विदेश

कनाडा में भारतीय मूल की महिला को सड़क पर मारी गई गोली, हत्या के मामले में दबोचा गया संदिग्ध

कनाडा के टोरंटो शहर में भारतीय मूल की 26 वर्षीय महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने मामले की जानकारी देते हुए कहा कि यह हमला संभवतः सोच-समझकर किया गया था। हत्या के आरोप में भारतीय मूल के ही एक 37 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया गया।

आरोपी की हुई पहचान

टोरंटो पुलिस सर्विस ने शनिवार को एक बयान में बताया कि गोलीबारी की घटना शुक्रवार सुबह हम्बरवुड बुलेवार्ड और रेक्सडेल बुलेवार्ड (सड़क का नाम) के चौराहे पर हुई। मृतक महिला की पहचान नवनीत कौर के तौर पर हुई, जबकि ओंटारियो प्रोविंशियल पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान ब्रैम्पटन के शरणजीत सिंह के तौर पर हुई।

महिला की मौके पर ही हुई मौत

पुलिस ने कहा कि सुबह करीब 7:23 बजे गोलीबारी की सूचना मिलने पर अधिकारी मौके पर पहुंचे और कौर को गोली लगी हुई हालत में पाया। जान बचाने की कोशिशों के बावजूद, उन्हें मौके पर ही मृत घोषित कर दिया गया।

गोली मारने के बाद भागा आरोपी, बाद में हुआ गिरफ्तार

जांचकर्ताओं के अनुसार, महिला और संदिग्ध के बीच किसी बात को लेकर बहस हुई थी। इसके बाद उस व्यक्ति ने उसे गोली मार दी और पुलिस के आने से पहले ही आरोपी मौके से भाग गया। बाद में उसका पता लगाकर उसे गिरफ़्तार कर लिया गया।

सोच-समझकर की गई हत्या

आरोपी शरणजीत सिंह पर फर्स्ट-डिग्री मर्डर और अंडरटेकिंग (कानूनी वचन) का पालन न करने का आरोप लगाया गया है। जांचकर्ताओं का मानना ​​है कि यह घटना सोच-समझकर की गई थी और अब कोई अन्य संदिग्ध नहीं है। होमिसाइड यूनिट (हत्या की जांच करने वाली इकाई) मामले की जांच कर रही है।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, एक गवाह ने पुलिस को बताया कि कौर हम्बरवुड बुलेवार्ड पर चल रही थीं, तभी एक व्यक्ति उनके पास आया, थोड़ी देर बात की और फिर एक बार गोली मारकर पैदल ही भाग गया। महिला को गिरते हुए देखकर गवाह ने तुरंत इमरजेंसी सर्विस को फोन किया।

पिछले हफ्ते भी एक महिला की हुई थी हत्या

यह घटना इस महीने की शुरुआत में अल्बर्टा प्रांत की राजधानी एडमोंटन में भारतीय मूल की एक अन्य महिला की उसके साथी द्वारा हत्या किए जाने के कुछ दिनों बाद हुई है। पिछले हफ्ते, 22 वर्षीय रितेश कुमार को गिरफ्तार किया गया था। उस पर सेकंड-डिग्री मर्डर का आरोप लगाया गया। उस पर अपनी 23 वर्षीय साथी दमनप्रीत कौर का गला घोंटकर हत्या करने का आरोप है। पुलिस ने इसे ‘इंटिमेट पार्टनर होमिसाइड’ (साथी द्वारा की गई हत्या) बताया है। (पीटीआई के इनपुट के साथ)

Khwaza Express

Khwaza Express Media Group has been known for its unbiased, fearless and responsible Hindi journalism since 2008. The proud journey since 16 years has been full of challenges, success, milestones, and love of readers. Above all, we are honored to be the voice of society from several years. Because of our firm belief in integrity and honesty, along with people oriented journalism, it has been possible to serve news & views almost every day since 2008.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button