
पंचकूला के एक सरकारी स्कूल में बच्ची पर बर्बर हमले का मामला सामने आया है। इस मामले में हरियाणा के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांढा का बयान भी सामने आ गया है। इस मामले में सरकार ने जांच के लिए कमेटी गठित कर दी है। शिक्षा मंत्री ने कहा है कि लापरवाही बरतने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया था, जिसमें छात्र द्वारा बच्ची के ऊपर ईंट से बर्बर तरीके से हमला करते हुए देखा जा सकता है। घटना का बाद से मामले की जांच की जा रही है।
तीसरी कक्षा के छात्र ने किया हमला
दरअसल, पंचकूला के सेक्टर-20 स्थित शहीद मेजर अनुज राजपूत राजकीय मॉडल संस्कृति सीनियर सेकेंडरी स्कूल में केजी कक्षा की छात्रा के साथ तीसरी कक्षा के छात्र द्वारा बेरहमी से मारपीट की गई। इस गंभीर मामले में हरियाणा सरकार ने जांच के लिए कमेटी गठित कर दी है। कमेटी पूरे मामले की जांच कर जल्द ही अपनी रिपोर्ट सरकार को सौंपेगी। हरियाणा के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि सरकार इस घटना को बेहद गंभीरता से ले रही है।
लापरवाही करने वालों पर होगी कार्रवाई
शिक्षा मंत्री महिपाल ढांढा ने कहा कि इस मामले की जांच के लिए कमेटी बनाई गई है, जो जल्द अपनी रिपोर्ट देगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच में जिसकी भी लापरवाही सामने आएगी, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। शिक्षा मंत्री ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और मामले में जिम्मेदारी तय कर उचित कार्रवाई की जाएगी।
“देखिए, जैसे ही यह मामला मेरे संज्ञान में आया और मैंने इस video को भी देखा है। सही बात यह है कि देख भी नहीं पा रहे हैं। मैंने तुरंत आला अधिकारियों को निर्देश दिया कि इस पर एक Headquarter level की कमेटी गठित की जाए। वह गठित हो गई है और उस पर तुरंत आज शाम तक या कल सुबह तक उसकी report आ जाएगी। आगामी कार्रवाई इस report आने के बाद ही होगी और इसमें जिनकी भी लापरवाही है,वह किसी भी सूरत में बख्शने योग्य नहीं है। उन पर कड़ी कार्रवाई जरूर होगी।”- महिपाल ढांढा, शिक्षा मंत्री, हरियाणा



