
Share Market: भारतीय शेयर बाजार पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की नई टैरिफ पॉलिसी के साइड इफेक्ट्स दिखने शुरू हो गए हैं। सोमवार को शेयर बाजार के सभी इंडेक्स करीब 5 प्रतिशत की भयानक गिरावट के साथ खुले। आज बीएसई सेंसेक्स 3914.75 अंकों की गिरावट के साथ 71,449.94 अंकों पर खुला। वहीं दूसरी ओर, एनएसई का निफ्टी 50 इंडेक्स भी आज 1146 अंकों की गिरावट के साथ 21,758.40 अंकों पर खुला। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स की 30 में से 29 कंपनियों के शेयर और निफ्टी 50 की 50 में से सभी 50 कंपनियों के शेयर गिरावट के साथ लाल निशान में खुले।
2678 में से 98 कंपनियों के शेयर हरे निशान में कर रहे कारोबार
एनएसई के डेटा के मुताबिक, सोमवार को सुबह 10.03 बजे कुल 2678 कंपनियों के शेयरों में ट्रेड चल रहा था, जिनमें से 2543 कंपनियों के शेयर गिरावट के साथ लाल निशान में कारोबार कर रहे थे और 37 कंपनियों के शेयरों में कोई बदलाव नहीं था। हालांकि, इस महाविनाश में 98 कंपनियों के शेयर बढ़त के साथ हरे निशान में कारोबार कर रहे थे।
वेस्टर्न इंडिया प्लाईवुड्स में 10 प्रतिशत की तेजी
वेस्टर्न इंडिया प्लाईवुड्स के शेयर 9.92 प्रतिशत की ताबड़तोड़ बढ़त के साथ 187.54 रुपये के भाव पर कारोबार कर रहे थे। सीमेंस लिमिटेड के शेयर 8.90 प्रतिशत की बढ़त के साथ 2668 रुपये के भाव पर कारोबार कर रहे थे। अक्श ऑप्टीफाइबर लिमिटेड के शेयर 4.40 प्रतिशत की तेजी के साथ 9.96 रुपये के भाव पर कारोबार कर रहे थे। इनके अलावा, क्यूपिड के शेयर 2.12 प्रतिशत की बढ़त के साथ 60.12 रुपये के लेवल पर ट्रेड कर रहे थे। इनके अलावा, ऐसे और भी कई कंपनियों के शेयर रहे, जो इस गिरावट की सुनामी में भी हरे निशान में कारोबार कर रहे थे।
शेयर का नाम | बढ़त (प्रतिशत में) |
वेस्टर्न इंडिया प्लाईवुड्स | 9.92 |
सीमेंस लिमिटेड | 8.90 |
अक्श ऑप्टीफाइबर लिमिटेड | 4.40 |
क्यूपिड | 2.12 |
कोविड के बाद बाजार में अभी तक की सबसे बड़ी गिरावट
बताते चलें कि आज कई प्रमुख कंपनियों के शेयर 10-10 प्रतिशत की गिरावट के साथ खुले। ट्रंप के फैसले के बाद से अमेरिकी शेयर बाजार में लगातार विनाशकारी गिरावट देखने को मिल रही है, जिसका असर भारतीय शेयर बाजार में भी साफतौर पर देखा जा सकता है। कोविड के बाद भारतीय शेयर बाजार में ये अभी तक की सबसे बड़ी गिरावट है।