पंजाबराज्य

फिरोजपुर के दुकानदार हत्याकांड में शामिल दो शूटर जम्मू-कश्मीर से गिरफ्तार; एक पिस्तौल बरामद

चंडीगढ़/फिरोजपुर, 7 जून:

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशों पर पंजाब को सुरक्षित राज्य बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) पंजाब ने फिरोजपुर पुलिस और जम्मू-कश्मीर पुलिस के साथ पूर्ण समन्वय में चलाए गए संयुक्त अभियान के दौरान फिरोजपुर के एक दुकानदार की हत्या के मामले में शामिल राजस्थान के दो शूटरों को जम्मू-कश्मीर से गिरफ्तार किया है। यह जानकारी पुलिस डायरैक्टर जनरल (डीजीपी) पंजाब गौरव यादव ने आज यहाँ सांझी की।


गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान विष्णु कुमार निवासी रूपबास, भरतपुर (राजस्थान) और राहुल महावर निवासी अनंतपुरा, कोटा (राजस्थान) के रूप में हुई है। पुलिस टीमों ने उनके कब्जे से एक .30 बोर की बेरेटा पिस्तौल और 10 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।

जानकारी के अनुसार, 1 जून 2026 को मखू (फिरोजपुर) में स्थित गाबा जनरल स्टोर के मालिक गुरचरण सिंह गाबा की मोटरसाइकिल पर सवार दो हमलावरों ने तीन गोलियां मारकर हत्या कर दी थी।

डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी विष्णु का जबरन वसूली, डकैती, चोरी और आर्म्स एक्ट के उल्लंघन से संबंधित आपराधिक रिकॉर्ड है। उस पर राजस्थान पुलिस द्वारा 10,000 रुपये का इनाम भी घोषित किया गया है। मामले की आगे की जांच जारी है।

इस संबंध में अधिक विवरण साझा करते हुए अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (एडीजीपी) ए.जी.टी.एफ. प्रमोद बान ने कहा कि वारदात के बाद ए.जी.टी.एफ. पंजाब द्वारा डीएसपी राजन परमिंदर सिंह की निगरानी में ‘‘हिल ट्रैप’’ नाम का विशेष अभियान चलाया गया और राजस्थान में बड़े स्तर पर छापेमारी की गई।

उन्होंने बताया कि इन छापेमारियों के दौरान मिली पुख्ता जानकारी के अनुसार मुलजिमों के जम्मू-कश्मीर में छिपने के ठिकाने हैं, जिस पर तेजी से कार्रवाई करते हुए ए.जी.टी.एफ. पंजाब, फिरोजपुर पुलिस और जम्मू-कश्मीर पुलिस द्वारा संयुक्त अभियान चलाया गया।

एडीजीपी ने बताया कि मुलजिमों को जम्मू-कश्मीर में पुलिस स्टेशन कूद्द के पास पतनीटॉप-कुड़ रोड पर लगाए गए नाके पर रोका गया। पुलिस टीम को देखते ही मुलजिमों ने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने बड़ी मुस्तैदी से दोनों मुलजिमों को एक पिस्तौल समेत सफलतापूर्वक गिरफ्तार कर लिया।

फिरोजपुर के सीनियर सुपरिंटेंडेंट (एसएसपी) भूपिंदर सिंह सिद्धू ने कहा कि पुलिस टीमें अब घटना के पीछे की असली साजिश का पर्दाफाश करने में जुटी हुई हैं। इसके तहत हमले की योजना बनाने वाले, वित्तीय सहायता देने वाले या अन्य सुविधाएं मुहैया कराने वाले व्यक्तियों की तलाश की जा रही है।

इस मामले में एफआईआर नंबर 111 दिनांक 01.06.2026 को बीएनएस की धारा 103 एवं 3(5) तथा हथियार एक्ट की धारा 25 एवं 27 के तहत फिरोजपुर के पुलिस स्टेशन मख्खू में पहले ही केस दर्ज किया जा चुका है।

Khwaza Express

Khwaza Express Media Group has been known for its unbiased, fearless and responsible Hindi journalism since 2008. The proud journey since 16 years has been full of challenges, success, milestones, and love of readers. Above all, we are honored to be the voice of society from several years. Because of our firm belief in integrity and honesty, along with people oriented journalism, it has been possible to serve news & views almost every day since 2008.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button