देशबड़ी खबर

कर्नाटक के विधायकों की राय लेंगे पर्यवेक्षक, CM के चयन पर आलाकमान करेगा फैसला: मल्लिकार्जुन खरगे

नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने रविवार को कहा कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के पर्यवेक्षक कर्नाटक में पार्टी विधायकों की राय से आलाकमान को अवगत करायेंगे और इसके बाद मुख्यमंत्री के चयन को लेकर फैसला किया जायेगा। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में पार्टी के लिए सब कुछ ठीक-ठाक रहा है और जल्द ही सरकार बनेगी।

कर्नाटक से दोपहर में यहां लौटे खरगे ने कहा कि कांग्रेस की प्राथमिकता राज्य के लोगों की सेवा करना है। उन्होंने कहा कि पार्टी को इस बात से कोई फर्क नहीं पड़ेगा, चाहे किसी ने भी पार्टी को वोट दिया हो या नहीं दिया हो। राज्य में 224-सदस्यीय विधानसभा के लिए 10 मई को हुए चुनाव में कांग्रेस ने शानदार जीत हासिल करते हुए 135 सीट जीतीं, जबकि सत्तारूढ़ भाजपा और पूर्व प्रधानमंत्री एच डी देवेगौड़ा-नीत जनता दल (सेक्युलर) ने क्रमश: 66 और 19 सीट जीतीं।

खरगे ने यहां पहुंचने के बाद हवाईअड्डे पर पत्रकारों से कहा, ‘‘हमारे पर्यवेक्षक बेंगलुरू गए हैं, वे शाम को पहुंचेंगे। इसके बाद सीएलपी (कांग्रेस विधायक दल) की बैठक होगी, जिसके बाद जो भी राय बनेगी, उसके बारे में आलाकमान को अवगत कराया जायेगा। इसके बाद आलाकमान अपना निर्णय लेगा।’’ पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धरमैया और कांग्रेस की कर्नाटक इकाई के अध्यक्ष डी. के. शिवकुमार दोनों ही मुख्यमंत्री पद की दौड़ में सबसे आगे हैं।

दोनों ने विधायक दल की बैठक से पहले अपने समर्थक विधायकों के साथ बैठक की है। विधानसभा चुनावों में पार्टी की शानदार जीत के बाद कर्नाटक से लौटने के बाद कांग्रेस अध्यक्ष का उनके 10 राजाजी मार्ग स्थित आवास पर जबरदस्त स्वागत किया गया और समर्थकों ने उनके पक्ष में नारे लगाये। अपने आवास पर मीडिया से बातचीत में खरगे ने कहा कि कर्नाटक विधानसभा चुनाव में हुई जीत लोगों की जीत है।

उन्होंने कहा, ‘‘कर्नाटक की जनता ने भाजपा को नकार दिया है। महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार से पीड़ित जनता ने कांग्रेस की भारी बहुमत से जीत सुनिश्चित की है।’’ उन्होंने कहा कि कांग्रेस को सबसे बड़ा जनादेश मिला है और वह राज्य में स्थिर सरकार चाहती है। खरगे ने कहा कि लोगों, विशेषकर गरीबों, महिलाओं, अल्पसंख्यकों और दलितों ने कांग्रेस की पांच गारंटी को स्वीकार किया है और उनकी अपेक्षाओं के अनुसार इन्हें लागू किया जायेगा।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हम अपने मंत्रिमंडल के गठन के पहले दिन पांच गारंटी पर काम शुरू कर देंगे और इन्हें लागू करेंगे… इसलिए ही हमें बड़ा जनादेश मिला है, हमें जनता की सेवा करनी है।’’ कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, ‘‘चुनाव के दौरान जो कुछ भी हुआ, वह अतीत की बात है और हम कर्नाटक के विकास के लिए काम करेंगे और इसे नंबर एक राज्य बनाने के लिए अपनी पूरी कोशिश करेंगे, जो पहले हुआ करता था।

कर्नाटक और महाराष्ट्र जैसे राज्यों को सुशासित माना जाता था, हम चाहते हैं कि वह समय वापस लौट आये।’’ यह पूछे जाने पर कि कर्नाटक को नया मुख्यमंत्री कब मिलेगा, उन्होंने कहा कि तीन लोगों को पर्यवेक्षक के रूप में भेजा गया है और वे विधायकों की राय सुनेंगे और फिर आलाकमान को एक रिपोर्ट सौंपेंगे। खरगे ने कहा कि इसके बाद आलाकमान उचित फैसला करेगा। उन्होंने कहा, ‘‘हमें ठीक ढंग से सरकार चलानी होगी और आम सहमति से ही ऐसा संभव है। हमारी एक लोकतांत्रिक पार्टी है।

चुनाव में अब तक सब कुछ ठीक हुआ है, हमें बहुमत मिला है, हम जल्द से जल्द सरकार बनायेंगे।’’ कांग्रेस ने रविवार को कर्नाटक में कांग्रेस विधायक दल (सीएलपी) का नेता चुनने के लिए पूर्व मुख्यमंत्री सुशील कुमार शिंदे और पार्टी नेताओं- जितेंद्र सिंह एवं दीपक बाबरिया को पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। कांग्रेस महासचिव (संगठन) के. सी. वेणुगोपाल ने बताया कि केंद्रीय पर्यवेक्षक सीएलपी की बैठक की निगरानी करेंगे। उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘कांग्रेस अध्यक्ष ने सुशील कुमार शिंदे (पूर्व मुख्यमंत्री, महाराष्ट्र), जितेंद्र सिंह (पार्टी महासचिव) और दीपक बाबरिया (पूर्व महासचिव) को विधायक दल के नेता के चयन के लिए पर्यवेक्षक नियुक्त किया है।’’

Khwaza Express

Khwaza Express Media Group has been known for its unbiased, fearless and responsible Hindi journalism since 2008. The proud journey since 16 years has been full of challenges, success, milestones, and love of readers. Above all, we are honored to be the voice of society from several years. Because of our firm belief in integrity and honesty, along with people oriented journalism, it has been possible to serve news & views almost every day since 2008.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button