पंजाबबड़ी खबरराज्य

पाँच लाख एकड़ बाढ़ प्रभावित ज़मीन के लिए किसानों को गेहूँ का बीज मुफ़्त देगी मान सरकार

  • किसानों को 2 लाख क्विंटल बीज देने पर 74 करोड़ रुपये खर्च करेगी सरकार
  • इस कठिन समय में सरकार किसानों के साथ खड़ी है: मुख्यमंत्री

चंडीगढ़। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार ने एक ठोस मानवीय पहल के तहत हाल ही में आई भीषण बाढ़ के दौरान लगभग पाँच लाख एकड़ ज़मीन पर अपनी फ़सल गंवाने वाले किसानों को दो लाख क्विंटल गेहूँ का बीज मुफ़्त देने का निर्णय लिया है।

विवरण साझा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हाल की बाढ़ में राज्य के अन्न उत्पादकों को भारी नुकसान हुआ है और उन्हें 74 करोड़ रुपये मूल्य का यह दो लाख क्विंटल बीज मुफ़्त उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि मेहनती किसानों ने देश को अन्न उत्पादन में आत्मनिर्भर बनाने में अहम भूमिका निभाई है। भगवंत सिंह मान ने कहा कि राज्य सरकार इस संकट की घड़ी में किसानों के साथ खड़ी है और उन्हें संकट से बाहर निकालने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार किसानों को आगामी रबी सीज़न की फ़सल के लिए गेहूँ का बीज मुफ़्त उपलब्ध कराएगी। उन्होंने कहा कि यह राज्य सरकार की ओर से बाढ़ से हुई तबाही के कारण किसानों को पेश आई मुश्किलों को कम करने की एक छोटी-सी कोशिश है। भगवंत सिंह मान ने कहा कि इन भीषण बाढ़ों से हुई बड़े पैमाने की तबाही का अंदाज़ा भी नहीं लगाया जा सकता क्योंकि पंजाब ने पहले कभी इतना नुकसान नहीं देखा।

मुख्यमंत्री ने अफसोस जताते हुए कहा कि पंजाब के 2,300 गाँव भीषण बाढ़ की चपेट में आए हैं, जिससे 20 लाख से अधिक आबादी प्रभावित हुई है और पाँच लाख एकड़ ज़मीन पर खड़ी फ़सलों को भारी नुकसान पहुँचा है। उन्होंने कहा कि इसके साथ ही बाढ़ के कारण 56 लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी और लगभग सात लाख लोग बेघर हो गए। इसके अलावा 3,200 सरकारी स्कूल क्षतिग्रस्त हो गए, 19 कॉलेज मलबे में तब्दील हो गए, 1,400 क्लीनिकों और अस्पतालों को भारी नुकसान पहुँचा, 8,500 किलोमीटर सड़कें तबाह हो गईं और 2,500 पुल ढह गए। उन्होंने आगे बताया कि कुल नुकसान का अनुमान लगभग 13,800 करोड़ रुपये बनता है लेकिन वास्तविक आँकड़े इससे भी अधिक हो सकते हैं।

Khwaza Express

Khwaza Express Media Group has been known for its unbiased, fearless and responsible Hindi journalism since 2008. The proud journey since 16 years has been full of challenges, success, milestones, and love of readers. Above all, we are honored to be the voice of society from several years. Because of our firm belief in integrity and honesty, along with people oriented journalism, it has been possible to serve news & views almost every day since 2008.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button