रायबरेली: पशु मेला में आम बीमारियों और पोषण के प्रति किया गया जागरूक
खीरों/ रायबरेली। विकासखंड खीरों के गांव अकोहरिया में पशु चिकित्सा अधिकारी खीरों के संयोजन में पंडित दीनदयाल उपाध्याय पशु मेले का आयोजन किया गया। जिसमें क्षेत्रीय प्रतिनिधियों व किसानों के साथ आधा दर्जन से अधिक पशु चिकित्सा विशेषज्ञों ने प्रतिभाग किया। मेले का शुभारंभ गाय माता के पूजन माल्यार्पण आरती के साथ किया गया। गौ पूजन के बाद कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भारतीय जनता पार्टी के मंडल अध्यक्ष शिवराम सिंह के द्वारा फीता काटकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।
विकास खण्ड सतांव के पशु चिकित्सा अधिकारी रमेश चंद्र के द्वारा पशुओं में होने वाली आम बीमारियों व उचित पोषण के साथ किस प्रकार स्वस्थ रखा जा सकता है बताया गया।इसी क्रम में पशु चिकित्साधिकारी खीरों डॉक्टर पंकज पटेल के द्वारा आवारा पशुओं के हित में किए जा रहे सरकारी उपक्रमों के विषय में जानकारी दी। साथ ही गौशालाओं से गोद लिए जाने वाले गोवंश पर प्रतिदिन के हिसाब से प्रति जानवर पोषण के लिए दिए जाने की जानकारी दी,तथा उचित पुष्टाहार जैविक खेती के माध्यम से पशु और किसान दोनों किस प्रकार खुशहाल हो सकते हैं,इस पर भी प्रकाश डाला गया।इसी बीच पशु चिकित्सा विभाग की ओर से मवेशियों के लिए उत्तम स्वास्थ्य हेतु पोषण सामग्री भी वितरित की गई।
कार्यक्रम में उपस्थित भूतपूर्व सैनिक पुष्पराज सिंह के द्वारा चलाई जा रहे कार्यक्रम, जिसमें बीमारी बेरोजगारी कम करने के उपाय बताए गए। वही कैंसर शुगर किडनी रोग जैसी गंभीर बीमारियों को जैविक उत्पादों के द्वारा किस प्रकार रोका जा सकता है,विषय पर प्रकाश डाला गया। उक्त कार्यक्रम में डॉक्टर राज किशोर वर्मा श्रीमती नीतू यादव, धीरेंद्र यादव,दीपक कुमार, कौशल किशोर व ग्राम प्रधान संतोष पासवान, राजन सिंह, सलमान चिश्ती, पवन अग्निहोत्री, राजकुमार मिश्रा सहित सैकड़ों क्षेत्रवासी मौजूद रहे।