
चर्चित यूट्यूबर ध्रुव राठी मुश्किल में फंस गए हैं। साकेत कोर्ट ने ध्रुव राठी के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी कर दिया है। कोर्ट ने साल 2018 के एक मानहानि के मामले में ध्रुव राठी के खिलाफ ये फैसला दिया है। बता दें कि ध्रुव राठी जर्मनी में रहते हैं। साकेत कोर्ट ने इस मामले की अगली सुनवाई के लिए 3 दिसंबर की तारीख तय की है। आइए जानते हैं इस पूरे मामले के बारे में।
क्या है पूरा मामला?
इस मामले में शिकायतकर्ता विकास सांस्कृत्यायन ने आरोप लगाया है कि ध्रुव राठी ने BJP IT Cell Part II नाम से वीडियो जारी कर उनके खिलाफ कथित तौर पर झूठे और मानहानि करने वाले आरोप लगाए थे। विदेश में रहने वाले ध्रुव राठी के खिलाफ शिकायतकर्ता ने मानहानि की शिकायत दर्ज कराई थी। अब साकेत कोर्ट ने इस मामले में ध्रुव राठी के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया है।
ध्रुव राठी से जुड़ा यह मामला मई 2018 में राठी द्वारा जारी किए गए एक वीडियो से जुड़ा है। इस वीडियो में उन्होंने कथित तौर पर दावा किया था कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के आईटी सेल ने उन्हें बदनाम करने के लिए एक व्यक्ति को रिश्वत देने की कोशिश की थी। यह वीडियो राठी के सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट किया गया था और बाद में अरविंद केजरीवाल ने इसे रीट्वीट किया था, जो उस समय दिल्ली के मुख्यमंत्री थे।
अक्टूबर महीने में जारी हुआ था जमानती वारंट
सामने आई जानकारी के अनुसार, इससे पहले अक्टूबर महीने में कोर्ट ने ध्रुव राठी के खिलाफ जमानती वारंट जारी किया था। कोर्ट को बताया गया था कि नोटिस तामील कराने पहुंचने पर ध्रुव राठी का ठिकाना बंद मिला था। बता दें कि कोर्ट ने कहा है कि वह अब इस मामले की अगली सुनवाई 3 दिसंबर की तारीख को करेगा।
हिरासत में लिए गए थे ध्रुव राठी
आपको बता दें कि हाल ही में यूट्यूबर ध्रुव राठी 8 अक्टूबर को भारत पहुंचे थे। ध्रुव राठी ने दिल्ली में जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) की ओर से प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन में भाग लेने के का ऐलान किया था। हालांकि, प्रदर्शन में भाग लेने से पहले ध्रुव राठी को गुरुग्राम के सेक्टर 56 स्थित उनके आवास से हिरासत में ले लिया था।



