ईट भट्टे की दीवार गिरने से चार मजदूर गंभीर घायल एक की मौत

ख्वाजा एक्सप्रेस संवाददाता
बरेली के मीरगंज क्षेत्र में शनिवार सुबह ईंट भट्ठे की दीवार गिरने से एक मजदूर की मौत हो गई। मलबे में दबने से चार मजदूर गंभीर घायल हो गए। जिसमें बबलू पुत्र तिरमल निवासी परौरा, राजीव पुत्र घासीराम निवासी धनैटा,इसरार पुत्र इकरार निवासी नल नगरिया,नन्हें बाबू पुत्र मो. हुसैन निवास बलूपुरा,आदि है। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं घटना से आक्रोशित लोगों ने हाईवे पर जाम लगाने की कोशिश की।
बरेली के मीरगंज थाना क्षेत्र में शनिवार को बड़ी घटना हो गई। नेशनल हाईवे किनारे स्थित ईंट भट्ठे की कच्ची दीवार गिरने से पांच मजदूर मलबे में दब गए। हादसा सुबह करीब आठ बजे हुआ। दो घंटे में बुलडोजर से मलबा हटाकर चार मजदूरों को बाहर निकाला गया। चारों गंभीर घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। पांचवें मजदूर छोटे लाल निवासी ग्राम धनैटा की मौत हो गई। उसका शव करीब तीन घंटे बाद निकाला जा सका। घटना के बाद मजदूरों के परिजन आक्रोशित हो गए और हाईवे पर आकर जाम लगाने की कोशिश की।
ईंटों की भराई करते समय हुआ हादसा
मीरगंज क्षेत्र के परौरा गांव के समीप नेशनल हाईवे किनारे दुर्गा ब्रिक फील्ड नाम से ईंट भट्ठा है। शनिवार को सुबह मजदूर भट्ठे में ईंटों की भराई कर रहे थे। इसी दौरान भट्ठे की एक गज चौड़ी कच्ची दीवार भरभराकर गिर गई। दीवार के मलबे में पांच मजदूर दब गए। चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। मलबा हटाने के लिए जेसीबी व क्रेन लाई गईं। इसके बाद रेस्क्यू शुरू किया।
गुस्साए लोगों ने हाईवे पर किया हंगामा दो घंटे की मशक्कत के बाद चार मजदूरों को बाहर निकाल लिया गया। ये सभी गंभीर रूप घायल हुए हैं। इन्हें एंबुलेंस से आनन फानन अस्पताल ले जाया गया। वहीं पांचवें मजदूर छोटेलाल की मौत हो गई। उसका शव मलबे से दोपहर करीब 12 बजे बाहर निकाला जा सका। घटना से मजदूरों के परिजनों में आक्रोश फैल गया। उन्होंने हाईवे पर आकर हंगामा कर दिया। जाम लगाने की कोशिश की। मौके पर मौजूद फोर्स ने भीड़ को हाईवे से हटाया।