पुणे के पिंपरी-चिंचवड़ में तीन मंजिला इमारत ढही, 15 लोगों के दबे होने की आशंका

पुणे: पुणे के पिंपरी-चिंचवड़ महानगरपालिका (PCMC) के मोशी कचरा डिपो परिसर में आज एक बड़ा हादसा हो गया है। यहां एक 3 मंजिला इमारत ढह गई। अचानक हुए इस हादसे से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। जिस वक्त यह हादसा हुआ उस वक्त इमारत में कई लोग मौजूद थे। इमारत के मलबे में करीब 15 लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है।
राहत और बचाव का काम जारी
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन पूरे अमले के साथ घटनास्थल पर पहुंचा और राहत-बचाव का काम शुरू कर दिया। पुणे आपदा प्रबंधन विभाग और दमकल विभाग की टीमें भी मौके पर मौजूद हैं। राहत और बचाव का काम युद्धस्तर पर चल रहा है।
पिंपरी-चिंचवड़ के मेयर रवि लांडगे के अनुसार, जब स्लैब गिरा, तो बिल्डिंग के अंदर ऑफिस कर्मचारी लंच कर रहे थे। दो लोग खुद बाहर निकलने में कामयाब रहे, जबकि रेस्क्यू टीमें बाकी लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के काम में जुटी रहीं। मेयर लांडगे ने बताया कि फंसे हुए सभी लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है और पुष्टि की कि किसी की मौत की खबर नहीं है।
महाराष्ट्र में भारी बारिश
यह घटना ऐसे समय में हुई है जब महाराष्ट्र में मॉनसून की ज़बरदस्त बारिश हो रही है। पुणे और पिंपरी-चिंचवड़ में पिछले एक हफ़्ते से लगातार बारिश हो रही है, जिससे बाढ़ और जलभराव की स्थिति बन गई है और बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचा है।
बाढ़ की आशंका वाले इलाकों से 6,000 से ज़्यादा लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया गया है। वहीं, भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) द्वारा लगातार भारी बारिश की चेतावनी (ऑरेंज अलर्ट) जारी किए जाने के बाद पुणे के कुछ हिस्सों में स्कूल और कॉलेज बंद कर दिए गए हैं। ज़िले में जुलाई के पहले हफ़्ते में ही औसत मासिक बारिश से ज़्यादा बारिश हो चुकी है।



