देशबड़ी खबर

Budget 2023 : बजट पेश करने से पहले टैबलेट संग वित्त मंत्री सीतारमण, लोग बोले- 2 सालों से आम आदमी पर बोझ बढ़ा

नई दिल्ली। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण बुधवार को संसद में केंद्रीय बजट 2023-24 पेश करने से पहले बजट वाले टैबलेट के साथ नज़र आईं। इससे पहले वित्त मंत्री सीतारमण 2019 और 2020 में लाल रंग के कपड़े में पारंपरिक ‘बही-खाता’ के साथ दिखी थीं जबकि 2021 व 2022 में उन्होंने बजट को पेपरलेस बनाते हुए उसे एक टैबलेट से पढ़ा था।

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण बुधवार को संसद में बजट 2023-24 पेश करने से पहले राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात करने के लिए राष्ट्रपति भवन पहुंचीं। राष्ट्रपति से मुलाकात के बाद सीतारमण केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में शामिल होंगी। गौरतलब है कि 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार का अंतिम पूर्ण बजट होगा।

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण पीएम मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में भाग लेने के लिए संसद पहुंचीं। वह सुबह 11 बजे बजट 2023-24 पेश करेंगी। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री डॉ. भागवत किशनराव कराड, केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी और वित्त मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों ने केंद्रीय बजट 2023-24 पेश करने से पहले राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की। सेंसेक्स सूचकांक आज 437.32 अंक की बढ़ोतरी के साथ 59,987.22 पर कारोबार कर रहा है। आज वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण वित्तीय वर्ष 2023-24 का आम बजट पेश करेंगी।

मुंबई से एक व्यक्ति ने कहा, महंगाई और बेरोजगारी बहुत बढ़ गई है। पिछले 2 सालों से आम आदमी पर बोझ बढ़ा है। 2 साल से टैक्स रेट में कोई बदलाव नहीं किया गया है, इसबार आम आदमी को टैक्स में राहत मिलनी चाहिए। दिल्ली के व्यक्ति ने कहा, गैस के साथ-साथ खाने पीने की चीजें सस्ती होनी चाहिए। आम आदमी के लिए सरकार अगर अपना पिटारा खोल दे तो राहत मिलेगी। लंबी दूरी की रेल यात्राओं में भी राहत मिलनी चाहिए।

वित्त राज्य मंत्री डॉ. भागवत कराड बोले, देश ने कोविड से अच्छी रिकवरी की है। आर्थिक सर्वेक्षण को देखें तो सभी क्षेत्रों में प्रगति हो रही है। अन्य देशों की तुलना में हमारी अर्थव्यवस्था अच्छी है। 2014 में भारत अर्थव्यवस्था के लिहाज से 10वें स्थान पर था, आज 5वें स्थान पर है। केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने कहा, समाज के सभी तबकों के उम्मीदों वाला बजट होने वाला है। ये बजट सब की उम्मीद पर खरा उतरेगा।

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा संसद में बजट 2023-24 पेश किए जाने से पहले बुधवार को शेयर बाज़ार बढ़त के साथ खुला। बुधवार को बीएसई का सेंसेक्स 437 अंकों की बढ़त के साथ 59,987 पर खुला जबकि एनएसई का निफ्टी 129 अंक चढ़कर 17,791 पर खुला। सीतारमण बुधवार को 11 बजे से संसद में बजट पेश करेंगी।

बजट शब्द फ्रेंच भाषा के ‘Bougette’ से आया है जिसका मतलब होता है चमड़े का बैग। संविधान के अनुच्छेद 112 के मुताबिक आम बजट एक वित्त वर्ष में सरकार की आय-व्यय का लेखा-जोखा होता है और स्वतंत्र भारत का पहला बजट 1947 में पेश हुआ था। बजट को ब्रीफकेस में लाने की परंपरा 1970 के दशक से शुरू हुई थी।

स्वतंत्र भारत के पहले वित्त मंत्री आर.के. शनमुखम चेट्टी ने 26 नवंबर 1947 को देश का पहला बजट पेश किया था। जस्टिस पार्टी के नेता चेट्टी कोचीन राज्य के पूर्व दीवान थे और उन्होंने मद्रास क्रिश्चियन कॉलेज व मद्रास लॉ कॉलेज से पढ़ाई की थी। चेट्टी 1933-35 तक भारत की केंद्रीय विधान सभा के अध्यक्ष भी रहे थे।

देश का बजट पहले राष्ट्रपति भवन में छपता था लेकिन 1950 में बजट लीक होने के बाद इसकी छपाई नई दिल्ली के मिंटो रोड स्थित प्रेस में होने लगी। हालांकि, 1980 में वित्त मंत्रालय में प्रिंटिंग प्रेस लगने के बाद बजट यहीं छपता है। इसकी छपाई से जुड़े कर्मचारी हलवा सेरेमनी से लेकर बजट पेश होने तक यहीं रहते हैं।

केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी ने बुधवार को आम बजट पेश किए जाने से पहले कहा कि इस बार का बजट समाज के सभी वर्गों की उम्मीदों पर खरा उतरेगा। उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार ने हमेशा जनता के हित में काम किया है।” वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण आज सुबह 11 बजे लोकसभा में आम बजट पेश करेंगी।

Khwaza Express

Khwaza Express Media Group has been known for its unbiased, fearless and responsible Hindi journalism since 2008. The proud journey since 16 years has been full of challenges, success, milestones, and love of readers. Above all, we are honored to be the voice of society from several years. Because of our firm belief in integrity and honesty, along with people oriented journalism, it has been possible to serve news & views almost every day since 2008.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button