IND vs PAK: भारत से हार पर बौखलाए शाहिद अफरीदी, अपने दामाद और बाबर को पाकिस्तानी टीम से बाहर करने को बोला

टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत और पाकिस्तान के बीच कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेले गए मुकाबले से पहले पाकिस्तान के कई पूर्व खिलाड़ी अपनी टीम की जीत को लेकर काफी दम भर रहे थे, जिसको टीम इंडिया ने 61 रनों से जीत हासिल करने के साथ पूरी तरह नेस्तानाबूत कर दिया। भारतीय टीम ने सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में खेलते हुए इस मैच को आसानी से एकतरफा 61 रनों से अपने नाम किया। वहीं इस हार के बाद पाकिस्तानी टीम की तरह उनके पूर्व खिलाड़ियों ने भी काफी तेजी के साथ यूटर्न लिया और जहां वह मुकाबले से पहले अपने खिलाड़ियों की तारीफ कर रहे थे, तो वहीं मैच में हार के बाद कई प्लेयर्स को टीम से बाहर करने को बोल रहे हैं। इसी में पाक टीम के पूर्व खिलाड़ी शाहिद अफरीदी का नाम भी शामिल है, जो भारतीय टीम से मिली हार के बाद अपने दामाद शाहीन अफरीदी से लेकर बाबर और शादाब खान सभी को टीम से बाहर करने को बोलते हुए दिखाई दिए।
मुझे फैसला करना हो तो मैं तीनों को कर दूं बाहर
पाकिस्तानी टीम के पूर्व खिलाड़ी शाहिद अफरीदी ने पाकिस्तान के एक टीवी शो में बैठकर टीम इंडिया के खिलाफ मिली हार के बाद तीन खिलाड़ियों पर इसका ठीकरा फोड़ते हुए नजर आए। इसमें उन्होंने अपने दामाद और तेज गेंदबाज शाहीन अफरीदी के अलावा बाबर आजम और शादाब खान का नाम लिया। शाहिद अफरीदी ने कहा कि अगर मुझे फैसला करना हो तो मैं बाबर, शाहीन और शादाब तीनों को टीम से बाहर करना चाहूंगा। ये तीनों ही सीनियर खिलाड़ी लंबे समय से टीम के साथ हैं पर रिजल्ट वैसा नहीं मिल पा रहा, जैसा मिलना चाहिए। इसलिए अब समय आ गया है कि हमें इन तीनों को बाहर करने का फैसला लेना चाहिए ताकि नए प्लेयर्स को मौका दिया जाए जिससे वह खुद को बड़े मौकों के लिए तैयार भी कर सके।
शाहीन, शादाब और बाबर तीनों बुरी तरह से रहे फेल
भारतीय टीम के खिलाफ हुए मुकाबले में शाहीन अफरीदी का प्रदर्शन देखा जाए तो उन्होंने जहां सिर्फ 2 ओवर्स कराए तो उसमें 31 रन दे दिए और सिर्फ एक विकेट हासिल किया। शादाब खान ने तो इस मैच में सिर्फ एक ओवर ही गेंदबाजी की और 17 रन दिए, वहीं बल्लेबाजी में सिर्फ 14 रन ही बनाने में कामयाब हो सके। इसके अलावा पाकिस्तानी टीम के बल्लेबाजी क्रम का मुख्य हिस्सा बाबर आजम जिनसे इस मैच को लेकर काफी उम्मीदें लगाई थी, वह सिर्फ 5 रन ही मुकाबले में बनाने में कामयाब हो सके।



