”राहुल गांधी के भीतर अब भी सामंतवादी सोच…” हरिद्वार में कांग्रेस पर बरसे CM धामी, नकल कानून पर भी गिनाईं सरकार की उपलब्धियां

हरिद्वार। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि उनकी कुंठा और हताशा लगातार बढ़ती जा रही है। उन्होंने कहा कि देश अब बदल चुका है और जनता पुराने तौर-तरीकों से प्रभावित होने वाली नहीं है।
मुख्यमंत्री शनिवार को हरिद्वार के सप्तसरोवर मार्ग स्थित बंदी छोड़ श्री ब्रह्मनिवास आश्रम में आयोजित 51वें निर्वाण दिवस कार्यक्रम में पहुंचे थे। उन्होंने ब्रह्मलीन भूरि वाले महाराज को श्रद्धांजलि अर्पित की। धामी ने कहा कि ऐसे पवित्र स्थानों पर पहुंचना सद्गुरु की कृपा से ही संभव होता है। संत समाज और धार्मिक संस्थाओं ने हमेशा धर्म, संस्कृति और राष्ट्र की रक्षा के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
वहीं उन्होंने पश्चिम बंगाल में घुसपैठ रोकने के लिए सीमा बंदी से जुड़े सवाल पर कहा कि देश की जनता डबल इंजन की भाजपा सरकारों पर भरोसा कर रही है। उन्होंने कहा कि जहां-जहां चुनाव हो रहे हैं, वहां तुष्टिकरण की राजनीति करने वाली सरकारों को जनता सत्ता से बाहर कर रही है। बंगाल में लंबे समय से रुकी योजनाएं अब धरातल पर उतर रही हैं और विकास कार्य तुष्टिकरण के आधार पर नहीं किए जा रहे हैं।

‘राहुल गांधी के भीतर अब भी सामंतवादी सोच’
संसद में विपक्ष के हंगामे को लेकर भी धामी ने कहा कि राहुल गांधी के भीतर सामंतवादी सोच अब भी बनी हुई है। वह चाहते हैं कि संसद और देश उनकी सोच के मुताबिक चलें। मुख्यमंत्री ने कहा कि जो लोग देश की सत्ता पर अपना जन्मसिद्ध अधिकार मानते थे, आज उनके मुताबिक कुछ नहीं हो रहा है। साधारण परिवार से आने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश का नेतृत्व कर रहे हैं और हर वर्ग के लिए काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भारत आज पूरी दुनिया में अपनी पहचान बना रहा है। यही कारण है कि कुछ लोगों की हताशा और कुंठा अब खुलकर सामने आ रही है। झारखंड में चल रहे आंदोलन में राहुल गांधी की भूमिका पर धामी ने कहा कि उन्हें ऐसे मौके पर वहां नहीं जाना चाहिए था। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी छात्रों को जगह-जगह इकट्ठा कर रहे हैं और उत्तराखंड को लेकर भी गलत बयान दे रहे हैं।
‘नकल माफिया पर कार्रवाई नहीं हुई’ वाले बयान पर घेरा
मुख्यमंत्री ने कहा कि राहुल गांधी ने उत्तराखंड में आरोप लगाया था कि नकल माफिया के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई और किसी को जेल नहीं भेजा गया। जबकि राज्य में सख्त नकल कानून बनाया गया है और इसके तहत 100 से अधिक लोगों को जेल भेजा जा चुका है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में हजारों युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं। कहा कि देश अब बदल चुका है। लोगों को पुराने तौर-तरीकों से बहकाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि लंबे समय तक सत्ता में रहने के बावजूद पूर्ववर्ती सरकारें युवाओं को पर्याप्त रोजगार नहीं दे सकीं, जबकि भाजपा सरकार के कार्यकाल में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।



