आंगनबाड़ी भर्ती में गडबडी को लेकर हंगामा ,सीडीपीओ पर लगाये भ्रष्टाचार के आरोप
पूर्व प्रधान की पत्नी का बन गया अंतोदय कार्ड तो बही बीडीसी चयनित सदस्य का आंगनबाड़ी कार्यकत्री मे कर दिया चयन

डीएम व आलाधिकारी से शिकायत करने की भी कही गयी बात
ख्वाजा एक्सप्रेस संवाददाता
बरेली। जिले मेंआंगनबाड़ी भर्ती में चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद गड़बड़ी के आरोप लगातार लग रहे हैं। चयनित नहीं हो पाने वाली महिलाएं भर्ती में धांधली एवं भ्रष्टाचार के आरोप लगा रहीं हैं। बुधवार को काफी संख्या में महिलाओं ने विकास भवन पहुंचकर नारेबाजी की। गड़बड़ी के आरोप लगाते हुए अपात्रों का चयन होने की बात कही।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के 311 पदों के लिए 10 हजार 280 आंगनबाड़ी भर्ती में लोगों ने आवेदन किए थे। गड़बड़ी की शिकायत लेकर विकास भवन पहुंची महिलाएं।
पिछले सप्ताह बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग ने कार्यकर्ताओं के चयन की प्रक्रिया पूरी करने के बाद सूची कार्यालय के बाहर चस्पा कर दी थी। सूची चस्पा होने के बाद उन
महिलाओं, युवतियों ने विरोध शुरू कर दिया, जिनका चयन नहीं हुआ है। बुधवार को अलग अलग ब्लॉक क्षेत्रों से पहुंचीं स्मृति, माधुरी, नेहा, आराधना, आराध्या, आरती, वर्षा, सोनाली, नेमचंद ने
कहा, कि सभी अभिलेख पूरे थे फिर भी हमें कर दिया बाहर, अपात्रों का चयन करने के आरोप लगाये ,किसी ने पूर्व प्रधान की पत्नी का अंतोदय कार्ड बनवाकर नियुक्ति करने तो नेमचंद ने बीडीसी सदस्य का आंगनबाड़ी मे चयन करने का आरोप लगाया।
गीता आदि ने डीपीओ कार्यालय के बाहर हंगामा किया। कहा कि चयन प्रक्रिया में गड़बड़ी की गई। चयन में रुपये लेने के भी आरोप लगाए। कहा कि, मनमाने तरीके से चयन किया गया है। हम लोगों की मैरिट थी। इसके बाद भी बाहर कर दिया गया। जबकि कई अपात्रों का चयन किया गया। चयन की प्रक्रिया पर सवाल खड़े करते हुए जांच की मांग की। हंगामा करने के बाद महिलाओं ने डीपीओ से मिलकर भी शिकायत की। कहा कि, हम लोगों के सभी अभिलेख सही थे, फिर भी बाहर कर दिया गया। डीपीओ ने जांच कराने का आश्वासन दिया।
जिला कार्यक्रम अधिकारी मनोज कुमार ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के चयन में किसी तरह की गड़बड़ी नहीं की गई है। पूरी पारदर्शिता के साथ चयन किया गया है। सीडीओ के द्वारा गठित टीम के द्वारा भी आवेदनो को जांचा गया है । सैकड़ों लोगों ने आवेदन किए थे। चयन एक का ही होना है, जिनका चयन नहीं हुआ है वह आरोप लगा रहे है। जिसको भी गड़बड़ी लगती है वह शिकायत कर सकता है जांच करा दी जाएगी।अगर किसी ने किसी प्रकार की मांग की है और उसके पास साक्ष्य मौजूद है तो वह उस व्यक्ति पर एफआईआर दर्ज करा सकता है।सभी चयन निष्पक्ष व पारदर्शिता के साथ किये गये है।