उत्तर प्रदेशराज्यलखनऊ

“सपाई पहले ‘जय श्रीराम’ से घबराते थे, अब ‘राधे-राधे’ सुनकर भी बेचैन,” केशव प्रसाद मौर्य ने सपा पर साधा निशाना

उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने रविवार को समाजवादी पार्टी (SP) पर तीखा प्रहार किया है। डिप्टी सीएम मौर्य ने कहा कि सपाई पहले ‘जय श्रीराम’ से घबराते थे, अब ‘राधे-राधे’ सुनकर भी बेचैन हैं। मौर्य ने यह प्रतिक्रिया सपा प्रमुख अखिलेश यादव के शनिवार को भाजपा के ‘राधे-राधे-कमल खिला दे’ नारे पर तंज कसने के एक दिन बाद व्यक्त की है।

केशव प्रसाद मौर्य ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “सपाई पहले ‘जय श्रीराम’ से घबराते थे, अब ‘राधे-राधे’ सुनकर भी बेचैन हैं!” उप मुख्यमंत्री ने कहा कि अयोध्या में ‘जय श्रीराम’ गूंजता है तो ब्रज में लोग ‘राधे-राधे’ कहकर एक-दूसरे का हाल पूछते हैं।

केशव प्रसाद मौर्य ने सपा अध्यक्ष को दी चेतावनी

उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा, “सपा बहादुर (अखिलेश यादव) को यह साफ करना चाहिए कि क्या अब प्रदेश की जनता को उनसे पूछकर अपने आराध्य का नाम लेना पड़ेगा?” मौर्य ने चेतावनी देते हुए कहा, “तुष्टीकरण में डूबी सपा कान खोलकर सुन ले, जय श्रीराम भी गूंजेगा और राधे-राधे भी।” उन्होंने दावा किया, “2027 में सत्ता में लौटने का सपाइयों का सपना फिर टूटेगा और उत्तर प्रदेश में फिर एक बार ‘कमल’ खिलेगा!”

अखिलेश यादव ने भाजपा पर कसा था तंज

इसके पहले सपा के राष्‍ट्रीय अध्यक्ष और उप्र के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शनिवार को लखनऊ स्थित सपा मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान भाजपा के नारे ‘राधे-राधे कमल खिला दे’ पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि भाजपा वालों ने दो दिन की (मथुरा की) बैठक के बाद यह नारा बनाया और उनको पता है कि कमल मुरझा रहा है। इसलिए वे ‘राधे-राधे’ कर रहे हैं और यह नारा लगा रहे हैं। सपा प्रमुख ने अपने व्यंग्य को धार देते हुए कहा कि “हमारे यहां तो विदाई के समय ही ‘राधे-राधे’ कहा जाता है। इसका मतलब है कि भाजपा की विदाई होने जा रही है।” साथ ही अखिलेश यादव ने यह दावा भी किया था कि “इस बार उप्र की जनता उनकी (भाजपा) शानदार विदाई करने जा रही है।”

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और केन्‍द्रीय वित्‍त राज्‍य मंत्री पंकज चौधरी ने मथुरा में पत्रकारों को बताया था कि भगवान श्रीकृष्ण की जन्‍मभूमि पर जब सुबह की बैठक शुरू हुई तो सबने ‘राधे-राधे, कमल खिला दे’ उद्घोष के साथ इसकी शुरुआत की। चौधरी ने कहा कि 2017 में भाजपा की जो जीत हुई थी। वह ऐतिहासिक है। अब तीसरी बार फिर भाजपा की राज्य में सरकार बनेगी। (भाषा के इनपुट के साथ)

Khwaza Express

Khwaza Express Media Group has been known for its unbiased, fearless and responsible Hindi journalism since 2008. The proud journey since 16 years has been full of challenges, success, milestones, and love of readers. Above all, we are honored to be the voice of society from several years. Because of our firm belief in integrity and honesty, along with people oriented journalism, it has been possible to serve news & views almost every day since 2008.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button