोड के स्थायी निर्माण संबंधी प्रोजेक्ट पर चर्चा करते हुए नेशनल हाईवे अथॉरिटी के अधिकारियों ने बताया कि वन विभाग से आवश्यक अप्रूवल की प्रक्रिया प्रगति पर है और अनुमति मिलते ही सड़क निर्माण का कार्य नियमानुसार शुरू कर दिया जाएगा। विधायक जिंपा ने कहा कि यह मार्ग क्षेत्र की जीवनरेखा है और इसके निर्माण में किसी प्रकार की देरी लोगों की परेशानियों को बढ़ाती है, इसलिए संबंधित विभाग सभी प्रक्रियाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करें।

इस दौरान विधायक जिंपा ने नगर निगम अधिकारियों को प्रभात चौक क्षेत्र में सड़क के नीचे से हो रही पानी की लीकेज की समस्या को तत्काल प्रभाव से ठीक करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जब तक लीकेज की समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया जाएगा, तब तक सड़क निर्माण कार्य प्रभावित होता रहेगा।

बैठक में डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन ने विधायक को आश्वस्त करते हुए कहा कि उनके ध्यान में लाई गई सभी समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और सड़क मरम्मत व निर्माण कार्यों में गुणवत्ता तथा समयबद्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि लोगों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा सकें। इस मौके पर एस.डी.एम होशियारपुर परमप्रीत सिंह, एक्सीयन लोक निर्माण विभाग गुरमीत सिंह, एक्सीयन नगर निगम कुलदीप सिंह, हरप्रीत सिंह व अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।

Khwaza Express

Khwaza Express Media Group has been known for its unbiased, fearless and responsible Hindi journalism since 2008. The proud journey since 16 years has been full of challenges, success, milestones, and love of readers. Above all, we are honored to be the voice of society from several years. Because of our firm belief in integrity and honesty, along with people oriented journalism, it has been possible to serve news & views almost every day since 2008.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button