उत्तर प्रदेशराज्यलखनऊ

सफाईकर्मियों को मिलेगा न्यूनतम 16 हजार रुपये मानदेय, पीएफ और बीमा की भी सुविधा: योगी आदित्यनाथ

[responsivevoice_button voice="Hindi Female"]

वाराणसी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि सफाईकर्मियों को न्यूनतम 16 हजार रुपये मानदेय दिया जाएगा। इसके साथ ही उन्हें पीएफ, सुरक्षा बीमा और इलाज की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। किसी सफाईकर्मी की मृत्यु होने पर उसके परिवार को आर्थिक सहायता दी जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि किसी सफाईकर्मी के मानदेय से अवैध कटौती की गई तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को अपने वाराणसी दौरे के दूसरे और अंतिम दिन पिपलानी कटरा स्थित सरोजा पैलेस में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। वाराणसी दक्षिणी के विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी के 76 दिवसीय वार्ड प्रवास कार्यक्रम के समापन अवसर पर उन्होंने स्वच्छता मित्रों को सम्मानित किया और उनके योगदान की सराहना की।

हर घर तक पहुंच रखने वाला जनप्रतिनिधि ही लोकप्रिय

मुख्यमंत्री ने विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी के वार्ड प्रवास कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि लोकप्रिय जनप्रतिनिधि वही होता है, जिसकी पहुंच एक-एक घर तक हो। 76 दिनों के प्रवास के दौरान 11 रविवार को जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आम लोगों तक पहुंचाया गया। इस दौरान घर-घर तक सरकारी योजनाओं की जानकारी और उनका लाभ पहुंचाने का प्रयास किया गया। उन्होंने कहा कि जागरूक जनप्रतिनिधि की जिम्मेदारी है कि वह इस तरह के शिविर आयोजित कर लोगों को सरकारी योजनाओं से जोड़े। यही ‘सर्वे भवन्तु सुखिनः’ की भावना है। उन्होंने कहा कि यह उनका सौभाग्य है कि विधायक के इस अभियान से जुड़े चौथे कार्यक्रम में भी उन्हें शामिल होने का अवसर मिला।

जागरूक जनता से ही सुरक्षित रहेंगे विकास कार्य

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार बड़े-बड़े विकास कार्य कर सकती है, लेकिन उनकी सुरक्षा और रखरखाव की जिम्मेदारी जागरूक नागरिकों की भी है। यदि जनता जागरूक नहीं होगी तो बड़े से बड़े कार्य भी धराशायी हो सकते हैं।

उन्होंने कहा कि बारिश के मौसम में वार्डों में सफाई अभियान चलाना और लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना महत्वपूर्ण है। सरकार द्वारा कराए गए निर्माण कार्य जनता की संपत्ति हैं। इनकी सुरक्षा करना और टूट-फूट से बचाना हर नागरिक की जिम्मेदारी है।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश के सभी वार्डों में इसी तरह के अभियान चलाए जाएं तो नागरिकों में जागरूकता बढ़ेगी और विकास कार्यों के प्रति जिम्मेदारी का भाव मजबूत होगा।

‘जब लोग सोकर नहीं उठते, तब सफाईकर्मी जुट जाते हैं’

सफाईमित्रों के योगदान की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जब लोग सुबह सोकर भी नहीं उठते, तब तक सफाईकर्मी अपने काम में जुट जाते हैं। वे अपने पुरुषार्थ और परिश्रम से लोगों को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराते हैं। समाज में उनका योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है और उनके सम्मान, सुरक्षा तथा सुविधाओं का ध्यान रखना आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि स्वच्छता अभियान केवल नगर निगम तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें विकास प्राधिकरण और शासन के विभिन्न विभाग भी अपनी भूमिका निभा रहे हैं। यह अभियान सभी के सहयोग से आगे बढ़ेगा। मुख्यमंत्री ने कहा हम कंक्रीट के जंगल तो खड़े कर रहे हैं लेकिन यह हमें शुद्ध वातावरण नहीं दे पाएंगे। इसके लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का कार्यक्रम ‘एक पौधा मां के नाम’ को आगे बढ़ाएं।

अखिलेश यादव पर भी साधा निशाना

मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि नागरिक तभी जागरूक होता है, जब उसके द्वारा चुने गए जनप्रतिनिधि स्वयं जागरूक हों। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जब नेतृत्व दोपहर 12 बजे सोकर उठेगा तो जनहित के कार्य कैसे होंगे। परिवार को ही पूरा प्रदेश मान लेने से दुर्गति होती है।

माफिया की जमीन पर गरीबों के लिए बनेंगी बहुमंजिला इमारतें

मुख्यमंत्री ने माफिया के खिलाफ सरकार की कार्रवाई का उल्लेख करते हुए कहा कि अब माफिया के लिए कोई जगह नहीं है। उन्होंने कहा कि माफिया से खाली कराई गई जमीनों पर गरीबों के लिए बहुमंजिला इमारतें बनाई जाएंगी। सरकार का उद्देश्य ऐसी जमीनों का इस्तेमाल जनहित में करना और जरूरतमंदों को आवास उपलब्ध कराना है।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने स्वच्छता मित्रों के कार्यों की सराहना करते हुए उनके सम्मान, आर्थिक सुरक्षा और बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता दोहराई। कार्यक्रम में राज्यमंत्री डॉ दयाशंकर मिश्र दयालु,हंसराज विश्वकर्मा, विधायक सौरभ श्रीवास्तव,विधायक अवधेश सिंह,जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्य,महापौर अशोक तिवारी आदि भी मौजूद रहे।

Khwaza Express

Khwaza Express Media Group has been known for its unbiased, fearless and responsible Hindi journalism since 2008. The proud journey since 16 years has been full of challenges, success, milestones, and love of readers. Above all, we are honored to be the voice of society from several years. Because of our firm belief in integrity and honesty, along with people oriented journalism, it has been possible to serve news & views almost every day since 2008.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button