उत्तर प्रदेशदेवरियाबड़ी खबरराज्य

होली और जुमे की नमाज सकुशल संपन्न, देवरिया प्रशासन की सतर्कता से कायम रहा सौहार्दपूर्ण माहौल

गौरव कुशवाहा


देवरिया। जनपद देवरिया में इस बार होली का पर्व और रमजान के पाक महीने का पहला जुमे का दिन एक साथ पड़ने से प्रशासन और पुलिस महकमा पूरी तरह से सतर्क रहा। जिलाधिकारी दिव्या मित्तल और पुलिस अधीक्षक विक्रांत वीर के नेतृत्व में सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद किया गया था। पूरे जनपद में खास सतर्कता और मुस्तैदी देखने को मिली, जिसके चलते दोनों ही पर्व शांति, सौहार्द और भाईचारे के माहौल में संपन्न हुए।

शुक्रवार सुबह से ही जिला प्रशासन और पुलिस बल ने नगर के संवेदनशील इलाकों और मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में गश्त तेज कर दी थी। अपर जिलाधिकारी प्रशासन जैनेंद्र सिंह और अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी दीपेन्द्र नाथ चौधरी स्वयं क्षेत्र का भ्रमण करते रहे। प्रभारी निरीक्षक कोतवाली दिलीप कुमार सिंह अपने पुलिस बल के साथ लगातार सक्रिय नजर आए। नगर के प्रमुख स्थानों पर निगरानी बढ़ा दी गई थी।

सलेमपुर तहसील क्षेत्र में अपर जिलाधिकारी दिशा श्रीवास्तव के नेतृत्व में पुलिस बल तैनात रहा। वे खुद सड़क पर उतरकर हालात का जायजा लेती रहीं। इसी तरह ज्वाइंट मजिस्ट्रेट श्रुति शर्मा ने भी नगर क्षेत्र में भ्रमण कर होली का पर्व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में सक्रिय भूमिका निभाई। वह होली खेलने वाले स्थानों और जुलूसों में खुद मौजूद रहीं और हर गतिविधि पर नजर बनाए रहीं।

रुद्रपुर इलाके में क्षेत्राधिकारी अंशुमान श्रीवास्तव ने पुलिस बल के साथ गश्त कर कानून-व्यवस्था को बनाए रखने में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने सभी संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी और किसी भी अराजक तत्व पर सख्त नजर बनाए रखी। जिले के अन्य थाना क्षेत्रों में भी पुलिस बल लगातार क्षेत्र में भ्रमणशील रहा और कहीं कोई अप्रिय घटना घटित न हो, इसे सुनिश्चित किया।

पुलिस और प्रशासन की सतर्कता और सजगता का ही परिणाम रहा कि पूरे जनपद में होली का रंग और रमजान की इबादत, दोनों पूरी शांति और सौहार्द के साथ मनाए गए। लोगों ने प्रशासन का सहयोग किया और किसी भी तरह की अफवाह अथवा विवाद की स्थिति पैदा नहीं होने दी। प्रशासन की कड़ी निगरानी में दोनों ही पर्व प्रेम और भाईचारे की मिसाल बने।

पुलिस अधीक्षक विक्रांत वीर ने बताया कि जिले में शांति बनाए रखने के लिए अतिरिक्त फोर्स तैनात की गई थी। ड्रोन कैमरों और सीसीटीवी से हर गतिविधि पर नजर रखी गई। सोशल मीडिया की भी लगातार निगरानी की जा रही थी ताकि किसी प्रकार की अफवाह फैलाने की कोशिश पर तुरंत कार्रवाई की जा सके। उन्होंने जनपदवासियों को धन्यवाद देते हुए कहा कि सभी लोगों ने प्रशासन के निर्देशों का पालन कर शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग किया।

जिलाधिकारी दिव्या मित्तल ने भी जनपद के नागरिकों को धन्यवाद दिया और कहा कि होली और जुमे का यह संयोग आपसी भाईचारे और सामाजिक एकता की मिसाल बनकर सामने आया है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में भी इसी तरह सभी त्योहार प्रेम और सौहार्द के वातावरण में मनाए जाएंगे।

Khwaza Express

Khwaza Express Media Group has been known for its unbiased, fearless and responsible Hindi journalism since 2008. The proud journey since 16 years has been full of challenges, success, milestones, and love of readers. Above all, we are honored to be the voice of society from several years. Because of our firm belief in integrity and honesty, along with people oriented journalism, it has been possible to serve news & views almost every day since 2008.

संबंधित समाचार

Back to top button