उत्तर प्रदेशलखनऊ

मुख्यमंत्री योगी ने गिनाई प्रधानमंत्री मोदी के 9 साल की उपलब्धियां, कहा- पिछले नौ वर्ष का कालखंड नए भारत को दर्शाता है

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नौ साल के कार्यकाल में जहां एक तरफ दुनिया में भारत का सम्मान बढ़ा है, वहीं देश की आंतरिक और बाह्य सुरक्षा सुदृढ़ हुई है, आज भारत को कोई आंख दिखाने की हिमाकत नहीं कर सकता। सोमवार को यहां एक होटल में मोदी सरकार के कार्यकाल के नौ साल पूरे होने पर सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी की ओर से आयोजित ‘मीडिया संवाद’ में योगी आदित्यनाथ ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री मोदी के शासन में वैश्विक स्तर पर भारत का मान बढ़ा है।’’

उन्होंने कहा कि गरीबों का कल्याण और अवसंरचना विकास जैसे चार स्तंभों को मोदी सरकार ने बीते नौ साल में मजबूत आधार प्रदान किया है। उन्होंने कहा, ‘‘पिछले नौ साल में बदली हुई परिस्थितियों को हम सब ने न केवल महसूस किया है बल्कि हमने इस दौरान नये भारत का दर्शन भी किया है, आज का भारत चार महत्वपूर्ण स्तंभों पर खड़ा है।’’ मुख्यमंत्री ने पहले स्तंभ की चर्चा करते हुए कहा कि आज भारत को दुनियाभर मे सम्मान मिल रहा है।

उन्होंने कहा, ‘‘हाल ही में प्धानमंत्री ने तीन देशों की यात्रा की, उसका दृश्य हम सबके सामने है। पापुआ न्यू गिनी में पीएम मोदी का वहां के प्रधानमंत्री ने पैर छूकर अभिनंदन किया। प्रोटोकॉल तोड़ के देर सायंकाल स्वयं आगवानी की। यह पहली बार हुआ है जब किसी संप्रभु राष्ट्र ने अपने समकक्ष का अभिनंदन इस प्रकार किया हो।’’ योगी ने कहा कि पापुआ न्यू गिनी और फिजी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को अपने सर्वोच्च सम्मान से नवाजा। इसके अलावा ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री का वक्तव्य भी हम सबने सुना, जिसमें उन्होंने मोदी को ‘‘बॉस’’ कह कर संबोधित किया था।

उन्होंने कहा, ‘‘अमेरिका के राष्ट्रपति की ओर से पीएम मोदी का ऑटोग्राफ लेने की इच्छा व्यक्त करना, न सिर्फ भारत बल्कि देश की 140 करोड़ जनता का सम्मान है। हर भारतवासी इसपर गर्व करता है।’’ दूसरे स्तंभ की चर्चा करते हुए योगी ने कहा कि सुरक्षा के मामले में देश में ‘‘नई आस और विश्वास का भाव पैदा हुआ। सीमाएं सुरक्षित और सुदृढ़ हुई हैं और आंतरिक सुरक्षा की स्थिति मजबूत हुई है’’।

मोदी सरकार की उपलब्धियों के तीसरे स्तंभ की चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि आज भारत की 140 करोड़ जनता की आवश्यक्ता की पूर्ति के लिए विश्व स्तरीय अवसंरचना भारत के पास है। मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘गरीब कल्याण’ चौथा स्तंभ है, जिसे नौ साल में भारत सरकार ने अनेक योजनाओं के जरिए सिद्ध किया है।

योगी ने पीएम आवास योजना, शौचालयों के निर्माण, संक्रामक रोग पर अंकुश, हर घर नल योजना, स्वस्थ ईंधन की व्यवस्था, स्ट्रीट वेंडर को स्वनिधि योजना, पीएम स्वामित्व योजना, आयुष्मान भारत योजना, नारी सशक्तिकरण, मिशन रोजगार, स्टार्टअप, स्टैंडअप, डिजिलट इंडिया, स्किल डेवलपमेंट जैसे तमाम विकास और लोककल्याणकारी कार्यों का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नौ साल के कार्यकाल की उपलब्धियों की चर्चा की।

इसके पहले केंद्रीय शहरी विकास, आवासन व पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने ‘पावर प्वाइंट’ प्रस्तुति के जरिये मोदी सरकार की सिलसिलेवार उपलब्धियों की चर्चा करते हुए कहा, ‘‘अंग्रेज़ी हुकूमत खत्म होने के बाद जिनके हाथों में सत्ता आयी, वह भी उन्हीं जैसे थे। लेकिन प्रधानमंत्री बनने के बाद नरेन्द्र मोदी ने 2047 तक भारत को विकसित देश बनाने का सपना देखा और नौ साल में जो काम हुआ वह बहुत उल्लेखनीय है’’।

उन्होंने कोरोना काल में किए गए प्रयासों, स्वच्छ भारत मिशन की विस्तार से चर्चा की। पुरी ने कहा कि पूरे देश में तीन करोड़ से अधिक ग़रीबों के आवास स्वीकृत किए गए। उन्होंने उत्तर प्रदेश की समाजवादी पार्टी की पूर्ववर्ती सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, “अखिलेश सरकार के 17 महीनों में केवल 17 हजार आवासों की मांग की गई। वर्तमान में प्रधानमंत्री आवास योजना (अर्बन) में उत्तर प्रदेश में 17 लाख 42 हजार 505 आवास स्वीकृत हुए हैं।” उन्होंने दावा किया, “वर्ष 2014 से 2019 के बीच में स्वच्छ भारत मिशन के कारण तीन लाख जानें बचाई गईं।”

पूरी ने कहा कि देश में 2014 तक केवल 74 हवाई अड्डे थे लेकिन नौ वर्षों में 74 नए हवाई अड्डे बने हैं। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक ने भी इस ‘मीडिया संवाद’ में मोदी सरकार की उपलब्धि बतायी। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम में संगठन महामंत्री धर्मपाल और भाजपा नेता गौरव भाटिया मौजूद रहे। भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी मनीष दीक्षित ने बताया कि प्रधानमंत्री के नौ साल की उपलब्धियां अब प्रदेश भर में बतायी जाएंगी।

Khwaza Express

Khwaza Express Media Group has been known for its unbiased, fearless and responsible Hindi journalism since 2008. The proud journey since 16 years has been full of challenges, success, milestones, and love of readers. Above all, we are honored to be the voice of society from several years. Because of our firm belief in integrity and honesty, along with people oriented journalism, it has been possible to serve news & views almost every day since 2008.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button