
अमेरिका की प्रसिद्ध टेक कंपनी Nvidia के संस्थापक और CEO जेनसन हुआंग बड़े संकट में फंस गए हैं। अमेरिका की खुफिया एजेंसियों का मानना है कि एक चीनी महिला कारोबारी ने जेनसन हुआंग के साथ करीबी रिश्ते बना लिए थे। खुफिया एजेंसियों का मानना है कि जेनसन हुआंग के साथ करीबी रिश्ते बनाने वाली महिला चीन की खुफिया एजेंसी से जुड़ी हुई थी और वह बीजिंग को गोपनीय जानकारी पहुंचाती थी।अब जेनसन हुआंग ने इस बात को स्वीकार किया है कि उनके एक महिला कारोबारी अधिकारी के साथ संबंध थे। इसके बाद Nvidia ने इस मामले की जांच की बात कही है।
मैंने अपनी पत्नी के साथ बेवफाई की- हुआंग
द न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, जेनसन हुआंग ने कंपनी के निदेशक मंडल के सामने महिला कारोबारी के साथ अंतरंग संबंध को स्वीकार किया है जिसके बारे में अमेरिकी खुफिया एजेंसियों ने पाया है कि वह चीन के लिए सूचनाएं जुटा रही थीं। जेनसन हुआंग ने इस बारे में कंपनी को एक संदेश भेजा है और माफी भी मांगी है। जेनसन ने अपने संदेश में कहा- ”मैंने अपनी पत्नी के साथ बेवफाई की। मेरे इस कृत्य से उन्हें और हमारे बच्चों को ठेस पहुंची है। मैंने जो किया, उसे किसी भी तरह सही नहीं ठहराया जा सकता। मुझे इसका गहरा अफसोस है।”
क्या है पूरा मामला?
न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, संदिग्ध चीनी जासूस महिला की पहचान एलिस हुआंग के रूप में हुई है, जिन्हें हुआंग ली के तौर पर भी जाना जाता है। जानकारी के अनुसार, महिला एक चीनी नागरिक है और वह सिंगापुर में मौजूद एक डेटा सेंटर कंपनी ‘मेगास्पीड’ में एक सीनियर ऑफिशियल है। रिपोर्ट के अनुसार, एलिस हुआंग को लेकर संदेह जताया गया है कि उन्होंने चीन को अमेरिका के उन प्रतिबंधों से बचाने में मदद की, जो कि एडवांस्ड एआई चिप तक चीन की पहुंच को रोकने के लिए लगाए गए थे। अमेरिका को इस बात की खुफिया जानकारी मिली है कि एलिस हुआंग की एनवीडिया के प्रमुख जेनसेन हुआंग के साथ नजदीकियां बढ़ गई थीं। (इनपुट: एपी)



