देशबड़ी खबर

टिकट कटने के बाद प्रज्ञा सिंह ने दिखाए तेवर, भाजपा विधायक के अवैध शराब ठेका चलाने पर उठाया हथोड़ा

सीहोर/भोपाल। भोपाल संसदीय क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वालीं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की चर्चित नेता प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने इस बार लोकसभा चुनाव के लिए टिकट नहीं मिलने के बाद अपने तेवर दिखाना शुरू कर दिए हैं। उनका एक वीडियो आज वायरल हुआ, जिसमें वे अपने संसदीय क्षेत्र में एक शराब दुकान अवैध रूप से संचालित होने का आरोप लगाते हुए उसका ताला तोड़ देती हैं।

ठाकुर का कहना है कि सीहोर जिले के खजुरिया क्षेत्र में एक शराब दुकान अवैध रूप से संचालित है और उसके पास ही एक स्कूल है। उनका कहना है कि इस शराब दुकान को भाजपा विधायक सुदेश राय का संरक्षण प्राप्त है। उन्होंने सोमवार को मौके पर पहुंचकर इस दुकान का ताला तोड़ दिया। इस दौरान एक सरकारी कर्मचारी उनसे ऐसा नहीं करने की मिन्नतें करता रहा। लेकिन सांसद नहीं मानीं और हथौड़ा चलाकर ताला तोड़ दिया। इसके बाद सांसद ने शराब भी बाहर फेंकने का कार्य किया। इस घटनाक्रम के फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।

सांसद ठाकुर गांव में विकास कार्यों के लोकार्पण और भूमिपूजन कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पहुंची थीं, जहां ग्रामीणों और स्कूली छात्राओं की शिकायत पर उन्होंने शराब दुकान का विरोध किया। सांसद ने इस दौरान बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि यह शराब का ठेका है, जिसका लाइसेंस नहीं है। इसके पास में ही स्कूल है। इसकी शिकायत स्कूली छात्राओं और महिलाओं ने उनके समक्ष की है। इसके बाद उन्होंने इस दुकान का ताला तोड़ने का काम किया।

इस घटना के सिलसिले में आबकारी विभाग की उप निरीक्षक शारदा कारोलिया ने कहा कि शिकायत पर आबकारी अमला पहुंचा था। जहां कार्रवाई करते हुए 890 लीटर अवैध शराब जप्त की गयी है। अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है।

इस बीच प्रदेश कांग्रेस के मीडिया विभाग के प्रमुख के के मिश्रा ने आज सोशल मीडिया के जरिए इस मामले में तंज कसा है। मिश्रा ने लिखा है, “टिकट कटते ही भोपाल की सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर को आई अवैध शराब की बदबू…. दुकान का ताला तोड़ा, मोहतरमा को अब मालूम हुआ कि उनके संसदीय क्षेत्र में पिछले 5 सालों से अवैध शराब बिक रही थी…. बेचारे पुलिस अफसरों को भी नहीं मालूम था। तभी तो उन्हें अब बिदाई के दिनों में “सर” के आगे हाथ जोड़ना पड़ रहा है…. इतने सालों तक कैसे किसके संरक्षण में बिकती रही…. सर और पुलिस सिर्फ दोनों ही समझदार हैं, जनता यानी हम सब मूर्ख हैं….”

भोपाल संसदीय क्षेत्र से ठाकुर वर्ष 2019 में पहली बार सांसद बनी थीं। आगामी लोकसभा चुनाव के मद्देनजर भाजपा ने उनके स्थान पर पूर्व महापौर आलोक शर्मा को टिकट दिया है।

Khwaza Express

Khwaza Express Media Group has been known for its unbiased, fearless and responsible Hindi journalism since 2008. The proud journey since 16 years has been full of challenges, success, milestones, and love of readers. Above all, we are honored to be the voice of society from several years. Because of our firm belief in integrity and honesty, along with people oriented journalism, it has been possible to serve news & views almost every day since 2008.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button