देश

नीतीश कुमार ने नवीन पटनायक से की मुलाकात, गठबंधन पर चर्चा से इनकार

भुवनेश्वर। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंगलवार को यहां नवीन निवास में ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक से मुलाकात की। दोनों के बीच करीब एक घंटे तक बातचीत हुई। हालांकि, दोनों मुख्यमंत्रियों ने दावा किया कि बैठक के दौरान अगले साल लोकसभा चुनाव के लिए जद (यू) और बीजू जनता दल (बीजद) के बीच किसी भी राजनीतिक गठबंधन बनाने पर कोई चर्चा नहीं हुई।

नीतीश ने ओडिशा के मुख्यमंत्री के आवास पर पटनायक के साथ दोपहर का भोजन किया और फिर संयुक्त रूप से मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि उनका बहुत पुराना नाता है। पटनायक ने पत्रकारों से कहा, “आज किसी भी गठबंधन पर कोई चर्चा नहीं हुई। मुझे खुशी है कि नीतीश जी भुवनेश्वर आए। जब ​हम अटल बिहारी वाजपेयी के मंत्रिमंडल में थे, तब से पुराने दोस्त और सहयोगी हैं।”

पटनायक ने कहा कि ओडिशा सरकार भगवान जगन्नाथ के दर्शन के लिये आने वाले पर्यटकों के वास्ते सुविधाओं के निर्माण को लेकर बिहार सरकार को मुफ्त में 1.5 एकड़ जमीन मुहैया कराएगी। पटनायक ने नीतीश से मुलाकात की तस्वीरें साझा करते हुए ट्वीट किया, “भुवनेश्वर में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मिलकर खुशी हुई।

ओडिशा का बिहार और पड़ोसी राज्य के लोगों के साथ एक विशेष संबंध है। आशा है कि ओडिशा की उनकी यात्री सुखद रही होगी।” कुमार ने कहा, “उनके (नवीन के) पिता बीजू बाबू और नवीन जी के साथ हमारे संबंध बहुत पुराने हैं। कोविड महामारी के कारण, हम मिल नहीं पाए। कोई राजनीतिक चर्चा नहीं हुई। हमारे बीच अच्छे संबंध हैं और कोई भी राजनीतिक अटकल लगाने की जरूरत नहीं है।”

अगले साल के चुनावों से पहले गैर-भाजपा दलों के साथ आने की चर्चा है, लेकिन दोनों नेताओं ने राजनीति पर चर्चा होने की बात से इनकार कर दिया। इससे पहले दिन में बीजू पटनायक अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर राज्य के मंत्री अशोक चंद्र पांडा और बीजद उपाध्यक्ष देवी प्रसाद मिश्रा ने कुमार का स्वागत किया। कुमार का आज भुवनेश्वर से रवाना होने का कार्यक्रम है।

Khwaza Express

Khwaza Express Media Group has been known for its unbiased, fearless and responsible Hindi journalism since 2008. The proud journey since 16 years has been full of challenges, success, milestones, and love of readers. Above all, we are honored to be the voice of society from several years. Because of our firm belief in integrity and honesty, along with people oriented journalism, it has been possible to serve news & views almost every day since 2008.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button